नारी डेस्क: एक फ्रेश और खुशबूदार बेडरूम सिर्फ महंगे डेकोर या एयर फ्रेशनर से ही नहीं बनता। छोटे-छोटे आसान तरीकों से आप अपने कमरे को महकदार और आरामदायक बना सकते हैं। इससे न केवल आपका बेडरूम सुंदर दिखेगा, बल्कि रात को गहरी और सुकून भरी नींद भी आएगी। आइए जानते हैं 5 आसान ट्रिक्स।
तकियों की ‘लाइफ’ चेक करें
अक्सर हम सालों से वही तकिया इस्तेमाल करते रहते हैं। समय के साथ तकिया फूला-फूला और सॉफ्ट रहता है, लेकिन धीरे-धीरे इसकी शेप खराब हो जाती है और गर्दन को सही सपोर्ट नहीं मिल पाता। इसे चेक करने के लिए 30 सेकंड टेस्ट करें: तकिए को बीच से मोड़कर दबाएं और छोड़ दें। अगर यह तुरंत अपनी पुरानी शेप में लौट आए तो ठीक है, नहीं तो नया तकिया खरीदें। नया, फूला हुआ तकिया आपके बिस्तर को आलीशान लुक देता है।

गद्दे को दें ‘डिटॉक्स’ ट्रीटमेंट
हम अक्सर चादर बदलते हैं, लेकिन गद्दे में जमा धूल और नमी की बदबू रहती है। इसे दूर करने के लिए गद्दे पर थोड़ी मात्रा में बेकिंग सोडा छिड़कें और 10 मिनट के लिए छोड़ दें। बेकिंग सोडा नमी और पसीने की बदबू सोख लेता है। इसके बाद वैक्यूम क्लीनर से गद्दे को साफ करें और हल्का सा रूम स्प्रे छिड़क दें। इससे गद्दे की बदबू गायब हो जाएगी और कमरे में ताजगी आएगी।
तकियों में खुशबूदार पोटली रखें
नींद के दौरान हल्की और भीनी खुशबू आपके दिमाग को रिलैक्स करती है। इसके लिए मलमल की छोटी पोटली लें, उसमें थोड़ा एप्सम सॉल्ट डालें और अपनी पसंद के एसेंशियल ऑयल (जैसे लैवेंडर या संदल) की 4-5 बूंदें मिलाएं। इस पोटली को तकिए के कवर के अंदर रखें। इससे सिर के पास लगातार सुखद खुशबू आएगी और नींद गहरी होगी।
घर पर बनाएं ‘मैजिकल’ क्लीनिंग स्प्रे
कमरे के फर्नीचर और कोनों की धूल हटाने के लिए महंगे क्लीनर की जरूरत नहीं। आप खुद नेचुरल क्लीनर बना सकते हैं:
आधा कप पानी
1 चम्मच सिरका
आधा चम्मच जैतून का तेल
2 बूंद डिश सोप
10 बूंद एसेंशियल ऑयल
इन सबको मिलाकर स्प्रे बोतल में डालें और अच्छी तरह हिलाएं। फर्नीचर पर छिड़ककर पोछें। इससे लकड़ी में नई चमक आएगी और पूरा कमरा महक उठेगा।

हफ्ते में दो बार चादर बदलें
यह सबसे आसान लेकिन बेहद प्रभावी तरीका है। ताजी, धुली हुई और कड़क चादर पर सोने का अनुभव ही अलग होता है। हफ्ते में कम से कम दो बार बेडशीट बदलें। साफ चादर न केवल कमरे को फ्रेश दिखाती हैं, बल्कि त्वचा और नींद के लिए भी जरूरी हैं।
महंगे डेकोर या एयर फ्रेशनर के बजाय ये छोटे-छोटे आसान ट्रिक्स अपनाकर आप अपने बेडरूम को फ्रेश, खुशबूदार और आरामदायक बना सकते हैं। इन तरीकों से न केवल आपका कमरा महकेगा, बल्कि आपकी नींद भी गहरी और सुकून भरी होगी।