18 NOVWEDNESDAY2026 9:12:53 PM
Life Style

स्किन की दवा की जगह दे दी कैंसर की दवा, 6 हफ्ते तक खाती रही महिला, फिर जो हुआ...

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 10 Oct, 2026 11:18 AM
स्किन की दवा की जगह दे दी कैंसर की दवा, 6 हफ्ते तक खाती रही महिला, फिर जो हुआ...

नारी डेस्क: दवा खरीदते समय हम अक्सर डॉक्टर की पर्ची के मुताबिक दवा लेकर घर आ जाते हैं। भरोसा होता है कि केमिस्ट ने वही दवा दी होगी, जो डॉक्टर ने लिखी है। लेकिन अगर दवा देने में ही बड़ी गलती हो जाए, तो इसका खामियाजा मरीज को अपनी सेहत से चुकाना पड़ सकता है। ऐसा ही एक मामला दिल्ली में सामने आया है, जहां त्वचा की बीमारी का इलाज करा रही महिला को केमिस्ट ने डॉक्टर की लिखी दवा के बजाय कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवा दे दी। महिला करीब छह सप्ताह तक उस दवा का सेवन करती रही। इस दौरान उसके बाल तेजी से झड़ने लगे और त्वचा पर उभार आने के साथ सफेद दाग भी दिखाई देने लगे। इस मामले में साउथ डिस्ट्रिक्ट कंज्यूमर कमीशन यानी जिला उपभोक्ता आयोग ने सफदरजंग अस्पताल के पास स्थित दुर्गा मेडिकोज को सेवा में कमी का दोषी माना है। आयोग ने केमिस्ट को महिला को 2.5 लाख रुपये का मुआवजा देने और गलत दवा की कीमत 1,768 रुपये लौटाने का आदेश दिया। आयोग ने स्पष्ट किया कि डॉक्टर के पर्चे के मुताबिक सही दवा देना फार्मेसी की बुनियादी जिम्मेदारी है। दवा देने में इस तरह की लापरवाही मरीज की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।

क्या है पूरा मामला

यह मामला मध्य प्रदेश के मुरैना की रहने वाली सरोज शर्मा से जुड़ा है। फरवरी 2020 में वह दिल्ली के एम्स (AIIMS) के त्वचा रोग विभाग में इलाज कराने पहुंची थीं। उन्हें 'एक्टिनिक प्रुरिगो' (Actinic Prurigo) नाम की त्वचा संबंधी बीमारी थी। इस बीमारी में त्वचा पर खुजली और सूजन जैसी परेशानियां हो सकती हैं। इलाज के दौरान डॉक्टर ने उन्हें 'Psorid 50' कैप्सूल लेने की सलाह दी थी। 21 फरवरी 2020 को सरोज ने सफदरजंग अस्पताल के पास स्थित दुर्गा मेडिकोज से दवाएं खरीदीं। इसके लिए उन्होंने कुल 4,740 रुपये का भुगतान किया। आरोप है कि दवा देते समय फार्मेसी के कर्मचारी ने डॉक्टर की लिखी Psorid 50 की जगह 'Etovel 50 mg' दे दी। यह दवा कैंसर के इलाज में इस्तेमाल की जाती है। महिला को इस गलती की जानकारी नहीं थी, इसलिए वह डॉक्टर की सलाह के मुताबिक दवा समझकर इसका सेवन करती रहीं।

PunjabKesari

छह हफ्ते तक गलत दवा खाने से बिगड़ने लगी तबीयत

सरोज शर्मा को शुरुआत में यह पता ही नहीं चला कि उन्हें गलत दवा दी गई है। मार्च 2020 में कोविड-19 महामारी के कारण लॉकडाउन लग गया था। इस वजह से वह एम्स में अपनी तय फॉलो-अप जांच के लिए नहीं जा सकीं। डॉक्टर से समय पर संपर्क नहीं हो पाने के कारण वह करीब छह सप्ताह तक दवा लेती रहीं। कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उनके बाल तेजी से झड़ने लगे और त्वचा पर उभार के साथ सफेद दाग दिखाई देने लगे। इन बदलावों के बाद उन्हें दवा को लेकर संदेह हुआ। इसके बाद आगरा में एक त्वचा रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेने पर दवा में गड़बड़ी का पता चला। अगस्त 2020 में एम्स में फॉलो-अप के दौरान भी इस मामले की पुष्टि हुई।

ये भी पढ़ें:  लिपस्टिक के बाद होंठों पर जमने लगती है पपड़ी? ये 5 चीजें हो सकती हैं वजह

केमिस्ट ने भी मानी गलती, सामने आई ऑडियो रिकॉर्डिंग

मामले की सुनवाई के दौरान सरोज शर्मा ने एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पेश की। इसमें फार्मेसी के एक प्रतिनिधि ने कथित तौर पर दवा देने में हुई गलती स्वीकार की थी। रिकॉर्डिंग में प्रतिनिधि को यह कहते हुए सुना गया कि 'इंसान से गलती तो हो ही जाती है।' यह मामला इसलिए भी गंभीर है, क्योंकि दवाओं के मामले में छोटी-सी लापरवाही भी मरीज के लिए बड़ी परेशानी पैदा कर सकती है। डॉक्टर मरीज की बीमारी, उसकी स्थिति और जरूरत को ध्यान में रखकर दवा लिखते हैं। ऐसे में किसी दूसरी दवा को बिना जांचे-परखे दे देना मरीज की सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है।

PunjabKesari

उपभोक्ता आयोग ने क्यों ठहराया केमिस्ट को दोषी?

साउथ डिस्ट्रिक्ट कंज्यूमर कमीशन की अध्यक्ष मोनिका ए. श्रीवास्तव और सदस्य किरण कौशल की पीठ ने मामले की सुनवाई की। आयोग ने 29 सितंबर के अपने फैसले में फार्मेसी की लापरवाही को सेवा में गंभीर कमी माना। आयोग ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 की धारा 39(d) के तहत कार्रवाई करते हुए केमिस्ट को महिला को 2.5 लाख रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया। इसके साथ ही गलत दवा की कीमत के रूप में लिए गए 1,768 रुपये भी लौटाने को कहा गया। आयोग का कहना था कि डॉक्टर के पर्चे के अनुसार सही दवा देना केमिस्ट की बुनियादी जिम्मेदारी है। मरीज फार्मेसी से दवा लेते समय इस भरोसे पर निर्भर करता है कि उसे वही दवा दी जा रही है, जो डॉक्टर ने लिखी है। इस जिम्मेदारी में लापरवाही को सामान्य गलती कहकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

दवा खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

इस मामले से यह सीख मिलती है कि दवा लेते समय थोड़ी सावधानी बरतना जरूरी है। डॉक्टर के पर्चे और दवा के पैकेट पर लिखे नाम को ध्यान से देख लें। दवा की ताकत यानी कितने मिलीग्राम की दवा है, उसकी एक्सपायरी डेट और पैकिंग भी जांचें। अगर दवा का नाम पर्चे से अलग दिखाई दे या केमिस्ट किसी दूसरी दवा को विकल्प के तौर पर दे, तो डॉक्टर या फार्मासिस्ट से इसकी पुष्टि जरूर करें। खुद से किसी दवा को बदलना या उसकी खुराक में बदलाव करना ठीक नहीं है।

PunjabKesari

अगर दवा लेने के बाद असामान्य लक्षण दिखाई दें, तो डॉक्टर से संपर्क करें। गंभीर परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लें।
 

 

Related News