
नारी डेस्क: भीषण गर्मी का मौसम चल रहा है। तेज धूप, लू और बढ़ता तापमान शरीर को काफी प्रभावित करने लगा है। गर्मी में दिनभर काम करने से थकान, डिहाइड्रेशन, चिड़चिड़ापन जैसी समस्याएं होने लगती है। इस समय लोगों का मन करता है कि कुछ ठंडी और हेल्दी ड्रिंक पीने के लिए मिल जाए। जो नेचुरल भी हो। ऐसे में घरेलू उपायों में गोंद कतीरा का नाम काफी खास माना जाता है। गोंद कतीरा एक प्राकृतिक गोंद (resin) है, जो पेड़ों से निकलता है और पानी में भिगोने पर जेली जैसा फूल जाता है। आयुर्वेद में इसे शरीर को ठंडा रखने, कमजोरी दूर करने और ऊर्जा बढ़ाने के लिए बहुत फायदेमंद माना गया है। ज्यादातर लोग इसकी ड्रिंक बनाकर पीते है। लेकिन, आज हम आपको गोंद कतीरा को इस्तेमाल करने के कई तरीके बताने जा रहे है। जिससे आप अपने शरीर को गर्मी में ठंडक पहुंचा सकते है। चलिए जानते है...

गोंद कतीरा का इस्तेमाल करने के तरीके...
1. शरबत बनाकर पीएं: सब लोग जानते है कि गर्मी में शरीर को ठंडा रखने के लिए गोंद कतीरा सबसे बेहतर माना जाता है। गोंद कतीरा का शरबत काफी पसंद किया जाता है। इसे 5-6 घंटे पानी में भिगोकर फूलने दें। फिर इसे शरबत, नींबू पानी या दूध में मिलाकर पिया जा सकता है। ये आपके शरीर को ठंडक देगा।
2. गोंद कतीरा के लड्डू: गोंद कतीरा को खाने का एक और तरीका है। इसके लड्डू बनाकर खा सकते है। इससे आपको टेस्ट भी मिलेगा और ठंडक भी।
3. गोंद कतीरा फालूदा: गोंद कतीरा को बहुत से लोग फालूदा में डालकर खाना पसंद करते है। इससे ये बहुत टेस्टी लगता है। आप फालूदा सेव, ठंडा दूध, गुलाब सिरप और गोंद कतीरा मिलाकर फालूदा बना सकते है और इसका मजा ले सकते है।
4. दही के साथ खाएं: गोंद कतीरा को खाने का एक और सबसे बढ़िया तरीका है, इसे दही के साथ खाना। आपको बस भीगे हुए गोंद कतीरा का दही में मिलाकर खाना है। चाहें तो इसमें थोड़ा सा शहद या चीनी भी डाल सकते हैं। इससे स्वाद भी बढ़ेगा और आपकी सेहत के लिए फायदेमंद रहेगा।
5. आइसक्रीम या डेजर्ट: गोंद कतीरा को आइसक्रीम या किसी भी ठंडे डेजर्ट में मिलाकर भी खा सकते हैं। इससे आपका शरीर अंदर से ठंडा होगा।
ध्यान रखने योग्य बातें
गोंद कतीरा एक प्राकृतिक और ठंडक देने वाला आयुर्वेदिक उपाय है, जो गर्मियों में शरीर को अंदर से ठंडा और मजबूत बनाए रखने में मदद करता है। लेकिन, ज्यादा मात्रा में सेवन न करें। हमेशा साफ और शुद्ध गोंद कतीरा ही इस्तेमाल करें और किसी बीमारी या गर्भावस्था में डॉक्टर की सलाह लें। इसके बाद ही इसका इस्तेमाल करे।