05 SEPSATURDAY2026 11:59:01 AM
Nari

रात 12 बजे जयकारों से गूंजे मंदिर, राम मंदिर से आए उपहार.... कुछ ऐसे मनाया गया मथुरा में श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव

  • Edited By vasudha,
  • Updated: 05 Sep, 2026 10:33 AM
रात 12 बजे जयकारों से गूंजे मंदिर, राम मंदिर से आए उपहार.... कुछ ऐसे मनाया गया मथुरा में श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव

नारी डेस्क: भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा में उनका जन्मोत्सव धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा समिति के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि शुक्रवार आधी रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिर परिसर ढोल-नगाड़ों, करताल, मृदंग और 'हरिबोल' के जयघोष से गूंज उठा। भगवान के जन्म का उत्सव मनाते हुए श्रद्धालु नृत्य करने लगे। उन्होंने बताया कि रात 12 बजकर 10 मिनट तक महाआरती हुई। 
PunjabKesari

केसर और अन्य सुगंधित पदार्थों से अभिषिक्त श्रीकृष्ण की चल प्रतिमा को चांदी के सूप में विराजमान कर अभिषेक स्थल पर लाया गया। उन्होंने बताया कि ठाकुर जी का पहला अभिषेक कामधेनु गाय के थन से किया गया। यह गाय चांदी से निर्मित है, जिस पर सोने की परत तथा 33 कोटि देवताओं के चित्र अंकित हैं।  इसके बाद चांदी के कमल पर विराजमान ठाकुर जी का दूध, दही, शहद, घी और बूरा से महाभिषेक किया गया। 

PunjabKesari
 श्री राम जन्मभूमि और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से आए उपहार एवं प्रसाद भी भगवान को अर्पित किए गए। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा समिति के सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने बताया कि ठाकुर जी ने पंचरत्नी पोशाक धारण की जिस पर समुद्र मंथन से निकले पांच रत्नों—कामधेनु गाय, पंचजन्य शंख, अमृत कलश, ऐरावत हाथी और कल्पवृक्ष की कढ़ाई की गई है। 
PunjabKesari

ठाकुर जी रत्नजड़ित मुकुट, बांसुरी और नवरत्न हार भी धारण किए हुए थे। इससे पहले श्रीगणेश और नवग्रहों की पूजा की गई। मंदिर प्रशासन ने जन्मोत्सव के लिए महाकाल की नगरी उज्जैन से पखावज और मृदंग वादकों को भी आमंत्रित किया था। चतुर्वेदी ने बताया कि रात 12 बजकर 45 मिनट पर शृंगार आरती की गई। 
 

Related News