29 NOVSUNDAY2026 4:30:21 PM
Nari

बड़ी हो रही बेटी को इन बदलावों के लिए ऐसे करें तैयार, हर मां को जाननी चाहिए ये बातें

  • Edited By Monika,
  • Updated: 27 Nov, 2026 04:26 PM
बड़ी हो रही बेटी को इन बदलावों के लिए ऐसे करें तैयार, हर मां को जाननी चाहिए ये बातें

नारी डेस्क : बचपन से किशोरावस्था की ओर बढ़ना हर बच्चे की जिंदगी का एक अहम पड़ाव होता है। इस दौरान शरीर में कई तरह के शारीरिक और मानसिक बदलाव आते हैं। खासकर लड़कियों में स्तनों का विकास, शरीर पर बाल आना, चेहरे पर मुंहासे और पीरियड्स की शुरुआत जैसे बदलाव दिखाई देने लगते हैं। कई बार बच्चियां इन बदलावों को लेकर घबरा जाती हैं या उन्हें समझ नहीं आता कि उनके शरीर में ऐसा क्यों हो रहा है। आमतौर पर लड़कियों में प्यूबर्टी यानी यौवनावस्था की शुरुआत 8 से 13 साल के बीच होती है। कुछ लड़कियों में यह प्रक्रिया इससे पहले भी शुरू हो सकती है। ऐसे में माता-पिता की जिम्मेदारी है कि वे अपनी बेटी को पहले से ही इन बदलावों के बारे में समझाएं, ताकि वह बिना किसी डर और झिझक के इस नए दौर को अपना सके।

क्या है प्रारंभिक यौवन (Early Puberty)?

यौवनावस्था वह प्रक्रिया है जिसमें बच्चे का शरीर धीरे-धीरे वयस्क होने की दिशा में विकसित होता है। इस दौरान हार्मोनल बदलावों के कारण शरीर में कई परिवर्तन होते हैं। लड़कियों में आमतौर पर 8 से 13 साल और लड़कों में 9 से 14 साल के बीच यौवनावस्था की शुरुआत होती है। अगर किसी लड़की में 8 साल की उम्र से पहले यौवन के लक्षण दिखाई देने लगें, तो इसे प्रीकोशियस प्यूबर्टी यानी प्रारंभिक यौवन कहा जाता है। वहीं, लड़कों में 9 साल से पहले ऐसे बदलाव होना प्रारंभिक यौवन की श्रेणी में आता है। ध्यान देने वाली बात यह है कि हर बच्चे का शारीरिक विकास एक जैसा नहीं होता। इसलिए उम्र के साथ-साथ बदलावों की गति और अन्य लक्षणों को भी समझना जरूरी है।

PunjabKesari

लड़कियों में प्यूबर्टी के दौरान दिखते हैं ये बदलाव

किशोरावस्था में प्रवेश करते समय लड़कियों के शरीर में कई तरह के बदलाव दिखाई देते हैं। इनमें प्रमुख हैं:
स्तनों का विकास: यह लड़कियों में यौवनावस्था का शुरुआती संकेत हो सकता है। शुरुआत में स्तनों के नीचे छोटी गांठ जैसी बनावट महसूस हो सकती है।
शरीर पर बाल आना: बगलों और प्राइवेट पार्ट के आसपास बाल आने लगते हैं।
हाइट तेजी से बढ़ना: इस उम्र में बच्चियों की लंबाई तेजी से बढ़ सकती है।
पीरियड्स की शुरुआत: शरीर के विकास के साथ मासिक धर्म शुरू हो जाता है। आमतौर पर स्तनों के विकास के करीब 2 साल बाद पहला पीरियड आता है।
मुंहासे और पसीना: हार्मोनल बदलावों के कारण चेहरे पर कील-मुंहासे, शरीर से पसीने की गंध और त्वचा में बदलाव आ सकते हैं।
मूड स्विंग्स: बच्चियां कभी चिड़चिड़ापन, कभी उदासी तो कभी ज्यादा खुशी महसूस कर सकती हैं।

यें भी पढ़ें : फैटी लिवर की दुश्मन हैं ये 5 हरी सब्जियां, खाते ही घटने लगेगा फैट और सूजन

समय से पहले प्यूबर्टी आने के क्या हो सकते हैं कारण?

