
नारी डेस्क: अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी जो हाल ही में अपने पति और अभिनेता विवेक दहिया के साथ जुड़वां बेटों की मां बनी हैं, ने एक मां के रूप में महसूस होने वाले अपने 'गिल्ट' (अपराधबोध) के बारे में खुलकर बात की। हाल ही में अभिनेत्री ने होस्ट गौहर खान के पॉडकास्ट 'द फोर्थ ट्राइमेस्टर' (जो प्रसव के बाद के स्वास्थ्य पर केंद्रित है) में हिस्सा लिया। यहां उन्होंने 'मॉम गिल्ट', काम पर वापसी और नए पेरेंटहुड के सफर को संभालने के बारे में चर्चा की।
मां बनने के बाद काम पर लौटने के अपने फैसले के बारे में बात करते हुए, दिव्यांका ने बताया- "मेरे पास इसका कोई एक सही जवाब नहीं है। मुझे नहीं पता कि क्या सही है और क्या गलत। बस इतना जानती हूं कि जब यह मौका मिला तो मुझे लगा कि यह मेरे लिए सबसे अच्छा है, क्योंकि इसमें मुझे हफ्ते में सिर्फ एक दिन काम करना था और यह प्रोजेक्ट कई महीनों तक चलने वाला था। इस फैसले को लेने की हिम्मत मुझे अपने परिवार से मिली। मेरे पति ने मुझे भरोसा दिलाया कि वे मेरे साथ हैं, और प्रोडक्शन टीम भी बहुत सहयोगी और मददगार रही।"
दिव्यांका ने यह भी बताया कि कैसे वह और उनके पति मिलकर पेरेंटहुड के इस सफर को समझ रहे हैं। उन्होंने कहा- "वे भी सीख रहे हैं कि एक पिता कैसे बनें और एक ऐसी महिला के साथ जीवन कैसे आगे बढ़ाएं जो अभी-अभी मां बनी है। हार्मोनल बदलावों से गुजर रही एक मां को संभालना आसान नहीं होता। अच्छी बात यह है कि मैंने जो कुछ भी पढ़ा, उससे एक बात सीखी, डिलीवरी के बाद, सारे फैसले बच्चों के इर्द-गिर्द ही लिए जाते हैं। यहां तक कि जो सलाह मिलती है, वह भी बच्चों पर ही केंद्रित होती है, और कभी-कभी मां को खुद पर्याप्त सपोर्ट नहीं मिल पाता।"
दिव्यांका ने यह भी बताया कि पेरेंटहुड के शुरुआती दौर में अपनी जरूरतों के बारे में अपने पति से खुलकर बात करना कितना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा- “तो शुरुआत में ही मैंने विवेक से कह दिया था कि कभी-कभी ऐसा हो सकता है कि मैं उनसे कुछ करने के लिए कहूं, और मैं नहीं चाहूंगी कि वे इस बात पर बहुत ज़्यादा सवाल करें कि बच्चों के मामले में किसी काम को एक खास तरीके से ही क्यों किया जाना चाहिए। उस समय, शायद मेरे पास इस तरह की बातचीत करने की मानसिक स्थिति या समय न हो। अगर उन्हें लगे कि मैं थोड़ा विरोध कर रही हूं, तो मैंने उनसे कहा कि बस बात को वहीं छोड़ दें। जैसे-जैसे बच्चे बड़े हो रहे हैं, वे भी मेरे साथ-साथ सीख रहे हैं कि बच्चों की देखभाल कैसे करनी है। यह बच्चों की देखभाल करने के बारे में है, और वे भी सीख रहे हैं कि बच्चों का ख़याल कैसे रखा जाए,”।