नारी डेस्क: आजकल मेकअप हर लड़की की डेली लाइफ का हिस्सा बन चुका है। लेकिन जब महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स टूट जाएं, सूख जाएं या सही से इस्तेमाल न हो पाएं, तो दिल भी टूट जाता है और जेब पर भी असर पड़ता है। ऐसे में अगर आप हर बार नया प्रोडक्ट खरीदने की बजाय थोड़ा स्मार्ट सोचें, तो पुराने मेकअप को ही नए तरीके से इस्तेमाल कर सकती हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही 5 आसान DIY मेकअप हैक्स, जो आपके प्रोडक्ट्स को नया जीवन देंगे।
टूटी लिपस्टिक से बनाएं क्रीम ब्लश
अगर आपकी पसंदीदा लिपस्टिक बीच से टूट गई है या खत्म होने वाली है, तो उसे फेंकने की जरूरत नहीं है। लिपस्टिक के बचे हुए हिस्से को किसी छोटे कंटेनर में निकाल लें और उसमें 2-3 बूंद फेस सीरम या मॉइश्चराइज़र मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें। यह तैयार मिश्रण एक शानदार क्रीम ब्लश की तरह काम करेगा। इसे गालों पर लगाने से नैचुरल और हाइड्रेटेड ग्लो मिलता है, और अलग से ब्लश खरीदने की जरूरत भी नहीं पड़ती।

सूखे कंसीलर से बनाएं लाइट स्किन टिंट
अक्सर कंसीलर समय के साथ सूखकर पैची दिखने लगता है, जिससे उसे लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में उसे फेंकने की बजाय उसमें कुछ बूंदें एलोवेरा जेल या अपना डेली मॉइश्चराइज़र डालें और अच्छे से मिक्स कर लें। इससे आपको एक हल्का ‘स्किन टिंट’ या BB क्रीम जैसा प्रोडक्ट मिल जाएगा, जो रोजाना के लिए परफेक्ट है और चेहरे को बिना भारी मेकअप के इवन टोन देता है।
सूखे मस्कारा को करें दोबारा इस्तेमाल लायक
मस्कारा जल्दी सूख जाना एक आम समस्या है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह बेकार हो गया है। मस्कारा ट्यूब में 2-3 बूंद कॉन्टैक्ट लेंस सॉल्यूशन या आई ड्रॉप्स डालें और ट्यूब को बंद करके हल्के हाथों से रगड़ें।इससे मस्कारा दोबारा स्मूद हो जाएगा और पहले की तरह आसानी से पलकों पर लगने लगेगा। यह छोटा सा हैक आपको बार-बार नया मस्कारा खरीदने से बचा सकता है।
टूटे आईशैडो से बनाएं कस्टम नेल पेंट
आईशैडो पैलेट का गिरकर टूट जाना काफी निराशाजनक होता है। लेकिन आप इसे क्रिएटिव तरीके से दोबारा इस्तेमाल कर सकती हैं। टूटे हुए आईशैडो को बारीक पाउडर बना लें और उसे क्लियर नेल पॉलिश में मिला दें। इससे आपको एक नया, यूनिक और शिमरी नेल पेंट शेड मिलेगा, जिसे आप अपनी पसंद के हिसाब से कस्टमाइज भी कर सकती हैं।
वैसलीन और आईशैडो से बनाएं टिंटेड लिप बाम
अगर आपकी लिपस्टिक का शेड बहुत बोल्ड है और आप उसे रोजाना इस्तेमाल नहीं कर पातीं, तो इसे टिंटेड लिप बाम में बदल सकती हैं। इसके लिए थोड़ी सी वैसलीन या पेट्रोलियम जेली में आईशैडो या लिपस्टिक का थोड़ा सा हिस्सा मिलाएं। यह आपके होंठों को हल्का रंग देने के साथ-साथ उन्हें मॉइश्चराइज भी करेगा, जिससे आपको एक सॉफ्ट और नैचुरल लुक मिलेगा।

समझदारी से करें मेकअप का इस्तेमाल
थोड़ी सी समझदारी और इन आसान DIY हैक्स की मदद से आप अपने पुराने या खराब हो चुके मेकअप प्रोडक्ट्स को दोबारा इस्तेमाल में ला सकती हैं। इससे न केवल आपका पैसा बचेगा, बल्कि आप अपने पसंदीदा प्रोडक्ट्स को ज्यादा समय तक यूज भी कर पाएंगी। अगली बार कोई मेकअप प्रोडक्ट खराब हो, तो उसे फेंकने से पहले एक बार इन ट्रिक्स को जरूर आजमाएं।