11 NOVWEDNESDAY2026 3:13:45 PM
Nari

अब बच्चों को डराना- धमकाना नहीं चाहते Parents, थप्पड़ पर बैन लगाने की भी उठी मांग

  • Edited By vasudha,
  • Updated: 30 Oct, 2026 03:58 PM
अब बच्चों को डराना- धमकाना नहीं चाहते Parents, थप्पड़ पर बैन लगाने की भी उठी मांग

नारी डेस्क: इस महीने प्रकाशित एक अध्ययन की मानें तोकई लोगों का मानना है कि बच्चों के दुर्व्यवहार करने पर उन्हें थप्पड़ मारने जैसे काम के लिए माता-पिता को मारपीट के अपराध में दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए। यह अध्ययन ऑस्ट्रेलियन नेशनल यूनिवर्सिटी और मोनाश यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने किया। यह आयोग बच्चों को 'उचित अनुशासन' देने की अनुमति वाले कानूनों की समीक्षा कर रहा है। । 

PunjabKesari
बच्चों को दंड देने का तरीका अलग- अलग

सर्वेक्षण में प्रतिभागियों को कुछ संक्षिप्त घटनाक्रम पढ़ने के लिए दिए गए, जिनमें एक मां अपने 11 वर्षीय बच्चे के दुर्व्यवहार पर शारीरिक दंड देती है। इन घटनाक्रमों में बच्ची रात में परिवार के नियमों के विरुद्ध अपना मोबाइल फोन शयनकक्ष में रखती है। मां के पकड़े जाने पर वह उनसे गाली-गलौज करने लगती है और फोन देने से इनकार कर देती है। अलग-अलग घटनाक्रमों में मां द्वारा दिए गए शारीरिक दंड के तरीके अलग थे। इनमें बच्ची का हाथ कसकर पकड़ने से लेकर लकड़ी के चम्मच से उसकी जांघ पर मारने और चेहरे पर थप्पड़ मारने तक की घटनाएं शामिल थीं। कुछ घटनाक्रमों में यह भी बताया गया कि बच्ची को एडीएचडी (ध्यान की कमी और अति सक्रियता से जुड़ा विकार) होने का औपचारिक निदान किया गया था या इसका संदेह था। हालांकि, इससे दोषी ठहराए जाने के बारे में लोगों की राय पर कोई खास असर नहीं पड़ा। 


क्या है लोगों की राय?

नतीजों से पता चला कि मां को दोषी ठहराया जाने को लेकर प्रतिभागियों में एक राय नहीं थी। हालांकि, मां ने कितनी ताकत का इस्तेमाल किया, इससे लोगों की राय प्रभावित हुई। करीब 57 प्रतिशत लोगों ने कहा कि बच्ची के चेहरे पर थप्पड़ मारने के लिए मां को मारपीट का दोषी ठहराया जाना चाहिए। मां के बच्ची की जांघ पर थप्पड़ मारने और चोट का निशान पड़ने के संबंध में यह आंकड़ा करीब 47 प्रतिशत था। करीब 37 प्रतिशत वयस्कों का मानना था कि लकड़ी के चम्मच से बच्ची की जांघ पर मारने के लिए मां को दोषी ठहराया जाना चाहिए। कुल मिलाकर, करीब 65 प्रतिशत प्रतिभागियों का मानना था कि शारीरिक दंड से जुड़े सभी उदाहरणों में मां को मारपीट के आरोप से बरी कर दिया जाना चाहिए।  इन नतीजों का यह अर्थ नहीं है कि प्रतिभागियों को मां का व्यवहार स्वीकार्य लगा। 

PunjabKesari
शारीरिक दंड को लेकर बदल गई सोच 

नतीजे यह भी बताते हैं कि मां को दोषी मानने वाले लोग भी दंड देने के बजाय शिक्षा और व्यवहार में सुधार से जुड़े उपायों के पक्ष में थे। इसके बावजूद अध्ययन के नतीजे चौंकाने वाले हैं, क्योंकि हाल के वर्षों में बच्चों के दुर्व्यवहार करने पर उन्हें शारीरिक दंड देने को लेकर लोगों का नजरिया बदला है। बच्चों को मारना संयुक्त राष्ट्र के बाल अधिकारों पर कन्वेंशन का उल्लंघन भी है। ऑस्ट्रेलिया के चार में से तीन लोग मानते हैं कि शारीरिक दंड जरूरी नहीं है। यह 2002 के आंकड़ों से बिल्कुल अलग है। उस समय चार में से तीन ऑस्ट्रेलियाई लोगों का मानना था कि शरारती बच्चे को कभी-कभी थप्पड़ मारना जरूरी होता है। 2023 के आंकड़ों से यह भी पता चला कि 65 वर्ष और उससे अधिक उम्र के 64.2 प्रतिशत माता-पिता ने शारीरिक दंड का इस्तेमाल किया था, जबकि 24 वर्ष से कम उम्र के माता-पिता में यह आंकड़ा केवल 14.4 प्रतिशत था। इससे पता चलता है कि पीढ़ियों के बीच बच्चों को शारीरिक दंड देने के प्रति सोच में बदलाव आया है। 

थप्पड़ पर प्रतिबंध लगाने की मांग

 2013 में 'रॉयल ऑस्ट्रेलेशियन कॉलेज ऑफ फिजिशियंस' ने ऑस्ट्रेलिया में बच्चों को थप्पड़ मारने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। इसके बाद शोधकर्ताओं ने, घरेलू, पारिवारिक और यौन हिंसा की जांच के लिए गठित एक रॉयल कमीशन तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी ऐसी मांगें की हैं। दुनिया के 70 देशों में बच्चों को शारीरिक दंड देने पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। कई लोगों को आशंका है कि शारीरिक दंड पर रोक लगाने से माता-पिता को अचानक मारपीट के आरोप में दोषी ठहराया जाने लगेगा। हालांकि, दूसरे देशों के आंकड़े बताते हैं कि ऐसा नहीं होता। इसके बजाय, इन देशों में इस तरह की हिंसा में कमी देखी गई है। इससे संकेत मिलता है कि कानून में बदलाव बच्चों की सुरक्षा में मददगार हो सकता है। 
 

Related News