नारी डेस्क: गर्मियों का मौसम आते ही बाजारों में आमों की बहार नजर आने लगती है। कोई दशहरी पसंद करता है, तो किसी को लंगड़ा और अल्फांसो का स्वाद भाता है। मीठे और रसीले आम देखकर अक्सर लोग बिना ज्यादा सोचे खरीद लेते हैं, लेकिन कई बार घर पहुंचकर जब आम काटते हैं तो अंदर से वह सड़ा, काला या बेस्वाद निकलता है। ऐसे में पैसे भी खराब होते हैं और पूरा मजा भी किरकिरा हो जाता है। अगर आपके साथ भी ऐसा कई बार हो चुका है, तो अब थोड़ा सतर्क होने की जरूरत है। सोशल मीडिया पर फल और सब्जियों की सही पहचान बताने वाले कंटेंट क्रिएटर ने कुछ बेहद आसान तरीके बताए हैं, जिनकी मदद से आप बाहर से अच्छे दिखने वाले खराब आम को भी आसानी से पहचान सकते हैं।
‘स्पंज टेस्ट’ से मिनटों में करें पहचान
आम खरीदते समय सबसे पहले उसे हल्के हाथ से दबाकर जरूर देखें। अगर आम दबाने पर स्पंज की तरह तुरंत वापस अपनी शेप में आ जाए, तो यह संकेत हो सकता है कि वह अंदर से खराब या ज्यादा पका हुआ है। वहीं अगर आम हल्का दबाने पर थोड़ा सॉफ्ट महसूस हो और दबाव के बाद वैसा ही रहे, तो समझिए आम अच्छी तरह पका हुआ और खाने लायक है। यह तरीका काफी आसान है और बाजार में खड़े-खड़े ही काम आ सकता है।

डंठल के पास सूंघकर पता करें मिठास
अच्छे और प्राकृतिक रूप से पके आम की पहचान उसकी खुशबू से भी हो जाती है। आम खरीदते समय उसके डंठल वाले हिस्से को सूंघें। अगर वहां से मीठी और ताजी खुशबू आ रही है, तो आम बढ़िया हो सकता है। लेकिन अगर खट्टी, तेज या अजीब गंध महसूस हो तो यह अंदर से सड़ने का संकेत हो सकता है। ऐसे आम लेने से बचना ही बेहतर है।
वजन से भी समझ सकते हैं आम की क्वालिटी
कई लोग सिर्फ रंग देखकर आम खरीद लेते हैं, लेकिन उसका वजन भी बहुत कुछ बताता है। अच्छा और रसदार आम अपने आकार के हिसाब से थोड़ा भारी महसूस होता है। अगर आम बड़ा दिख रहा हो लेकिन हाथ में उठाने पर हल्का लगे, तो संभव है कि वह अंदर से सूखा हुआ या खराब हो। इसलिए खरीदते समय आम को हाथ में उठाकर जरूर महसूस करें।
ज्यादा चमकदार आम हमेशा अच्छे नहीं होते
आजकल बाजार में कई आम केमिकल्स से पकाए जाते हैं, जो बाहर से एकदम पीले और चमकदार दिखते हैं। ऐसे आम देखने में भले ही आकर्षक लगें, लेकिन स्वाद और गुणवत्ता में कमजोर हो सकते हैं। प्राकृतिक रूप से पके आमों के छिलके पर हल्की झुर्रियां होना सामान्य बात है। हालांकि अगर आम पर बहुत ज्यादा काले धब्बे हों या वह जगह-जगह से पिचका हुआ लगे, तो उसे खरीदने से बचें।

सिर्फ रंग देखकर न करें भरोसा
हर आम का रंग अलग होता है। कई बार हरे रंग का आम भी अंदर से बेहद मीठा और पका हुआ निकलता है। ऐसे में सिर्फ चमकीले पीले रंग को देखकर आम खरीदना सही नहीं माना जाता। रंग के साथ-साथ उसकी खुशबू, वजन और दबाने पर महसूस होने वाली बनावट पर भी ध्यान देना जरूरी है।
डंठल वाला हिस्सा भी बताता है सच्चाई
आम के ऊपर डंठल के आसपास का हिस्सा देखकर भी काफी कुछ समझा जा सकता है। अगर यह हिस्सा थोड़ा उभरा हुआ और नेचुरल दिखे, तो आम पेड़ पर अच्छी तरह पका हो सकता है। लेकिन अगर डंठल के पास की जगह बहुत सपाट या अजीब लगे, तो संभावना रहती है कि आम को समय से पहले तोड़कर केमिकल्स से पकाया गया हो।
खरीदते समय रखें ये छोटी-छोटी बातें याद
आम हमेशा भरोसेमंद दुकान से ही खरीदें। बहुत ज्यादा मुलायम या पिचके हुए आम न लें। कटे-फटे या रिसाव वाले आमों से दूरी बनाकर रखें। एक साथ बहुत ज्यादा आम खरीदने के बजाय थोड़ी मात्रा में खरीदें ताकि खराब होने का डर कम रहे।
स्वाद के साथ सेहत का भी रखें ध्यान
आम गर्मियों का सबसे पसंदीदा फल जरूर है, लेकिन सही आम चुनना भी उतना ही जरूरी है। थोड़ी सी सावधानी और सही पहचान से आप खराब आम खरीदने से बच सकते हैं और परिवार के साथ मीठे, रसदार आम का पूरा आनंद उठा सकते हैं।
