
नारी डेस्क: मुकर्जी परिवार का दुर्गा पूजा उत्सव शहर के सबसे बड़े आयोजनों में से एक माना जाता है। बॉलीवुड के इस मशहूर परिवार जिसमें काजोल, रानी मुकर्जी, अयान मुकर्जी और अन्य शामिल हैं द्वारा आयोजित इस पंडाल में हर साल मनोरंजन जगत की कई जानी-मानी हस्तियां आती हैं। 17 अक्टूबर 2026 को महासप्तमी के अवसर पर, कई मशहूर हस्तियों को इस पंडाल में आते और आशीर्वाद लेते देखा गया।
दुर्गा पूजा पंडाल के कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें जया बच्चन भी अपनी बेटी श्वेता बच्चन के साथ पंडाल में नजर आ रही है। पंडाल में जया बच्चन को काजोल और उनकी बहन तनीषा को गर्मजोशी से गले लगाते हुए देखा गया। उन्होंने मुकर्जी परिवार के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। वह अक्सर उत्तरी मुंबई में मुखर्जी परिवार द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा पंडाल में जाती हैं। काजोल की चचेरी बहन और बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी भी हर साल इस पंडाल में आती हैं। हालांकि सितंबर में रानी की मां, कृष्णा मुखर्जी का निधन हो गया था, और तब से उन्हें इन उत्सवों में नहीं देखा गया है।
काजोल ने मां दुर्गा की प्रतिमा के सामने न्यासा और युग के साथ पोज़ दिया। उन्होंने अपने बेटे के साथ एक प्यारा पल भी साझा किया, जिसने फैंस का ध्यान खींचा। इस मौके के लिए, काजोल ने नारंगी रंग की झलक वाली और ज़री के काम वाले बॉर्डर वाली सरसों-पीले रंग की साड़ी चुनी। इसके साथ उन्होंने सुनहरे रंग की धारीदार ब्लाउज पहना। उन्होंने सोने के झुमकों के साथ अपने पारंपरिक लुक को पूरा किया। वहीं, न्यासा ने पाउडर-ब्लू रंग की एक सुंदर सिल्क साड़ी पहनी थी, जबकि युग हल्के नीले और सफेद रंग के कुर्ते-पायजामे में नज़र आए।
दुर्गा पूजा समारोह से कुछ दिन पहले मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, तनीषा ने पैपराजी और आम जनता से पंडाल में मर्यादा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा, "वहां काफी भीड़ होने वाली है, इसलिए मैं मीडिया और आम जनता, सभी से गुजारिश करती हूं कि कृपया एक-दूसरे का ख्याल रखें। यह न भूलें कि इंसानियत भी कोई चीज होती है। लोग अक्सर धक्का-मुक्की करते हैं, खासकर पंडाल के अंदर जाते समय, इसलिए कृपया सावधान रहें और एक-दूसरे का ध्यान रखें।"