नारी डेस्क: हम सभी अपने जीवन की अपनी-अपनी कहानी जी रहे हैं। हर किसी की कहानी अलग है, लेकिन कभी आपने सोचा है कि कुछ घटनाएं बार-बार क्यों दोहराई जाती हैं? क्यों कुछ रिश्ते हर बार टूट जाते हैं? क्यों सफलता हाथ में आती है लेकिन फिर भी छूट जाती है? या क्यों कोई अनजाना डर हमें भीतर से हमेशा जकड़े रखता है? हितेश छाबरा, जो विघ्नहर्ता – हीलिंग एंड पास्ट लाइफ रिग्रेशन के माध्यम से लोगों की मदद करते हैं, कहते हैं कि जीवन की समस्याएं केवल सतही नहीं होतीं। उनकी जड़ें अक्सर हमारी अंदरूनी दुनिया में गहराई तक छिपी होती हैं।
समस्या नहीं, संकेत है
हम अक्सर अपनी तकलीफों को बदकिस्मती या दुर्भाग्य मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन अगर हम इसे संदेश के रूप में देखें तो हर दर्द और हर असफलता हमें कुछ सिखाने की कोशिश करती है। उदाहरण के तौर पर, जैसे सिरदर्द की दवा लेने से तुरंत राहत मिलती है लेकिन दर्द का असली कारण जस का तस रहता है, वैसे ही भावनात्मक चोटें भी अंदर ही अंदर बनी रहती हैं। इसलिए केवल लक्षण ठीक करना ही पर्याप्त नहीं, जड़ तक जाकर समझना जरूरी है।

भीतर की यात्रा – सबसे कठिन लेकिन सबसे सच्ची
बाहर की दुनिया से लड़ना आसान है, लेकिन सबसे कठिन लड़ाई अपने भीतर की होती है। अपने डर, कमज़ोरियों, दबे क्रोध या अपराधबोध को पहचानना ही असली साहस है। जब हम खुद को समझने की यात्रा पर निकलते हैं, तो हमें एहसास होता है कि हम परिस्थितियों के शिकार नहीं, बल्कि अपने अनुभवों के विद्यार्थी हैं। हर अनुभव हमें मजबूत बनाता है, तोड़ नहीं।
बदलाव की शुरुआत स्वीकृति से
हम चाहते हैं कि जीवन आसान और सुखमय हो, लेकिन असली बदलाव तब शुरू होता है जब हम यह मान लेते हैं कि हमें अपने भीतर झांकना होगा। दर्द से भागने से समस्या हल नहीं होती, लेकिन उसे समझने से वह हल्का लगता है। अगर आप आज उलझन में हैं, तो इसे अंत न समझें। यह वही पल हो सकता है जहाँ से आपका असली रूप सामने आए। जैसे रात का अंधेरा सुबह के उजाले की तैयारी है, वैसे ही जीवन की कठिनाइयाँ भी नए अध्याय की शुरुआत होती हैं।
आप ही अपने विघ्नहर्ता हैं
सच्चाई यह है कि कोई बाहरी चमत्कार आपकी कहानी नहीं बदल सकता। बदलाव तब होता है जब आप अपने पैटर्न और भावनाओं को पहचानते हैं। अक्सर लोग सोचते हैं कि नया रिश्ता, नई नौकरी या नया शहर ही जीवन बदल देंगे। लेकिन इतिहास कहता है कि असली बदलाव भीतर की समझ से आता है एक खिलाड़ी तब जीतता है जब वह अपने डर को स्वीकार करता है। उद्यमी तब सफल होता है जब वह असफलताओं से भागना छोड़ देता है। और इंसान तब परिपक्व होता है जब वह यह समझता है कि उसकी प्रतिक्रियाएँ उसकी ताकत और कमजोरी तय करती हैं।

बार-बार वही गलती क्यों होती है?
हम अपने जीवन में एक ही गलती क्यों दोहराते हैं? क्योंकि हम अपने भीतर बने पैटर्न को नहीं समझते। जब तक हम यह नहीं जानते कि हम किन डर से निर्णय ले रहे हैं अस्वीकृति, अकेलेपन या असफलता का डर तब तक परिस्थितियाँ बदलती रहेंगी, परिणाम नहीं। इसलिए अगली बार जब कोई समस्या आए, घबराएँ नहीं। इसे केवल दुर्भाग्य न कहें। एक पल रुकें और खुद से पूछें –
"यह मुझे क्या सिखाने आई है?"
"क्या मैं भाग रहा हूँ या समझ रहा हूँ?"
दर्द को समझना ही दिशा बदल सकता है
जीवन की रुकावटें आपको रोकने नहीं, बल्कि जगाने आती हैं। ये आपको दिखाती हैं कि आप जितना खुद को समझते हैं, उससे कहीं अधिक गहरे हैं। जब आप अपने डर को पहचानते हैं, तो वह आपकी ताकत बन जाता है। जब आप अपने दर्द को स्वीकार करते हैं, तो वह आपकी समझ बन जाता है। और जब आप अपने अनुभवों की जिम्मेदारी लेते हैं, तो वही क्षण आपकी आंतरिक स्वतंत्रता की शुरुआत बन जाता है।

विघ्न और विघ्नहर्ता – अंदर ही हैं
विघ्न (समस्याएं) बाहर नहीं हैं। वे आपके अनजाने विश्वास और अनुभवों में छिपे पैटर्न हैं, जिन्हें आपने सच मान लिया है। विघ्नहर्ता भी बाहर नहीं है। वह आपके निर्णयों में, आपकी जागरूकता में और आपके ईमानदार स्वीकृति के क्षण में है। जब आप कहते हैं – "अब मैं खुद से भागूंगा नहीं," – वही वह पल है जहाँ आपकी कहानी सच में बदलना शुरू होती है।