01 NOVSUNDAY2026 2:36:50 AM
Nari

फटे-पुराने जूते घर में रखने की न करें गलती, वास्तु के अनुसार बढ़ सकती हैं ये परेशानियां

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 30 Oct, 2026 02:47 PM
फटे-पुराने जूते घर में रखने की न करें गलती, वास्तु के अनुसार बढ़ सकती हैं ये परेशानियां

नारी डेस्क: घर की साफ-सफाई करते समय अक्सर हम कई ऐसी चीजों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिनका इस्तेमाल लंबे समय से नहीं हुआ होता। इनमें पुराने, टूटे और फटे जूते-चप्पल भी शामिल हैं। कई लोग इन्हें यह सोचकर घर में संभालकर रख लेते हैं कि कभी काम आ जाएंगे। लेकिन वास्तु शास्त्र में बेकार और गंदे जूते-चप्पलों को घर में जमा करके रखना अच्छा नहीं माना जाता। वास्तु मान्यताओं के अनुसार, जूतों का संबंध शनि ग्रह से माना जाता है। ऐसे में घर में जगह-जगह बिखरे, टूटे और गंदे जूते-चप्पल रखने से नकारात्मक ऊर्जा बढ़ सकती है। मान्यता है कि इसका असर घर के माहौल, सुख-शांति और तरक्की पर भी पड़ता है। वास्तु गुरु मान्या के अनुसार, घर के मुख्य दरवाजे से लेकर जूते रखने की जगह तक साफ-सुथरी होनी चाहिए। आइए जानते हैं कि घर में पुराने जूते-चप्पल रखने से कौन-से वास्तु दोष माने जाते हैं और इन्हें दूर करने के लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं।

घर में पुराने जूते-चप्पल रखने के 6 नुकसान

शनि से जुड़ी परेशानियां बढ़ने की मान्यता

वास्तु और ज्योतिष शास्त्र में जूतों-चप्पलों का संबंध शनि ग्रह से जोड़ा जाता है। मान्यता है कि घर में फटे, गंदे और बेकार जूते जमा करके रखने से शनि से जुड़ी परेशानियां बढ़ सकती हैं। इसके कारण व्यक्ति को अपने कामों में बार-बार रुकावट और मेहनत के बावजूद देरी का सामना करना पड़ सकता है।

PunjabKesari

 राहु-केतु से जुड़ी नकारात्मकता

वास्तु गुरु मान्या के अनुसार, पुराने जूतों में धूल-मिट्टी और गंदगी जमा रहने से घर का वातावरण प्रभावित हो सकता है। वास्तु मान्यताओं में इसे राहु-केतु से जुड़ी नकारात्मक ऊर्जा से भी जोड़ा जाता है। कहा जाता है कि इससे परिवार के सदस्यों के बीच गलतफहमियां, बेचैनी और बेवजह का डर बढ़ सकता है।

ये भी पढ़ें:  डायबिटीज में पैर काले क्यों पड़ने लगते हैं? जानिए कब नजर आते हैं ये गंभीर संकेत

 मां लक्ष्मी के आगमन में रुकावट

घर का मुख्य दरवाजा बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, इसी रास्ते से घर में सकारात्मक ऊर्जा और सुख-समृद्धि का प्रवेश होता है। ऐसे में अगर मुख्य दरवाजे पर पुराने और बेकार जूतों का ढेर लगा हो, तो इसे शुभ नहीं माना जाता। मान्यता है कि इससे घर की बरकत और तरक्की प्रभावित हो सकती है।

घर में तनाव और चिड़चिड़ापन बढ़ना

वास्तु गुरु मान्या का मानना है कि घर में हर तरफ फैली बेकार चीजें माहौल को अस्त-व्यस्त बना सकती हैं। पुराने और गंदे जूते-चप्पल भी इसी का हिस्सा हैं। वास्तु के अनुसार, इनसे घर में नकारात्मकता बढ़ सकती है, जिसका असर परिवार के सदस्यों के व्यवहार और आपसी रिश्तों पर पड़ सकता है।

