07 MAYTHURSDAY2026 5:02:53 PM
Nari

प्रियंका चोपड़ा के 188 करोड़ के घर का मंदिर क्यों है इतना खास? देखें घर की इनसाइड Photos

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 07 May, 2026 04:15 PM
प्रियंका चोपड़ा के 188 करोड़ के घर का मंदिर क्यों है इतना खास? देखें घर की इनसाइड Photos

नारी डेस्क: प्रियंका चोपड़ा भले ही आज हॉलीवुड में अपनी खास पहचान बना चुकी हों, लेकिन अपनी भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक जुड़ाव को उन्होंने हमेशा बेहद खूबसूरती से संजोकर रखा है। हाल ही में प्रियंका ने अपने लॉस एंजिल्स स्थित आलीशान घर के मंदिर की कुछ झलकियां साझा कीं, जिन्हें देखकर फैंस काफी प्रभावित नजर आए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रियंका का यह शानदार घर करीब 20 मिलियन डॉलर यानी भारतीय मुद्रा में लगभग 188 करोड़ रुपये का बताया जाता है। लेकिन इस भव्य बंगले में सबसे ज्यादा ध्यान खींच रहा है उनका बेहद शांत, सादगी भरा और आध्यात्मिक माहौल से सजा होम टेंपल।

सफेद थीम ने दिया मंदिर को शांत और पॉजिटिव लुक

प्रियंका चोपड़ा के घर का मंदिर पूरी तरह सफेद रंग की थीम पर तैयार किया गया है। मंदिर में स्थापित भगवान शिव की बड़ी सफेद प्रतिमा पूरे स्पेस को बेहद शांत और पॉजिटिव वाइब देती है। सफेद रंग न सिर्फ जगह को ज्यादा खुला और क्लीन दिखाता है, बल्कि मन को भी सुकून देता है। यही वजह है कि आजकल मॉडर्न घरों और छोटे फ्लैट्स में भी लोग वाइट या क्रीम कलर के मंदिर डिजाइन को काफी पसंद कर रहे हैं।

PunjabKesari

भगवान शिव की मूर्ति बनी आकर्षण का केंद्र

मंदिर की सबसे खास चीज है भगवान शिव की भव्य मूर्ति, जो पूरे स्पेस को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देती है। मूर्ति की सादगी और उसके आसपास की सजावट मंदिर को एक मॉडर्न लेकिन पारंपरिक एहसास देती है। यह डिजाइन इस बात का खूबसूरत उदाहरण है कि आधुनिक घरों में भी भारतीय संस्कृति को बेहद एलिगेंट तरीके से शामिल किया जा सकता है।

प्राकृतिक फूलों ने बढ़ाई मंदिर की खूबसूरती

तस्वीरों में शिव जी की प्रतिमा के आसपास गहरे गुलाबी रंग के बोगनवेलिया के फूल सजाए गए हैं, जो सफेद बैकग्राउंड के साथ बेहद खूबसूरत कंट्रास्ट बना रहे हैं। ताजे फूलों का इस्तेमाल मंदिर में पॉजिटिव एनर्जी और ताजगी का एहसास कराता है। अगर आप भी अपने घर में मंदिर सजाना चाहते हैं, तो आर्टिफिशियल डेकोरेशन की जगह प्राकृतिक फूलों का इस्तेमाल कर सकते हैं।

PunjabKesari

ये भी पढ़ें: क्या है हंता वायरस, जिसने ली 3 लोगों की जान? ऐसे पहचानें इसके लक्षण

पीतल और चांदी के सामान ने दिया रॉयल टच

प्रियंका के मंदिर में पारंपरिक भारतीय सजावट की झलक भी साफ दिखाई देती है। मंदिर में चांदी के गणेश जी और पीतल के पूजा बर्तन रखे गए हैं, जो पूरे स्पेस को एक रॉयल और एथनिक फील देते हैं। आजकल मॉडर्न इंटीरियर में भी पीतल की घंटियां, दीये और तांबे के कलश काफी ट्रेंड में हैं। ये चीजें मंदिर को खूबसूरत बनाने के साथ-साथ भारतीय परंपरा से जुड़ाव भी दिखाती हैं।

लाइटिंग और एम्बिएंस ने बनाया सुकून भरा माहौल

मंदिर के आसपास लगी हल्की रोशनी, जलते दीये और लंबी मोमबत्तियां पूरे माहौल को बेहद शांत और पॉजिटिव बना रही हैं। प्रियंका के घर की बड़ी खिड़कियों से आती प्राकृतिक रोशनी मंदिर की खूबसूरती को और बढ़ा देती है। अगर घर में पूजा का कोना बनाना चाहते हैं, तो तेज सफेद रोशनी की जगह वार्म येलो लाइट या कैंडल लाइट का इस्तेमाल बेहतर विकल्प हो सकता है। इससे ध्यान और प्रार्थना के दौरान मन ज्यादा शांत रहता है।

PunjabKesari

मॉडर्न घर में भी पारंपरिक मंदिर का खूबसूरत कॉन्सेप्ट

प्रियंका का मंदिर किसी बंद कमरे में नहीं, बल्कि घर के खुले और हवादार हिस्से में बनाया गया है। इसकी आर्क शेप डिजाइन पुराने भारतीय मंदिरों की याद दिलाती है, लेकिन उसमें मॉडर्न टच भी साफ दिखाई देता है। अगर घर में अलग पूजा रूम नहीं है, तो लिविंग एरिया के किसी शांत कोने को पार्टिशन या कर्व्ड डिजाइन के जरिए मंदिर का रूप दिया जा सकता है।

मिनिमल डेकोर बना सबसे खास हिस्सा

प्रियंका के मंदिर की सबसे बड़ी खासियत उसका मिनिमल और क्लटर-फ्री डेकोर है। वहां जरूरत से ज्यादा मूर्तियां या सजावटी सामान नहीं रखा गया, जिससे मंदिर साफ, सादा और बेहद एलिगेंट नजर आता है। आजकल मिनिमलिज्म इंटीरियर डिजाइन का बड़ा ट्रेंड बन चुका है और प्रियंका का मंदिर इसका बेहतरीन उदाहरण माना जा सकता है।
PunjabKesari


 

Related News