नारी डेस्क: पंजाबी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस और सिंगर हिमांशी खुराना जिन्हे पंजाब की ऐश्वर्या राय भी कहा जाता हैं। अपनी खूबसूरती और स्टाइल के लिए खूब चर्चा में रहती हैं। उन्हें अक्सर “पंजाब की ऐश्वर्या राय” भी कहा जाता है। जितनी ग्रेसफुल उनकी पर्सनैलिटी है, उतना ही शानदार और क्लासी उनका घर भी है। मुंबई में बना उनका ये आशियाना लग्जरी और सुकून का बेहतरीन मेल दिखाता है, जहां हर चीज बड़े सोच-समझकर सजाई गई है।
बाहर से ही दिखता है सादगी और एलिगेंस का मेल
हिमांशी के घर का बाहरी हिस्सा बेहद सादा लेकिन आकर्षक है। हल्के भूरे रंग की टेक्सचर वाली टाइल्स घर को एक मॉडर्न और साफ-सुथरा लुक देती हैं। वहीं आसपास लगे हरे-भरे पौधे इस जगह में ताजगी और नेचुरल टच जोड़ते हैं। टाइल्स और हरियाली का ये कॉम्बिनेशन घर को शांत और सुकून भरा माहौल देता है।

लिविंग एरिया में झलकता है शाही अंदाज
घर का लिविंग एरिया देखते ही बनता है। यहां लगा गोल्डन झूमर पूरे कमरे की शोभा बढ़ाता है और एक रॉयल फील देता है। क्रीम कलर का सोफा और दीवारों पर लगी सॉफ्ट टोन वाली पेंटिंग्स कमरे को क्लासी और सुकून भरा बनाती हैं। साथ ही, डार्क फ्लोरिंग और स्टाइलिश सेंटर टेबल इस स्पेस को और भी आकर्षक बना देते हैं।
लेदर सोफा और आर्टवर्क से मिला प्रीमियम टच
लिविंग एरिया का एक हिस्सा खास तौर पर ध्यान खींचता है, जहां भूरे रंग का लेदर सोफा रखा गया है। इस सोफे पर बना गोल्डन बॉर्डर इसे और ज्यादा प्रीमियम लुक देता है। दीवार पर लगा मैटेलिक आर्टवर्क इस कोने को मॉडर्न और थोड़ा आर्टिस्टिक फील देता है, जो पूरे माहौल को खास बना देता है।
सादगी में छिपी है असली लग्जरी
घर में सिर्फ भव्यता ही नहीं, बल्कि सादगी भी साफ नजर आती है। एक कोने में रखी गोल्डन साइड टेबल, उस पर सजा यूनिक फूलदान और सफेद फूल बहुत ही फ्रेश और एलिगेंट लुक देते हैं। कम चीजों में भी कैसे खूबसूरती लाई जा सकती है, यह इस हिस्से से साफ समझ आता है।
आर्ट गैलरी जैसा दिखता है घर का यह हिस्सा
घर का एक हिस्सा किसी आर्ट गैलरी से कम नहीं लगता। लकड़ी के पैनल के साथ दीवार पर लगी गोलाकार पेंटिंग्स बहुत ही स्टाइलिश दिखती हैं। ऊपर लगी स्पॉटलाइट्स इन पेंटिंग्स को और उभारती हैं, जिससे पूरा एरिया और भी आकर्षक नजर आता है। यह दिखाता है कि सही लाइटिंग और फ्रेमिंग से किसी भी जगह को खास बनाया जा सकता है।

इनबिल्ट शेल्व्स और वार्म लाइटिंग का कमाल
हिमांशी के घर में दीवारों पर बनी इनबिल्ट शेल्व्स में वार्म लाइटिंग का इस्तेमाल किया गया है, जो पूरे घर को एक आरामदायक और लग्जरी फील देती है। इन शेल्व्स पर सजे छोटे-छोटे शोपीस और डेकोरेटिव आइटम्स घर की खूबसूरती को और बढ़ाते हैं। भारी पर्दे और मॉडर्न पेंटिंग्स इस जगह को रॉयल टच देते हैं।
ड्रेसिंग एरिया देता है शोरूम जैसा एहसास
उनका ड्रेसिंग एरिया या वॉक-इन क्लोसेट भी किसी लग्जरी शोरूम से कम नहीं है। लकड़ी के टेक्सचर वाली अलमारियां और कांच के दरवाजे इसे मॉडर्न बनाते हैं। अंदर लगी स्मार्ट लाइटिंग जूतों और एक्सेसरीज को खूबसूरती से हाईलाइट करती है। डार्क मार्बल फ्लोरिंग और न्यूट्रल दीवारें इस जगह को और भी क्लासी बनाती हैं। हिमांशी अपने घर में हर साल भगवान गणेश की स्थापना करती हैं। इस दौरान पूरे एरिया को फूलों और दीयों से सजाया जाता है, जो एक अलग ही सुकून और सकारात्मक माहौल बनाता है। पीले-नारंगी फूलों की सजावट और दीयों की रोशनी घर में भक्ति का माहौल बना देती है।
त्योहारों पर खास सजावट का अंदाज
दिवाली जैसे त्योहारों पर घर की सजावट और भी खास हो जाती है। स्टोन टेक्सचर वाली दीवारें, बुद्ध की प्रतिमा और छोटा सा फव्वारा इस जगह को शांत और आध्यात्मिक बनाते हैं। फर्श पर बनी रंगोली, दीये और पौधों से सजा कोना घर को एकदम अलग और खूबसूरत रूप दे देता है।

हिमांशी खुराना का घर सिर्फ एक आलीशान मकान नहीं, बल्कि उनकी पर्सनैलिटी का आईना है। यहां हर कोना सोच-समझकर सजाया गया है, जहां लग्जरी के साथ सादगी और सुकून का भी खास ध्यान रखा गया है। उनके घर से आप आसानी से कई होम डेकोर आइडियाज ले सकते हैं, जो आपके घर को भी खास बना सकते हैं।