तरक्की के रास्ते में रुकावट

कई लोग पुराने जूते इस उम्मीद में संभालकर रखते हैं कि कभी न कभी काम आ जाएंगे। लेकिन अगर ये लंबे समय से इस्तेमाल नहीं हो रहे और घर में जगह घेर रहे हैं, तो इन्हें हटाना बेहतर है। वास्तु मान्यताओं के अनुसार, बेकार चीजों का जमाव घर की प्रगति और सकारात्मक ऊर्जा में बाधा बन सकता है।

पलंग के नीचे जूते रखने से बचें

वास्तु गुरु मान्या के अनुसार, पलंग के नीचे टूटे-पुराने जूते रखना भी अच्छा नहीं माना जाता। मान्यता है कि इससे नींद प्रभावित हो सकती है, बुरे सपने आ सकते हैं और पति-पत्नी के रिश्तों में तनाव बढ़ सकता है। इसलिए बिस्तर के नीचे जूते-चप्पल जमा करने से बचना चाहिए।

PunjabKesari

जूते-चप्पल कहां और कैसे रखने चाहिए?

वास्तु के अनुसार, जूते-चप्पल रखने के लिए एक तय जगह होनी चाहिए। इन्हें घर में इधर-उधर बिखेरकर रखने के बजाय जूता रैक या अलमारी में व्यवस्थित तरीके से रखना बेहतर है।

मुख्य दरवाजे के सामने न रखें: घर के मेन गेट के ठीक सामने जूतों का ढेर लगाने से बचें। इससे आने-जाने में भी परेशानी होती है और वास्तु में भी इसे अच्छा नहीं माना जाता।

बाहर पहनने वाले जूते घर में न लाएं: कुछ लोग बाहर इस्तेमाल होने वाले जूतों को घर के अंदर पहनने लगते हैं। वास्तु मान्यता के अनुसार, ऐसा करने से बाहर की गंदगी और नकारात्मकता घर के अंदर आ सकती है।

उल्टे जूते तुरंत सीधे करें: घर में जूते-चप्पल उल्टे पड़े हों, तो उन्हें सीधा करके व्यवस्थित रखें। बिखरे हुए जूते घर की साफ-सफाई और व्यवस्था को बिगाड़ते हैं।

पलंग के नीचे न रखें: जूतों को बेड के नीचे जमा करने के बजाय किसी निर्धारित रैक या अलमारी में रखें।

जूता रैक साफ रखें: जूतों की अलमारी में धूल और गंदगी जमा न होने दें। समय-समय पर इसकी सफाई करें और जूतों को भी साफ रखें।

पुराने जूते-चप्पलों से जुड़ा वास्तु दोष दूर करने के उपाय

अगर आपके घर में भी लंबे समय से पुराने और बेकार जूते-चप्पल रखे हैं, तो उन्हें हटाने के साथ कुछ आसान बातों का ध्यान रख सकते हैं।

 इस्तेमाल न होने वाले जूते घर से हटाएं

जो जूते-चप्पल काफी समय से इस्तेमाल नहीं हो रहे हैं और पहनने लायक भी नहीं बचे, उन्हें घर में जमा करके न रखें। इससे घर में बेवजह सामान इकट्ठा नहीं होगा और जगह भी खाली रहेगी।

 पहनने लायक पुराने जूते दान करें

अगर आपके पास ऐसे पुराने जूते हैं जो अभी भी अच्छी हालत में हैं और किसी के काम आ सकते हैं, तो उन्हें साफ करके जरूरतमंद व्यक्ति को दान कर सकते हैं। वास्तु मान्यताओं में शनिवार के दिन जूते दान करना शनि से जुड़ी परेशानियों को कम करने वाला उपाय माना जाता है।

PunjabKesari

  जूता रैक की नियमित सफाई करें

जूते रखने वाली अलमारी या रैक को समय-समय पर साफ करते रहें। जूतों को भी धूप दिखाएं, ताकि उनमें नमी और बदबू जमा न हो। इससे साफ-सफाई बनी रहती है।

 टूटे जूतों को तुरंत बाहर निकालें

अगर किसी जूते की मरम्मत नहीं हो सकती या वह पूरी तरह खराब हो चुका है, तो उसे घर में रखने का कोई फायदा नहीं है। उसे सही तरीके से कचरे में डाल दें।

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी वास्तु और ज्योतिष से जुड़ी मान्यताओं पर आधारित है।   

 

Related News