30 NOVMONDAY2026 4:05:09 AM
Nari

Lungs Health: फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकती हैं घर में रखी ये 5 चीजें

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 18 Nov, 2026 11:35 AM
Lungs Health: फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकती हैं घर में रखी ये 5 चीजें

 नारी डेस्क:  फेफड़ों को स्वस्थ रखना हमारी सेहत के लिए बेहद जरूरी है, क्योंकि शरीर को ऑक्सीजन पहुंचाने और कार्बन डाइऑक्साइड बाहर निकालने का काम यही करते हैं। आमतौर पर जब भी फेफड़ों की सेहत की बात होती है, तो सबसे पहले वायु प्रदूषण और धुएं का ख्याल आता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि घर के अंदर इस्तेमाल होने वाली कुछ आम चीजें भी सांस से जुड़ी परेशानियां बढ़ा सकती हैं? अलमारी में रखी नेफ्थलीन की गोलियां, मच्छर भगाने वाली कॉइल और सफाई में इस्तेमाल होने वाले केमिकल इसके कुछ उदाहरण हैं। इन चीजों से निकलने वाली गंध, धुआं या बारीक कण कुछ लोगों के लिए परेशानी पैदा कर सकते हैं। खासतौर पर अस्थमा, एलर्जी या सांस से जुड़ी दूसरी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को इनके इस्तेमाल में सावधानी बरतनी चाहिए। आइए डॉक्टर शालिनी सिंह सालुंके (MBBS डॉक्टर और My Expert Doctor की फाउंडर) से जानते हैं कि घर में मौजूद कौन-सी चीजें फेफड़ों को प्रभावित कर सकती हैं और इनसे बचाव कैसे किया जा सकता है।

नेफ्थलीन की गोलियां

कपड़ों को कीड़ों से बचाने के लिए अक्सर अलमारी में नेफ्थलीन की गोलियां रखी जाती हैं। देखने में छोटी लगने वाली इन गोलियों से निकलने वाली गैस और तेज गंध कुछ लोगों के लिए नुकसानदायक हो सकती है। खासकर बंद कमरे या अलमारी के आसपास लंबे समय तक इनकी गंध रहने से सिरदर्द, मतली और सांस लेने में परेशानी महसूस हो सकती है। नेफ्थलीन की गोलियों को बच्चों और पालतू जानवरों की पहुंच से दूर रखें। इनका इस्तेमाल करते समय पैकेट पर दिए गए निर्देशों का पालन करें और कमरे में हवा आने-जाने की व्यवस्था रखें। अस्थमा के मरीजों को तेज गंध से परेशानी होती है तो इनके इस्तेमाल से बचना बेहतर है।

PunjabKesari

घर की सीलन और फफूंद

कई बार घर की दीवारों, छत, बाथरूम या अलमारी के कोनों में सीलन आ जाती है। लोग अक्सर इसे मामूली समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन नमी वाली जगहों पर फफूंद यानी मोल्ड पनप सकता है। इसके छोटे-छोटे कण हवा में फैलकर सांस के जरिए शरीर में पहुंच सकते हैं। इससे कुछ लोगों को छींक, खांसी, नाक बंद होने और एलर्जी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अस्थमा के मरीजों में फफूंद के संपर्क से सांस की परेशानी भी बढ़ सकती है। घर में सीलन की वजह पता करके उसे जल्द ठीक करवाएं। बाथरूम और रसोई को सूखा रखें, जहां संभव हो वहां एग्जॉस्ट फैन का इस्तेमाल करें और फफूंद को साफ करवाते समय सावधानी बरतें।

