
नारी डेस्क: हाल ही में सोशल मीडिया पर एक्टर राजकुमार राव के बढ़े हुए वजन और बदले हुए लुक को लेकर काफी चर्चा हो रही थी। कुछ लोगों ने उन्हें ट्रोल करते हुए कहा कि वह मोटे और उम्रदराज़ दिखने लगे हैं। अब इस पर खुद राजकुमार राव ने खुलकर जवाब दिया है।
फिल्म ‘निकम’ के लिए बढ़ाया वजन
राजकुमार राव ने बताया कि उन्होंने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘निकम’ के लिए जानबूझकर वजन बढ़ाया है। इस फिल्म में वह मशहूर लोक अभियोजक उज्ज्वल निकम का किरदार निभा रहे हैं। उज्ज्वल निकम भारत सरकार की ओर से कई अहम मामलों में पैरवी कर चुके हैं और जुलाई 2025 में उन्हें राज्यसभा सदस्य नियुक्त किया गया था। राजकुमार ने कहा कि किरदार को पर्दे पर असली और प्रभावशाली दिखाने के लिए उन्होंने अपने शरीर में बदलाव किया।
9-10 किलो बढ़ाया वजन
एक्टर ने बताया कि इस रोल के लिए उन्हें करीब 9 से 10 किलो वजन बढ़ाना पड़ा। इसके लिए उन्होंने अपनी डाइट में खुलकर बदलाव किया। वह दो-दो पिज्जा, ढेर सारी मिठाइयां, आलू के पराठे और बिरयानी खा रहे थे। उन्होंने यह भी साफ किया कि वह अपने लुक के लिए किसी आर्टिफिशियल इंस्ट्रूमेंट या ग्लैमरस ट्रिक्स का इस्तेमाल नहीं करते। अगर मेहनत से लुक हासिल किया जा सकता है, तो वही तरीका अपनाते हैं।
पहले भी किए हैं बड़े बदलाव
राजकुमार राव पहले भी अपने किरदारों के लिए शरीर में बड़े बदलाव कर चुके हैं। फिल्म ‘ट्रैप्ड’ के लिए उन्होंने काफी वजन कम किया था। ‘बोस’ के लिए उन्होंने आधा गंजा लुक अपनाया था। ‘श्रीकांत’ की शूटिंग के दौरान वह कैमरा बंद होने पर भी अपने किरदार में ही रहते थे। अब ‘निकम’ के लिए उन्होंने वजन बढ़ाया और खुद को उम्रदराज़ दिखाने के लिए बाल भी पतले कराए, जबकि उनके हेयर स्टाइलिस्ट इसके खिलाफ थे।

अब करेंगे फिर से ट्रांसफॉर्मेशन
राजकुमार राव ने बताया कि ‘निकम’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है और अब वह अपने अगले प्रोजेक्ट की तैयारी में लग गए हैं। वह जल्द ही क्रिकेटर सौरव गांगुली की बायोपिक में नजर आएंगे। इसके लिए उन्हें फिर से फिटनेस और शरीर में बदलाव करना होगा। राजकुमार ने अपने फैंस से कहा कि वह हमेशा अपने काम के जरिए उनका मनोरंजन करने की पूरी कोशिश करते रहेंगे।