
नारी डेस्क : सोशल मीडिया स्टार और रियलिटी शो से पहचान बनाने वाले फैसल शेख, जिन्हें फैंस ‘मिस्टर फैजू’ के नाम से जानते हैं, इन दिनों अपनी शादी को लेकर चर्चा में हैं। सऊदी अरब के मदीना शरीफ में तान्या सिद्दीकी के साथ निकाह करने के बाद इस जोड़े ने मुंबई में अपने दोस्तों और करीबी लोगों के लिए वलीमा रिसेप्शन रखा। 19 अक्टूबर को हुए इस खास समारोह में टीवी जगत और सोशल मीडिया की कई मशहूर हस्तियों ने शिरकत की। मिस्टर फैजू और तान्या के रिसेप्शन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। इस दौरान दोनों अपने शाही अंदाज और खूबसूरत लुक में कैमरों के सामने पोज देते नजर आए।
मदीना शरीफ में किया था निकाह, साथ में उमराह भी किया
मिस्टर फैजू और तान्या सिद्दीकी ने 10 अक्टूबर को सऊदी अरब के मदीना शरीफ में एक निजी समारोह में निकाह किया था। इस खास मौके पर दोनों के माता-पिता और सास-ससुर मौजूद रहे। निकाह के बाद इस जोड़े ने साथ में उमराह भी किया। शादी की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद फैंस ने दोनों को खूब बधाइयां दीं। निकाह के बाद अब इस जोड़े ने मुंबई में अपने दोस्तों और करीबी लोगों के साथ शादी की खुशियां मनाईं। 19 अक्टूबर को आयोजित वलीमा रिसेप्शन में परिवार के सदस्यों के अलावा टीवी और सोशल मीडिया की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं।

शाही अंदाज में नजर आए मिस्टर फैजू और तान्या
रिसेप्शन में मिस्टर फैजू और तान्या सिद्दीकी का लुक बेहद खास रहा। दोनों ने अपने आउटफिट से शाही अंदाज पेश किया और कैमरों के सामने मुस्कुराते हुए पोज दिए। मिस्टर फैजू ने आइवरी और हल्के पीले रंग की सुनहरी कढ़ाई वाली शेरवानी पहनी। इसके साथ उन्होंने कढ़ाईदार दुपट्टा और हरे पत्थरों से सजा मल्टीलेयर नेकलेस कैरी किया। उनका यह लुक रॉयल और क्लासी नजर आया। वहीं, नई दुल्हन तान्या सिद्दीकी गहरे मैरून रंग के सुनहरी कढ़ाई वाले लहंगे में बेहद खूबसूरत दिखीं। उन्होंने मैचिंग घूंघट के साथ हरे पत्थरों वाला गोल्डन मल्टीलेयर नेकलेस, बड़े इयररिंग्स, मांग टीका, नथ और चूड़ियां पहनीं। उनका ब्राइडल लुक पारंपरिक खूबसूरती और शाही अंदाज का शानदार मेल नजर आया।
भारती सिंह से युविका चौधरी तक, रिसेप्शन में पहुंचे ये सितारे
मिस्टर फैजू और तान्या के वलीमा रिसेप्शन में मनोरंजन जगत के कई जाने-पहचाने चेहरे नजर आए। भारती सिंह, युविका चौधरी, प्रिंस नरूला, अर्जित तनेजा और गौरव खन्ना सहित कई सितारों ने समारोह में शिरकत की। युविका चौधरी ने भी सोशल मीडिया पर मिस्टर फैजू के रिसेप्शन का कार्ड साझा किया था। अभिनेत्री शिल्पा शिंदे अपने स्टाइलिश अंदाज में समारोह में पहुंचीं। वह रेड कलर के सूट में नजर आईं और अपने लुक से सबका ध्यान खींचा।
पति के साथ पहुंचीं सना खान, मुनव्वर फारुकी भी आए नजर
मिस्टर फैजू के रिसेप्शन में अभिनेत्री सना खान अपने पति मुफ्ती अनस सैयद के साथ पहुंचीं। वहीं, कॉमेडियन और अभिनेता मुनव्वर फारुकी भी अपनी पत्नी महजबीन कोटवाला के साथ समारोह में शामिल हुए। निक्की तंबोली अपने बॉयफ्रेंड अरबाज पटेल के साथ रिसेप्शन में नजर आईं। दोनों ने पैपराजी के सामने तस्वीरों के लिए पोज दिए। सोशल मीडिया स्टार मनीषा रानी भी अपने ग्लैमरस अंदाज में पहुंचीं और फोटोग्राफरों के सामने पोज देती दिखाई दीं। इसके अलावा शेफाली बग्गा ने भी समारोह में शिरकत की। उनका स्टाइलिश लुक भी चर्चा में रहा। सितारों से सजे इस समारोह की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

लॉकडाउन में वायरल हुए थे मिस्टर फैजू के वीडियो
फैसल शेख यानी मिस्टर फैजू ने लॉकडाउन के दौरान टिकटॉक पर अपने वीडियो के जरिए लोकप्रियता हासिल की थी। सोशल मीडिया पर उनकी बढ़ती फैन फॉलोइंग ने उन्हें मनोरंजन जगत में भी पहचान दिलाई। इसके बाद वह कई रियलिटी शो में नजर आए, जिनमें ‘खतरों के खिलाड़ी’, ‘झलक दिखला जा 10’ और ‘द 50’ जैसे शो शामिल हैं। अब तान्या सिद्दीकी के साथ निकाह और मुंबई में हुए रिसेप्शन के बाद यह जोड़ा अपने नए जीवन की शुरुआत को लेकर सुर्खियों में है। उनके प्रशंसक सोशल मीडिया पर दोनों को शादी की बधाइयां दे रहे हैं।