नारी डेस्क: नवरात्रि का पर्व हिंदू धर्म में बहुत खास माना जाता है। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में लोग लगातार 9 दिन व्रत रखते हैं और मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करते हैं। हालांकि, लगातार 9 दिन उपवास रखना आसान नहीं होता। कई बार लोग अपनी सेहत का ध्यान न रख पाने की वजह से बीमार पड़ जाते हैं या कमजोरी महसूस करते हैं। इसीलिए व्रत शुरू करने से पहले कुछ महत्वपूर्ण बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
पर्याप्त पानी और तरल पदार्थ लें
नोएडा के डाइट मंत्रा क्लीनिक की डाइटिशियन कामिनी सिन्हा बताती हैं कि व्रत के दौरान लोग पानी कम पीते हैं। इससे डिहाइड्रेशन, सिरदर्द और थकान जैसी समस्याएं हो सकती हैं। व्रत में केवल पानी ही नहीं, बल्कि नारियल पानी, ताजा फलों का जूस, नींबू पानी और छाछ का सेवन करते रहें। थोड़े-थोड़े अंतराल पर पानी या तरल पदार्थ पीते रहें ताकि शरीर में एनर्जी बनी रहे और इलेक्ट्रोलाइट संतुलन भी बना रहे।

हल्का और पौष्टिक भोजन करें
कई लोग व्रत के दौरान सिर्फ पानी पीते हैं या कुट्टू की पूड़ियां, साबूदाना वड़ा और आलू के चिप्स जैसे भारी और तले-भुने खाने का सेवन करते हैं। यह सेहत के लिए ठीक नहीं है। व्रत में हल्का और पचने में आसान भोजन करना चाहिए। जैसे , कुट्टू का आटा, सिंघाड़ा या समा के चावल , मखाना, मूंगफली और ड्राई फ्रूट्स फल, उबले आलू, दही और पनीर इन चीजों से शरीर को लंबे समय तक ऊर्जा मिलती है और मेटाबॉलिज्म सही रहता है।
तेल और मसाले वाले भोजन से बचें
व्रत के दौरान ज्यादा तेल या घी वाला खाना एसिडिटी, सीने में जलन और वजन बढ़ने का कारण बन सकता है। सेंधा नमक सीमित मात्रा में ही उपयोग करें। हल्का और संतुलित भोजन से ब्लड प्रेशर और पाचन तंत्र सही रहेंगे।
पर्याप्त आराम और नींद लें
व्रत के दौरान शरीर अपनी स्टोर की गई ऊर्जा का उपयोग करता है, इसलिए सामान्य दिनों की तुलना में अधिक थकान महसूस हो सकती है। इस दौरान भारी व्यायाम या थकाने वाले कामों से बचें। रोज़ कम से कम 7–8 घंटे की गहरी नींद लें। नींद की कमी से तनाव हार्मोन बढ़ता है और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।

व्रत खोलते समय धीरे-धीरे भोजन करें
9 दिन का व्रत पूरा होने के बाद तुरंत भारी भोजन (जैसे पूड़ी-छोले) करने से बचें। व्रत खोलने की शुरुआत हल्के सूप, जूस या फलों से करें और धीरे-धीरे ठोस भोजन पर आएं। इससे पाचन तंत्र पर अचानक बोझ नहीं पड़ेगा और तबीयत बिगड़ने का डर कम होगा।
खास सलाह
गर्भवती महिलाएं, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर या किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोग 9 दिन का व्रत शुरू करने से पहले डॉक्टर से सलाह लें। व्रत के दौरान संतुलित तरल पदार्थ और पौष्टिक आहार लेने से शरीर एनर्जी से भरपूर रहेगा और सेहत भी ठीक रहेगी।