01 NOVSUNDAY2026 4:45:32 AM
Nari

जया किशोरी ने बताया रिश्ते में क्यों कम होने लगता है प्यार, रहेगा हमेंशा प्यार अगर ध्यान से सुन लें ये बात

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 31 Oct, 2026 04:28 PM
जया किशोरी ने बताया रिश्ते में क्यों कम होने लगता है प्यार, रहेगा हमेंशा प्यार अगर ध्यान से सुन लें ये बात

नारी डेस्क: किसी भी रिश्ते में प्यार बनाए रखने के लिए सिर्फ एक-दूसरे के साथ रहना ही काफी नहीं होता, बल्कि समय-समय पर अपनी भावनाएं जताना और छोटी-छोटी कोशिशें करना भी जरूरी है। अक्सर देखा जाता है कि शादी के शुरुआती दिनों में पति-पत्नी एक-दूसरे का खूब ध्यान रखते हैं। सुबह उठकर गुड मॉर्निंग कहना, दिनभर का हाल पूछना और साथ में वक्त बिताना उनकी आदत का हिस्सा होता है। लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता है, ये छोटी-छोटी बातें कम होने लगती हैं। घर और काम की जिम्मेदारियों के बीच कई बार कपल्स एक-दूसरे को समय देना भी भूल जाते हैं। मोटिवेशनल स्पीकर और कथावाचक जया किशोरी ने रणवीर इलाहाबादिया के पॉडकास्ट में इसी बात को समझाते हुए बताया कि रिश्ते में प्यार बनाए रखने के लिए कोशिशें कभी बंद नहीं करनी चाहिए।

शादी के बाद क्यों कम होने लगती हैं कोशिशें?

जया किशोरी के मुताबिक, लोग अक्सर घर से बाहर के लोगों को खुश रखने और उनके लिए समय निकालने की कोशिश करते हैं, लेकिन अपने ही घर में रहने वाले पार्टनर के लिए ऐसा करना भूल जाते हैं। शादी के शुरुआती दिनों में कपल्स एक-दूसरे से खूब बातें करते हैं और छोटी-छोटी बातों का भी ध्यान रखते हैं। लेकिन कुछ समय बाद उन्हें लगने लगता है कि अब तो पार्टनर उनके साथ ही रहता है और उसे सब पता है। इसी सोच के कारण धीरे-धीरे प्यार जताने और एक-दूसरे के लिए कोशिश करने की आदत कम होने लगती है। हालांकि, किसी के साथ रहने का मतलब यह नहीं है कि उसे खास महसूस कराना छोड़ दिया जाए। रिश्ते को मजबूत बनाए रखने के लिए दोनों को एक-दूसरे के प्रति अपना प्यार और अपनापन जताते रहना चाहिए।

गुड मॉर्निंग कहना और हाल पूछना भी है जरूरी

जया किशोरी ने पार्टनर को गुड मॉर्निंग कहने और उसका हाल पूछने जैसी छोटी बातों को भी जरूरी बताया। कई लोग शादी के बाद इन बातों को ज्यादा अहमियत नहीं देते। उन्हें लगता है कि पार्टनर तो पहले से ही जानता है कि वे उससे कितना प्यार करते हैं। लेकिन जब रोजमर्रा की जिंदगी में ऐसी छोटी कोशिशें बंद हो जाती हैं, तो रिश्ते में खालीपन महसूस हो सकता है। दिन में एक बार प्यार से हाल पूछ लेना, सुबह मुस्कुराकर बात करना या कुछ मिनट साथ बैठना भी पार्टनर को खास महसूस करा सकता है। इसके लिए किसी महंगे तोहफे या बड़े सरप्राइज की जरूरत नहीं होती। कई बार छोटी-छोटी बातें ही रिश्ते में खुशियां बनाए रखती हैं।

ये भी पढ़ें:  संजय गुप्ता अपने पीछे छोड़ गए हंसता-खेलता परिवार, पत्नी से की थी दोबारा शादी

पार्टनर को कभी महसूस न होने दें कि प्यार कम हो गया है

कई बार लोग अपने मन में पार्टनर के लिए बहुत प्यार रखते हैं, लेकिन उसे जाहिर नहीं करते। उन्हें लगता है कि सामने वाला उनकी भावनाएं समझता है और बार-बार बताने की जरूरत नहीं है। लेकिन रिश्ते में सिर्फ प्यार होना ही नहीं, बल्कि उसे जताना भी जरूरी है। अगर आप अपने पार्टनर से प्यार करते हैं, तो उसकी तारीफ करें और उसे बताएं कि वह आपके लिए कितना खास है। उसकी बातों को ध्यान से सुनें, उसकी परेशानियों को समझें और जरूरत पड़ने पर उसका साथ दें। ये छोटी कोशिशें पार्टनर को भरोसा दिलाती हैं कि वह आज भी आपकी जिंदगी में उतना ही मायने रखता है।

बच्चे होने के बाद भी पति-पत्नी अपने रिश्ते को दें समय

बच्चे के जन्म के बाद पति-पत्नी की जिंदगी में कई बदलाव आते हैं। बच्चे की देखभाल, घर की जिम्मेदारियां और ऑफिस के काम के बीच दोनों के लिए एक-दूसरे को समय देना मुश्किल हो सकता है। कई बार पूरा ध्यान बच्चे और परिवार की जरूरतों पर चला जाता है और पति-पत्नी अपने रिश्ते को पीछे छोड़ देते हैं।

PunjabKesari

ऐसे समय में अपने रिश्ते को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। बच्चे की परवरिश जितनी जरूरी है, उतना ही जरूरी पति-पत्नी का एक-दूसरे के साथ जुड़ाव बनाए रखना भी है। दिन में कुछ देर साथ बैठकर बात करना, एक-दूसरे का हाल पूछना या बिना मोबाइल के कुछ समय बिताना रिश्ते को बेहतर बना सकता है। जरूरी नहीं कि हर दिन बाहर जाने या कोई खास प्लान बनाने की जरूरत हो। एक-दूसरे को समय देना और उनकी बात सुनना भी काफी मायने रखता है।

रिश्ते में प्यार बनाए रखने के लिए अपनाएं ये छोटी आदतें

जया किशोरी की बातों से यही सीख मिलती है कि किसी भी रिश्ते में प्यार और अपनापन बनाए रखने के लिए लगातार कोशिश करना जरूरी है। पार्टनर की पसंद-नापसंद का ध्यान रखें, उसकी तारीफ करें और दिनभर की थकान के बाद उसका हाल जरूर पूछें। कभी साथ बैठकर चाय पी लें या बिना किसी वजह के कुछ देर बातें कर लें। ऐसी छोटी आदतें रिश्ते में नजदीकियां बनाए रखने में मदद कर सकती हैं।

शादी को कुछ महीने हुए हों या कई साल, एक-दूसरे को खास महसूस कराने की जरूरत कभी खत्म नहीं होती। आखिरकार, रिश्ते की खूबसूरती सिर्फ साथ रहने में नहीं, बल्कि हर दिन एक-दूसरे को यह एहसास दिलाने में है कि आप आज भी उनके लिए उतने ही खास हैं।
 

Related News