
नारी डेस्क: मार्च के महीने में भी कई लोगों के लिए समस्या बन गई है कि फ्रिज में सब्जियां रखने के बावजूद जल्दी खराब हो जाती हैं। खासकर गर्मियों और रमजान के महीनों में, लोग हफ्ते भर की सब्जियां एक साथ खरीदते हैं, लेकिन सही तरीके से स्टोर न करने पर वे कुछ ही दिनों में सड़ने लगती हैं। इसे रोकने के लिए कुछ आसान और पुराने देसी नुस्खे अपनाए जा सकते हैं।
कागज का इस्तेमाल करें
हरी सब्जियों को लंबे समय तक ताजा रखने का सबसे पुराना तरीका है कागज या अखबार का इस्तेमाल। सब्जियों को रखने से पहले उन्हें हल्का सा पोछ लें और कागज में लपेटकर फ्रिज में रखें। ऐसा करने से सब्जियों में मौजूद नमी खत्म हो जाती है और वे लंबे समय तक फ्रेश रहती हैं।

धनिया और पुदीना स्टोर करने का तरीका
धनिया और पुदीना फ्रिज में रखने के बाद भी जल्दी खराब हो जाते हैं। इन्हें ताजा रखने के लिए जड़ों सहित एक गिलास पानी में डालें और ऊपर से हल्का प्लास्टिक कवर या ढीला पॉलीबैग रखें। इस तरीके से ये हरी और ताजी बनी रहती हैं।
आलू स्टोर करने का सही तरीका
आलू को कभी भी प्याज के साथ एक साथ नहीं रखना चाहिए। दादी-नानी के अनुसार, प्याज से निकलने वाली गैस आलू को जल्दी खराब कर देती है। इसलिए आलू को अलग जगह और ठंडी, सूखी जगह पर स्टोर करें।
टमाटर फ्रेश रखने का तरीका
टमाटर को फ्रिज में रखने से इसका स्वाद और बनावट खराब हो सकती है। दादी-नानी का तरीका है कि टमाटर को कमरे के तापमान पर खुली टोकरी में रखें। इससे टमाटर लंबे समय तक ताजा और रसदार रहते हैं।

हरी सब्जियों को धोकर फ्रिज में स्टोर न करें, सिर्फ इस्तेमाल करने से पहले धोएं। लंबी अवधि के लिए सब्जियों को फ्रीजर में स्टोर करें। कटे हुए और बचे हुए सब्जियों को एयरटाइट कंटेनर में रखें। इन आसान और पुराने नुस्खों को अपनाकर आप मार्च के महीने में भी सब्जियों को लंबे समय तक ताजा और फ्रेश रख सकते हैं।