आनुवंशिक कारण: अगर परिवार में मां या अन्य महिला सदस्यों में कम उम्र में यौवनावस्था शुरू होने का इतिहास रहा है, तो बच्ची में भी इसके जल्दी शुरू होने की संभावना हो सकती है। परिवार की आनुवंशिक बनावट शरीर के विकास की टाइमिंग को प्रभावित कर सकती है।
मोटापे की समस्या: कुछ शोधों में बचपन के मोटापे और लड़कियों में अपेक्षाकृत जल्दी यौवन शुरू होने के बीच संबंध पाया गया है। शरीर में अतिरिक्त फैट और हार्मोनल गतिविधियां इस प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती हैं। इसलिए बच्चों को संतुलित आहार और शारीरिक गतिविधियों की आदत डालना जरूरी है।
हार्मोनल असंतुलन: कभी-कभी दिमाग में मौजूद हाइपोथैलेमस और पिट्यूटरी ग्लैंड या अंडाशय और एड्रिनल ग्लैंड से जुड़ी समस्याओं के कारण भी समय से पहले यौवनावस्था शुरू हो सकती है। कुछ दुर्लभ मामलों में ट्यूमर या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी इसकी वजह बन सकती हैं।
दवाओं और हार्मोन वाले उत्पादों का संपर्क: एस्ट्रोजन या टेस्टोस्टेरोन वाले कुछ हार्मोनल प्रोडक्ट्स, क्रीम या दवाओं के संपर्क में आने से भी बच्चों के शरीर में समय से पहले यौन विकास के लक्षण दिखाई दे सकते हैं। इसलिए ऐसी चीजों को बच्चों की पहुंच से दूर रखना चाहिए।
पर्यावरण का प्रभाव: कुछ शोधों में प्लास्टिक और कॉस्मेटिक उत्पादों में मौजूद थैलेट्स और बिस्फेनॉल जैसे केमिकल्स के हार्मोन सिस्टम पर संभावित प्रभावों का अध्ययन किया गया है। हालांकि, इन रसायनों को सीधे तौर पर प्रारंभिक यौवन का कारण साबित करने के लिए अभी पर्याप्त प्रमाण नहीं हैं।

PunjabKesari

बड़ी होती बेटी को इन बदलावों के लिए ऐसे करें तैयार

बेटी से खुलकर करें बातचीत

बेटी को उसके शरीर में होने वाले बदलावों के बारे में पहले से बताएं। उसे समझाएं कि स्तनों का विकास, शरीर पर बाल आना और पीरियड्स शुरू होना बड़े होने की सामान्य प्रक्रिया है। बातचीत के दौरान ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करें जिन्हें बच्ची आसानी से समझ सके। उसे यह भरोसा भी दिलाएं कि वह अपनी किसी भी परेशानी या सवाल के बारे में आपसे खुलकर बात कर सकती है।

पीरियड्स के बारे में पहले से दें जानकारी

बेटी को पहला पीरियड आने से पहले ही मासिक धर्म के बारे में समझाएं। उसे बताएं कि इस दौरान शरीर से ब्लीडिंग होना सामान्य है और इससे डरने या शर्मिंदा होने की जरूरत नहीं है। साथ ही सैनिटरी पैड का इस्तेमाल, उसे समय पर बदलना और साफ-सफाई रखना भी सिखाएं। उसके स्कूल बैग में एक छोटा पीरियड किट रखना भी अच्छा विकल्प है।

यें भी पढ़ें : सिर्फ पैर के अंगूठे में नहीं, इन जोड़ों को भी निशाना बना सकता है Uric Acid

भावनात्मक रूप से दें पूरा साथ

प्यूबर्टी के दौरान हार्मोनल बदलावों के कारण बच्चियों के व्यवहार और भावनाओं में उतार-चढ़ाव आ सकता है। कभी वे छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो सकती हैं तो कभी बिना किसी स्पष्ट वजह के उदास महसूस कर सकती हैं। ऐसे में उन्हें डांटने या उनकी भावनाओं को नजरअंदाज करने की बजाय प्यार से समझें। उनकी बात सुनें और उन्हें भावनात्मक सुरक्षा दें।

PunjabKesari

शरीर को लेकर न पैदा होने दें झिझक

इस उम्र में बच्चियां अपने शरीर की तुलना दूसरी लड़कियों से करने लगती हैं। किसी का कद जल्दी बढ़ता है तो किसी के स्तनों का विकास पहले शुरू होता है। बेटी को समझाएं कि हर बच्चे का शरीर अलग तरीके से विकसित होता है। उसे अपने शरीर को लेकर शर्मिंदा महसूस न होने दें और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद करें।

संतुलित आहार की डालें आदत

किशोरावस्था में शरीर तेजी से विकसित होता है, इसलिए पौष्टिक आहार बहुत जरूरी है। बेटी की डाइट में हरी सब्जियां, मौसमी फल, दालें, दूध, दही, पनीर, अंडे और सूखे मेवे शामिल करें। आयरन, कैल्शियम और प्रोटीन से भरपूर भोजन उसके शारीरिक विकास में मदद करता है। जंक फूड और ज्यादा मीठे पेय पदार्थों का सेवन सीमित रखें।
नोट : बेटी को किशोरावस्था के लिए तैयार करना सिर्फ पीरियड्स की जानकारी देना नहीं है, बल्कि उसे अपने शरीर को समझने, बदलावों को स्वीकार करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने में मदद करना भी है।

Related News