नारी डेस्क : बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत 40 साल की हो चुकी हैं, लेकिन उनकी चमकदार त्वचा, घने बाल और फिट बॉडी आज भी लोगों को आकर्षित करती है। उनकी नेचुरल ब्यूटी का राज महंगे स्किन ट्रीटमेंट या कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स नहीं, बल्कि एक सादा, संतुलित और पौष्टिक डाइट रूटीन है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंगना का मानना है कि स्वस्थ त्वचा और मजबूत बालों के लिए सबसे जरूरी चीज सही खानपान और अनुशासित जीवनशैली है। यही वजह है कि वह प्रोसेस्ड और जंक फूड से दूरी बनाकर घर का ताजा खाना खाना पसंद करती हैं।
सुबह की शुरुआत हेल्दी आदतों से
कंगना अपने दिन की शुरुआत सबसे पहले पानी पीकर करती हैं। इसके बाद वह चाय के साथ भीगे हुए बादाम और किशमिश खाती हैं। यह आदत शरीर को हाइड्रेट रखने, पाचन बेहतर बनाने और त्वचा को अंदर से पोषण देने में मदद करती है। बादाम में मौजूद विटामिन E और किशमिश के एंटीऑक्सीडेंट त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद माने जाते हैं।

हल्का और पौष्टिक नाश्ता
योग और मेडिटेशन के बाद कंगना हल्का नाश्ता करना पसंद करती हैं। उनके नाश्ते में मौसमी फल और अन्य हेल्दी विकल्प शामिल होते हैं। उनका मानना है कि सुबह का भोजन जितना हल्का और पौष्टिक होगा, शरीर उतना ही ऊर्जावान और सक्रिय रहेगा।
घर का सादा खाना है फिटनेस का राज
दोपहर के भोजन में कंगना पूरी तरह घर का बना ताजा खाना खाती हैं। उनकी थाली में आमतौर पर दाल, हरी सब्जियां, चावल, दही और सलाद शामिल होते हैं। वह खाने के साथ नींबू भी लेना पसंद करती हैं, जो पाचन को बेहतर बनाने और शरीर को विटामिन C देने में मदद करता है।

जंक और प्रोसेस्ड फूड से बनाती हैं दूरी
कंगना अपनी डाइट में प्रोसेस्ड फूड, पैकेज्ड स्नैक्स और तला-भुना खाना शामिल नहीं करतीं। उनका मानना है कि प्राकृतिक और ताजा भोजन न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि त्वचा की चमक और बालों की मजबूती बनाए रखने में भी मदद करता है।
योग और मेडिटेशन भी हैं रूटीन का हिस्सा
सिर्फ डाइट ही नहीं, कंगना नियमित योग और मेडिटेशन भी करती हैं। इससे तनाव कम होता है, शरीर लचीला रहता है और चेहरे पर प्राकृतिक निखार बना रहता है। पर्याप्त नींद और संतुलित दिनचर्या भी उनकी फिटनेस का अहम हिस्सा है।

क्या सीख सकते हैं आप?
अगर आप भी बढ़ती उम्र में त्वचा का ग्लो और बालों की सेहत बनाए रखना चाहते हैं, तो कंगना की तरह कुछ आसान आदतें अपना सकते हैं
दिन की शुरुआत पर्याप्त पानी से करें।
भीगे हुए बादाम और किशमिश जैसी पौष्टिक चीजें खाएं।
प्रोसेस्ड और जंक फूड से दूरी रखें।
घर का ताजा और संतुलित भोजन करें।
नियमित योग, मेडिटेशन और पर्याप्त नींद लें।