
नारी डेस्क: महाकुंभ में वायरल होने के बाद चर्चा में आई मोनालिसा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। खबरों के मुताबिक, मोनालिसा ने अपने प्रेमी फरमान खान से केरल के एक मंदिर में शादी कर ली है। शादी के बाद दोनों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। शादी के बाद मोनालिसा ने पुलिस से सुरक्षा (प्रोटेक्शन) की मांग भी की है। इस खबर से उनके कई फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के लोग हैरान हैं। खासकर फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा, जिन्होंने मोनालिसा को फिल्मों में आने का मौका दिया था, इस फैसले से काफी नाराज नजर आ रहे हैं।
डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने क्या कहा
जैसे ही सनोज मिश्रा को मोनालिसा की शादी की खबर मिली, उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट लिखकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि यह सिर्फ प्रेम विवाह नहीं है, बल्कि “लव जिहाद” का मामला है। सनोज मिश्रा के अनुसार यह उनकी जिंदगी का सबसे दुखद दिन है और इस खबर से उन्हें गहरा सदमा लगा है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने महाकुंभ में मोनालिसा को देखा था, तो उन्हें उसकी सादगी और पवित्रता बहुत पसंद आई थी। इसी वजह से उन्होंने मोनालिसा को फिल्मों में काम करने के लिए ट्रेनिंग दी और उसे एक हीरोइन के रूप में आगे बढ़ाने की कोशिश की।
विरोधियों पर लगाया आरोप
सनोज मिश्रा ने अपने पोस्ट में यह भी दावा किया कि उनके विरोधियों ने हमेशा उनके काम में रुकावट डालने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि उनके विरोधी वसीम रिजवी ने उन पर झूठे आरोप लगाकर उन्हें जेल भेज दिया था। उनके अनुसार इसका मकसद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित महाकुंभ के आयोजन को बदनाम करना था। सनोज मिश्रा ने कहा कि जेल में रहने के बावजूद उन्होंने अपनी फिल्म की कहानी लिखी और काम जारी रखा।
मोनालिसा की निजी जिंदगी पर भी की बात
अपने पोस्ट में सनोज मिश्रा ने मोनालिसा की निजी जिंदगी के बारे में भी कई बातें लिखीं। उन्होंने दावा किया कि मोनालिसा की पारिवारिक स्थिति काफी कठिन रही है। उनके अनुसार मोनालिसा अपने माता-पिता और भाई से खुश नहीं थीं और अपनी असली मां के लिए ही जीती थीं। उन्होंने यह भी कहा कि मोनालिसा के पिता ने उनकी मां को छोड़कर दूसरी शादी कर ली थी। सनोज के मुताबिक, मोनालिसा अक्सर कहती थीं कि वह एक दिन सबको छोड़कर अपनी मां के पास चली जाएंगी।
मैनेजर पर भी लगाए आरोप
सनोज मिश्रा ने अपने पोस्ट में एक व्यक्ति पर भी आरोप लगाया, जो खुद को मोनालिसा का मैनेजर बताता था। उनका कहना है कि वह व्यक्ति बेरोजगार हो गया था और बाद में दलाली करने लगा। सनोज के अनुसार उसी ने मोनालिसा को बहकाया और दक्षिण भारत में कुछ लोगों के साथ मिलकर साजिश की।
सच्चाई अभी साफ नहीं
फिलहाल यह साफ नहीं है कि सनोज मिश्रा के इन आरोपों में कितनी सच्चाई है। मोनालिसा की शादी को लेकर उनके परिवार की तरह ही डायरेक्टर भी इस रिश्ते के खिलाफ बताए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस पूरे मामले को लेकर लोगों के अलग-अलग रिएक्शन सामने आ रहे हैं।