नारी डेस्क : किडनी हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। इसका मुख्य काम खून को फिल्टर करना, शरीर से गंदा पदार्थ और अतिरिक्त तरल पदार्थ को यूरिन के जरिए बाहर निकालना, ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में मदद करना और शरीर में मिनरल्स का संतुलन बनाए रखना है। पर जब किडनी ठीक तरह से काम नहीं करती, तो शरीर में गंदा पदार्थ जमा होने लगते हैं। जिसकी वजह से इससे सूजन, थकान, हाई ब्लड प्रेशर और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। हालांकि, केवल किसी एक फूड से किडनी "साफ" नहीं होती, लेकिन संतुलित आहार किडनी की सेहत बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। तो जानें किया खाने से किडनी की सफाई हो सकती है।
किडनी की सेहत के लिए क्या खाएं?
घीया (लौकी)
लौकी में पानी की मात्रा भरपूर होती है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती है। यह हल्की, पौष्टिक और आसानी से पचने वाली सब्जी है, इसलिए इसे संतुलित आहार का अच्छा हिस्सा माना जाता है। पर्याप्त हाइड्रेशन किडनी के सामान्य कार्य को सपोर्ट करता है और शरीर से गंदा पदार्थों को बाहर निकालने की प्राकृतिक प्रक्रिया में मदद करता है। लौकी एक मौसमी सब्जी है, इसलिए जब भी इसका सीजन आए, इसे अपनी डाइट में जरूर शामिल करें। नियमित रूप से इसका सेवन करने से शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं और संपूर्ण स्वास्थ्य बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

सेब ( Apple)
सेब को सबसे हेल्दी फलों में से एक माना जाता है। इसमें फाइबर, विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करते हैं। साथ ही, इसका नियमित सेवन ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को संतुलित रखने में सहायक हो सकता है। सेब में मौजूद पोषक तत्व किडनी की सामान्य कार्यक्षमता को सपोर्ट करने के साथ-साथ पूरे शरीर की सेहत को बेहतर बनाए रखने में भी मदद करते हैं। इसलिए इसे अपनी रोजाना की संतुलित डाइट में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है।
ब्लूबेरी (Blueberries)
ब्लूबेरी को पोषक तत्वों से भरपूर सुपरफूड माना जाता है। इसमें विटामिन C, फाइबर और शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं। इसके नियमित सेवन से किडनी की कोशिकाओं को सुरक्षा मिल सकती है और किडनी की सामान्य कार्यक्षमता को सपोर्ट करने में मदद मिलती है। अगर ब्लूबेरी आसानी से उपलब्ध न हो, तो इसकी जगह अन्य एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर मौसमी फलों को भी अपनी डाइट में शामिल किया जा सकता है।
लहसुन (Garlic)
लहसुन सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाने वाला मसाला ही नहीं, बल्कि कई स्वास्थ्य लाभों से भरपूर प्राकृतिक खाद्य पदार्थ भी है। इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं, जो शरीर में सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करने में मदद कर सकते हैं। साथ ही, लहसुन भोजन में स्वाद बढ़ाता है, जिससे अतिरिक्त नमक का इस्तेमाल कम किया जा सकता है। सीमित मात्रा में नमक का सेवन किडनी और दिल दोनों की सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। इसलिए संतुलित आहार में लहसुन को शामिल करना एक अच्छी आदत हो सकती है।

ऑलिव ऑयल (Olive oil)
ऑलिव ऑयल को हेल्दी फैट्स और शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स का बेहतरीन स्रोत माना जाता है। इसमें मौजूद मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड्स शरीर के लिए लाभदायक होते हैं और संतुलित आहार का महत्वपूर्ण हिस्सा माने जाते हैं। इसका नियमित और सीमित मात्रा में उपयोग खाना बनाने या सलाद की ड्रेसिंग के रूप में किया जा सकता है। ऑलिव ऑयल शरीर में सूजन को कम करने में मदद कर सकता है और किडनी के साथ-साथ दिल की सेहत को भी सपोर्ट करता है। इसलिए हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने के लिए इसे अपनी डाइट में शामिल करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
लाल शिमला मिर्च (Red Bell Pepper)
लाल शिमला मिर्च पोषक तत्वों से भरपूर सब्जी है, जिसमें विटामिन C, विटामिन A और कई शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। ये पोषक तत्व शरीर की कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने और इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। साथ ही, इसमें पोटैशियम की मात्रा अपेक्षाकृत कम होती है, इसलिए यह संतुलित डाइट का अच्छा हिस्सा मानी जाती है। नियमित रूप से लाल शिमला मिर्च का सेवन किडनी की सामान्य कार्यक्षमता को सपोर्ट करने के साथ-साथ पूरे शरीर की सेहत बनाए रखने में भी मदद कर सकता है।
किडनी को स्वस्थ रखने के लिए अपनाएं ये आदतें
दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।
जरूरत से ज्यादा नमक और प्रोसेस्ड फूड्स खाने से बचें।
ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर को नियंत्रण में रखें।
नियमित व्यायाम करें और स्वस्थ वजन बनाए रखें।
धूम्रपान और अत्यधिक शराब के सेवन से बचें।
बिना डॉक्टर की सलाह के लंबे समय तक दर्द निवारक दवाओं का सेवन न करें।
नियमित हेल्थ चेकअप कराते रहें, खासकर यदि डायबिटीज या हाई ब्लड प्रेशर है।

सिर्फ डाइट ही नहीं, सही इलाज भी है जरूरी
अगर आपको किडनी से जुड़ी कोई बीमारी, लगातार सूजन, पेशाब में बदलाव, बार-बार संक्रमण या क्रॉनिक किडनी डिजीज (CKD) जैसी समस्या है, तो केवल खानपान के भरोसे न रहें। समय पर डॉक्टर से जांच और सही इलाज कराना बेहद जरूरी है। सही डाइट किडनी की सामान्य कार्यक्षमता को सपोर्ट कर सकती है, लेकिन यह मेडिकल ट्रीटमेंट का विकल्प नहीं है।