नारी डेस्क: शरीर के वैसे तो सारे अंग बहुत जरूरी होते हैं क्योंकि हर अंग अपना काम करता है लेकिन लिवर हमारे शरीर का बहुत जरूरी अंग है। इसके बिना शरीर सही तरीके से काम नहीं कर सकता। यह हमारे खाने को पचाने और उसे ऊर्जा में बदलने का काम करता है। इन दिनों लिवर से जुड़ी समस्याएं आम सुनने को मिल रही है जिसमें सबसे बड़ी समस्या है फैटी लिवर की जो आपके गलत खान-पान और लाइफस्टाइल से जुड़ी है। बता दे कि लिवर को हेल्दी रखने के लिए सिर्फ शारब से दुरी बना लेना ही काफी नहीं हैं , ऐसे कई कॉमन फूड्स हैं जिन्हे हम खा तो लेते हैं लेकिन वो सीधा हमारे लिवर को नुकसान पहुंचती हैं। ऐसे में लिवर डिजीज से बचाव के लिए किन फूड्स से परहेज जरूरी है, चालिए आपको इस आर्टिकल में बताते है।
शराब ही नहीं, ये फूड्स भी लिवर के लिए खतरनाक
अक्सर लोग मानते हैं कि सिर्फ शराब ही लिवर को नुकसान पहुंचाती है, लेकिन सच्चाई इससे थोड़ी अलग है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार ज्यादा चीनी, तला-भुना खाना और फास्ट फूड भी लिवर को उतना ही नुकसान पहुंचा सकते हैं। गलत खान-पान की आदतें धीरे-धीरे लिवर को कमजोर कर देती हैं, इसलिए खाने-पीने पर ध्यान देना बेहद जरूरी है।

लिवर कैसे होता है प्रभावित
लिवर हमारे शरीर में एक तरह के स्टोर रूम की तरह काम करता है। जब हम ज्यादा कैलोरी वाला खाना खाते हैं जैसे मीठे ड्रिंक्स, जंक फूड या ऑयली चीजें तो लिवर में फैट जमा होने लगता है। इस स्थिति को Fatty Liver Disease कहा जाता है। अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए, तो यह आगे चलकर गंभीर समस्या बन सकती है।
Non-Alcoholic लोगो को क्यों हो रहा फैटी लिवर
आजकल Non-Alcoholic Fatty Liver Disease के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ज्यादा चीनी और खराब फैट लिवर में जमा होकर सूजन पैदा करते हैं, जिससे लिवर की कार्यक्षमता प्रभावित होती है। कई मामलों में यह स्थिति शराब से होने वाले लिवर डैमेज जितनी ही खतरनाक हो सकती है और गंभीर होने पर ट्रांसप्लांट की नौबत भी आ सकती है।
ये भी पढ़ें: Health Alert: गुटका खाने वाले दांत-मुंह नहीं अपना यह अंग भी खराब कर रहे
शुरुआत में नहीं दिखते लक्षण
इस बीमारी की सबसे बड़ी परेशानी यही है कि शुरुआत में इसके कोई खास लक्षण नजर नहीं आते। व्यक्ति खुद को सामान्य महसूस करता है, लेकिन अंदर ही अंदर लिवर को नुकसान होता रहता है। धीरे-धीरे यह समस्या बढ़कर फाइब्रोसिस और सिरोसिस जैसी गंभीर बीमारियों में बदल सकती है।

कैसे करें बचाव
लिवर को स्वस्थ रखने के लिए अपनी डाइट में बदलाव करना जरूरी है। ज्यादा मीठे पेय, कोल्ड ड्रिंक और मिठाइयों से दूरी बनाएं। तला-भुना और फास्ट फूड कम खाएं। रोजाना ताजे फल, हरी सब्जियां और साबुत अनाज को अपने खाने में शामिल करें। इसके साथ ही नियमित रूप से एक्सरसाइज करें, एक्टिव रहें और वजन को कंट्रोल में रखें। अगर आपको मोटापा, डायबिटीज या परिवार में लिवर से जुड़ी बीमारी का इतिहास है, तो समय-समय पर जांच करवाना भी जरूरी है।
छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर आप अपने लिवर को लंबे समय तक स्वस्थ रख सकते हैं।