मच्छर भगाने वाली कॉइल और स्प्रे

मच्छरों से बचने के लिए घरों में कॉइल, लिक्विड वेपराइजर और स्प्रे का इस्तेमाल आम है। हालांकि, इनसे निकलने वाला धुआं या केमिकल कुछ लोगों की सांस से जुड़ी परेशानी बढ़ा सकते हैं। खासकर बंद कमरे में मच्छर भगाने वाली कॉइल जलाने से धुआं लंबे समय तक हवा में बना रह सकता है। इससे कुछ लोगों को खांसी, गले में जलन या सांस लेने में परेशानी हो सकती है। अस्थमा और एलर्जी से परेशान लोगों को इसके संपर्क में आने पर ज्यादा दिक्कत महसूस हो सकती है। मच्छर भगाने वाली कॉइल को बंद कमरे में लंबे समय तक न जलाएं। खिड़कियां खुली रखें और जहां संभव हो मच्छरदानी या खिड़कियों पर जाली जैसे विकल्प अपनाएं। किसी भी रिपेलेंट का इस्तेमाल उसके निर्देशों के अनुसार ही करें।

ये भी पढ़ें:  रामायण' के लक्ष्मण सुनील लहरी ने गिनाईं फिल्म की कमियां, बोले- इस चीज़ की कमी

फिनाइल और दूसरे क्लीनिंग प्रोडक्ट्स

घर को साफ रखने के लिए फिनाइल, फ्लोर क्लीनर और दूसरे केमिकल वाले प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल किया जाता है। इनकी तेज गंध कुछ लोगों को परेशान कर सकती है। इनके संपर्क में आने से नाक और गले में जलन, खांसी या सांस लेने में दिक्कत महसूस हो सकती है। खासकर सफाई के दौरान जब कमरे की खिड़कियां और दरवाजे बंद रहते हैं, तब इनकी गंध और केमिकल हवा में ज्यादा देर तक रह सकते हैं। सफाई करते समय खिड़कियां और दरवाजे खुले रखें, ताकि हवा आती-जाती रहे। क्लीनिंग प्रोडक्ट्स को आपस में कभी न मिलाएं, खासकर ब्लीच को दूसरे क्लीनर के साथ मिलाने से खतरनाक गैस बन सकती है। जरूरत से ज्यादा केमिकल का इस्तेमाल भी न करें।

PunjabKesari

अगरबत्ती और धूपबत्ती का धुआं

पूजा-पाठ के दौरान घरों में अगरबत्ती और धूपबत्ती जलाना आम परंपरा है। लेकिन इनके जलने से निकलने वाला धुआं हवा में बारीक कण छोड़ता है। बंद कमरे में लगातार अगरबत्ती या धूप जलाने से कुछ लोगों को आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। अस्थमा या सांस से जुड़ी समस्या वाले लोगों को इस धुएं से खासतौर पर सावधान रहना चाहिए। अगरबत्ती और धूपबत्ती जलाते समय कमरे में वेंटिलेशन रखें। इन्हें लंबे समय तक या बहुत ज्यादा मात्रा में न जलाएं। अगर धुएं से खांसी या सांस की परेशानी होती है, तो इनका इस्तेमाल बंद कर दें।

अस्थमा के मरीज इन बातों का रखें खास ध्यान

अगर आपको अस्थमा या सांस से जुड़ी कोई दूसरी बीमारी है, तो घर के अंदर की हवा को साफ रखना जरूरी है। तेज गंध, धुआं, फफूंद और धूल से दूरी बनाए रखें। घर में नमी जमा न होने दें और सफाई करते समय पर्याप्त हवा आने-जाने की व्यवस्था रखें। अगर किसी चीज के संपर्क में आने के बाद बार-बार खांसी, सीने में जकड़न, घरघराहट या सांस फूलने जैसी समस्या होती है, तो डॉक्टर से सलाह लें। सांस लेने में बहुत ज्यादा परेशानी हो या बोलने में दिक्कत होने लगे, तो तुरंत चिकित्सा सहायता लें। इन चीजों का असर हर व्यक्ति पर एक जैसा नहीं होता। लेकिन अस्थमा और एलर्जी से परेशान लोगों के लिए इनके संपर्क को कम रखना फायदेमंद हो सकता है। घर के अंदर की हवा को साफ और हवादार रखना फेफड़ों की सेहत का ख्याल रखने का एक जरूरी कदम है।  

 

Related News