
नारी डेस्क : बॉलीवुड एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा उनके किसी ग्लैमरस लुक की नहीं, बल्कि अबू धाबी की शेख जायद ग्रैंड मस्जिद से सामने आए वीडियो और तस्वीरों की है। मलाइका यहां ब्लैक अबाया और सिर पर स्कार्फ पहने नजर आईं। उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। लेकिन लोगों का ध्यान सिर्फ उनके लुक पर ही नहीं, बल्कि उनके साथ नजर आए योग एंटरप्रेन्योर सर्वेश शशि पर भी गया। दोनों की कुछ तस्वीरें सामने आने के बाद उनके रिश्ते को लेकर नई अटकलें लगाई जा रही हैं। आखिर कौन हैं सर्वेश शशि और मलाइका के साथ उनकी तस्वीरों में ऐसा क्या है, जिसने लोगों का ध्यान खींचा है?
बुर्के में मलाइका का बदला अंदाज, वीडियो हुआ वायरल
मलाइका अरोड़ा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अबू धाबी की शेख जायद ग्रैंड मस्जिद का एक वीडियो शेयर किया। इसमें वह ब्लैक अबाया और सिर पर स्कार्फ पहने मस्जिद की खूबसूरती निहारती नजर आईं। अपने इस पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा कि कुछ जगहें आपको ठहरने का एहसास कराती हैं, जबकि कुछ आपको कुछ खास महसूस कराती हैं। इस जगह पर उन्हें दोनों अनुभव हुए। मलाइका का यह अंदाज उनके फैंस के लिए काफी अलग था। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर उनके लुक को लेकर चर्चा शुरू हो गई। वहीं, कुछ यूजर्स ने उनके पैरों में नजर आ रहे जूतों को लेकर भी सवाल उठाए। इस तरह उनका मस्जिद विजिट वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया।

मलाइका के साथ कौन हैं सर्वेश शशि?
मलाइका के साथ अबू धाबी में योग एंटरप्रेन्योर सर्वेश शशि भी नजर आए। शेख जायद ग्रैंड मस्जिद में दोनों की एक तस्वीर सामने आई, जिसमें सर्वेश उनके कंधे पर हाथ रखे दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा, सर्वेश ने एक कार के अंदर की तस्वीर भी शेयर की, जिसमें मलाइका उनके कंधे पर सिर रखकर आंखें बंद किए नजर आईं।

इन तस्वीरों के सामने आने के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, मलाइका और सर्वेश ने अपने रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ऐसे में दोनों के डेटिंग की खबरों को फिलहाल अटकलों के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।

प्रोफेशनल पार्टनर भी हैं मलाइका और सर्वेश
सर्वेश शशि वेलनेस इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। वह SARVA नाम के योग स्टूडियो नेटवर्क और वेलनेस प्लेटफॉर्म के फाउंडर हैं। उन्होंने साल 2013 में Zorba नाम से योग स्टूडियो शुरू किया था, जिसे बाद में 2018 में SARVA के नाम से रीब्रांड किया गया। सर्वेश और मलाइका का कनेक्शन सिर्फ तस्वीरों तक सीमित नहीं है। दोनों ने साल 2018 में महिलाओं की फिटनेस और योग पर फोकस करने वाले वेलनेस प्लेटफॉर्म Diva Yoga की शुरुआत में भी साथ काम किया था। यही वजह है कि दोनों के बीच पहले से प्रोफेशनल रिश्ता भी रहा है।

सर्वेश को वेलनेस और योग के क्षेत्र में उनके काम के लिए पहचान मिली है। वह Forbes 30 Under 30 Asia की सूची में भी शामिल हो चुके हैं। इसके अलावा, साल 2024 में उनकी किताब 'How to Fall in Love with Yoga' भी सामने आई थी।