
नारी डेस्क: भारतीय घरों में तांबे और पीतल के बर्तन सिर्फ रसोई का हिस्सा नहीं, बल्कि परंपरा और सजावट का भी प्रतीक होते हैं। पूजा की थाली हो, लोटा हो या किचन के बर्तन इनकी चमक घर की खूबसूरती बढ़ा देती है। लेकिन समय के साथ हवा, नमी और इस्तेमाल की वजह से इन पर काली परत जमने लगती है। ऐसे में घंटों रगड़कर साफ करना मुश्किल और थकाने वाला काम बन जाता है।इन दिनों सोशल मीडिया पर एक आसान घरेलू नुस्खा खूब वायरल हो रहा है, जिसमें बिना ज्यादा मेहनत के तांबे और पीतल के बर्तनों की चमक वापस लाई जा सकती है। खास बात यह है कि इसके लिए आपको बाजार से कोई महंगा क्लीनर खरीदने की जरूरत नहीं है।
क्या है यह घरेलू उपाय?
इस नुस्खे में इस्तेमाल होने वाली सारी चीजें आमतौर पर हर रसोई में मिल जाती हैं।
जरूरी सामग्री
2 चम्मच गेहूं का आटा
आधा चम्मच हल्दी पाउडर
आधा चम्मच नमक
आधा नींबू

पेस्ट कैसे तैयार करें?
सबसे पहले एक छोटी कटोरी लें। उसमें गेहूं का आटा, हल्दी और नमक डालें। अब इसमें आधा नींबू निचोड़ दें। इन सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें। अगर पेस्ट ज्यादा सूखा लगे तो उसमें कुछ बूंदें पानी या थोड़ा सा सिरका मिला सकते हैं।
कैसे काम करता है यह मिश्रण?
गेहूं का आटा गंदगी को सोखने का काम करता है। नमक और नींबू का एसिड काली परत को ढीला करता है। हल्दी पीतल की चमक को निखारने में मदद करती है।
बर्तन पर कैसे लगाएं?
तैयार पेस्ट को काले पड़े बर्तन पर चारों तरफ अच्छी तरह लगा दें। ध्यान रखें कि पेस्ट की परत बराबर हो। जहां ज्यादा कालापन हो, वहां थोड़ा मोटा लेप लगाएं। अब बर्तन को 5 से 10 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें। इस दौरान नींबू और नमक अपना काम करेंगे और जमी हुई गंदगी को ढीला कर देंगे।
रगड़ने की जरूरत नहीं
इस उपाय की सबसे बड़ी खासियत यही है कि आपको बर्तन को जोर-जोर से रगड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। तय समय के बाद एक साफ सूती कपड़ा या हल्का गीला स्पंज लें और हल्के हाथों से पेस्ट पोंछ दें। आप देखेंगे कि पेस्ट के साथ काली परत भी निकल रही है और नीचे से बर्तन की चमक साफ नजर आ रही है। आखिर में बर्तन को साफ पानी से धो लें।

चमक लंबे समय तक कैसे बनाए रखें?
बर्तन धोने के बाद उसे तुरंत सूखे कपड़े से पोंछ लें। पानी की बूंदें सूखने पर दाग छोड़ सकती हैं, इसलिए बर्तन पूरी तरह सुखाएं। चाहें तो अंत में नारियल तेल की एक बूंद लेकर हल्के हाथ से बर्तन पर मल दें। इससे एक सुरक्षा परत बन जाती है और बर्तन जल्दी काला नहीं पड़ता। यह घरेलू नुस्खा सोशल मीडिया और इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर बताया जा रहा है। इस्तेमाल करने से पहले बर्तन के छोटे हिस्से पर टेस्ट जरूर कर लें।