06 AUGTHURSDAY2026 4:09:57 PM
Nari

महिलाएं समय से पहले बूढ़ी क्यों दिखने लगती हैं? एक्सपर्ट ने बताई वजह

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 06 Aug, 2026 12:50 PM
महिलाएं समय से पहले बूढ़ी क्यों दिखने लगती हैं? एक्सपर्ट ने बताई वजह

नारी डेस्क:  उम्र बढ़ना जिंदगी का एक सामान्य हिस्सा है, लेकिन कई बार कुछ लोग अपनी असली उम्र से ज्यादा बड़े नजर आने लगते हैं। खासतौर पर महिलाओं में कम उम्र में ही चेहरे पर थकान, झुर्रियां, फाइन लाइन्स और त्वचा की चमक कम होने जैसी समस्याएं दिखाई देने लगती हैं। हालांकि हर किसी की एजिंग अलग-अलग होती है, लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक हमारी रोजमर्रा की कुछ आदतें शरीर और त्वचा पर सीधा असर डाल सकती हैं। खराब लाइफस्टाइल, तनाव, खानपान में लापरवाही और स्किन केयर की कमी समय से पहले उम्र बढ़ने के संकेतों को बढ़ा सकती है।

पूरी नींद न लेना पड़ सकता है भारी

अच्छी नींद सिर्फ शरीर को आराम देने के लिए ही नहीं, बल्कि त्वचा की सेहत के लिए भी बेहद जरूरी होती है। सोते समय शरीर और स्किन खुद को रिपेयर करने का काम करते हैं। अगर रोजाना पर्याप्त नींद नहीं मिलती है तो इसका असर चेहरे पर साफ दिखाई देने लगता है। कम नींद लेने से डार्क सर्कल, थकी हुई आंखें, फाइन लाइन्स और त्वचा की चमक कम होने जैसी परेशानियां बढ़ सकती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, हर दिन करीब 7 से 9 घंटे की अच्छी नींद लेने की कोशिश करनी चाहिए, ताकि शरीर और त्वचा दोनों बेहतर तरीके से काम कर सकें।

PunjabKesari

धूप से सुरक्षा न करना बढ़ा सकता है उम्र के निशान

लंबे समय तक बिना सुरक्षा के धूप में रहने से त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है। सूरज की यूवी किरणें त्वचा में मौजूद कोलेजन और इलास्टिन को प्रभावित करती हैं, जो त्वचा को जवां और टाइट बनाए रखने में मदद करते हैं। धूप की वजह से समय से पहले झुर्रियां, पिगमेंटेशन और त्वचा में ढीलापन जैसी समस्याएं दिखाई दे सकती हैं। इसलिए बाहर निकलते समय सनस्क्रीन का इस्तेमाल करना और त्वचा को धूप से बचाना जरूरी माना जाता है।

खराब खानपान का असर चेहरे पर भी दिखता है

हम जो खाते हैं, उसका सीधा असर हमारी सेहत और त्वचा पर पड़ता है। ज्यादा मात्रा में चीनी, तला-भुना खाना और प्रोसेस्ड फूड का सेवन शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ा सकता है। वहीं, अगर डाइट में जरूरी पोषक तत्वों की कमी हो तो त्वचा बेजान नजर आ सकती है। हेल्दी और संतुलित आहार, जिसमें फल, सब्जियां, प्रोटीन और पर्याप्त पानी शामिल हो, त्वचा को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है।

ये भी पढ़ें: क्या ब्लड कैंसर दोबारा होने से बचा जा सकता है? जानिए बीमारी के रिलैप्स से जुड़ी जरूरी बातें

ज्यादा तनाव और गुस्सा भी बन सकता है वजह

लगातार तनाव में रहना शरीर के लिए कई तरह से नुकसानदायक हो सकता है। लंबे समय तक स्ट्रेस रहने पर शरीर में कोर्टिसोल हार्मोन का स्तर बढ़ सकता है, जिसका असर त्वचा, बालों और पूरी सेहत पर पड़ता है। ज्यादा तनाव की वजह से चेहरे पर थकान नजर आ सकती है और उम्र बढ़ने के संकेत जल्दी दिखाई देने लगते हैं। इसलिए तनाव कम करने के लिए मेडिटेशन, गहरी सांस लेने की तकनीक और अपनी पसंद की गतिविधियों के लिए समय निकालना फायदेमंद हो सकता है।

एक्सरसाइज से दूरी भी बढ़ा सकती है एजिंग

आज की व्यस्त जीवनशैली में लंबे समय तक बैठे रहना और शारीरिक गतिविधि न करना भी शरीर पर नकारात्मक असर डाल सकता है। इससे वजन बढ़ने के साथ-साथ कई स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। नियमित व्यायाम, योग और हल्की-फुल्की फिजिकल एक्टिविटी शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर रखने में मदद करती है, जिसका फायदा त्वचा पर भी दिखाई देता है।

PunjabKesari

जवां दिखने के लिए लाइफस्टाइल में करें छोटे बदलाव

समय से पहले बूढ़ा दिखने से बचने के लिए जरूरी है कि रोजमर्रा की आदतों पर ध्यान दिया जाए। पर्याप्त नींद, संतुलित भोजन, नियमित व्यायाम, तनाव कम करना और त्वचा की सही देखभाल जैसी छोटी-छोटी चीजें लंबे समय तक अच्छी सेहत और जवां लुक बनाए रखने में मदद कर सकती हैं।
  
 

 


 

Related News