
नारी डेस्क : भोपाल हो या नोएडा जगह अलग हैं, लेकिन दोनों कहानियों का दर्द एक जैसा है। कहीं एक बेटी ने ससुराल की प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगा ली, तो कहीं दूसरी को दहेज की बलि चढ़ा दिया गया। एक तरफ ट्विशा शर्मा थी और दूसरी तरफ दीपिका नागर, जिसे उसके सपनों समेत मौत के हवाले कर दिया गया। दीपिका नागर पोस्ट ग्रेजुएट, बेहद होनहार और गांव की सबसे खूबसूरत लड़की थी। लेकिन दहेज की मांग ने उसकी जिंदगी छीन ली। परिवार का आरोप है कि फॉर्च्यूनर कार और लाखों रुपये की मांग पूरी न होने पर दीपिका को पहले बेरहमी से पीटा गया और फिर तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया।
शादी के कुछ महीनों बाद शुरू हुई दहेज की मांग
जानकारी के मुताबिक, कूड़ी खेड़ा गांव निवासी दीपिका की शादी 11 दिसंबर 2024 को जलपुरा गांव के रहने वाले रितिक से हुई थी। परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल पक्ष ने फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी थी। दीपिका के पिता संजय का कहना है कि उन्होंने शादी में एक करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए थे, लेकिन इसके बावजूद बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
मौत से कुछ घंटे पहले पिता से लगाई थी मदद की गुहार
परिजनों के अनुसार, 17 मई की दोपहर दीपिका ने फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट की जा रही है और दहेज के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इसके बाद शाम को पिता संजय अपने रिश्तेदार के साथ बेटी के ससुराल पहुंचे और दोनों परिवारों को समझाकर वापस लौट आए। लेकिन कुछ घंटों बाद ही रात करीब 12:30 बजे समधी मनोज का फोन आया कि दीपिका सीढ़ियों से गिर गई है। जब परिवार शारदा अस्पताल पहुंचा तो दीपिका मृत मिली।
शरीर पर मिले 30 से ज्यादा चोट के निशान
परिवार का आरोप है कि दीपिका के शरीर पर 30 से ज्यादा गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे साफ लगता है कि उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई थी। इस मामले में पुलिस ने पति रितिक, ससुर मनोज, सास पूनम समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
कॉलोनाइजर ससुर पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पीड़ित परिवार का दावा है कि दीपिका का ससुर मनोज एक कॉलोनाइजर है और उसके खिलाफ कई थानों में पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी पति रितिक और उसके पिता मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि रितिक एलएलबी (LLB ) की पढ़ाई कर रहा था और गांव में पहले भी कई विवादों में शामिल रह चुका है। दीपिका की मां और चाची ने आरोपियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है। परिवार का कहना है कि उनकी बेटी को जिस तरह प्रताड़ित किया गया, आरोपियों को भी वैसी ही सजा मिलनी चाहिए।