
नारी डेस्क : इमरान हाशमी की हालिया वेब सीरीज ‘तस्करी’ में नजर आई अभिनेत्री प्रवीणा देशपांडे अब इस दुनिया में नहीं रहीं। 17 फरवरी को उनका निधन हो गया। उनके जाने से न केवल फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक का माहौल है, बल्कि उनके फैंस और परिवार भी बेहद दुखी हैं। हर कोई उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहा है। इस बीच सवाल यह उठता है कि आखिर कैसे अचानक प्रवीणा देशपांडे की जान चली गई, और उनकी आखिरी ख्वाहिश भी अधूरी क्यों रह गई।
प्रवीणा देशपांडे का निधन और बीमारी
जानकारी के अनुसार, प्रवीणा देशपांडे 60 साल की उम्र में मल्टीपल मायलोमा नामक बीमारी से जूझ रही थीं। यह एक प्रकार का व्हाइट ब्लड सेल कैंसर है। अभिनेत्री 2019 से इलाज करा रही थीं। उनके निधन की जानकारी उनके परिवार ने सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम के माध्यम से साझा की।

अधूरी रह गई आखिरी ख्वाहिश
प्रवीणा को आखिरी बार नीरज पांडे की वेब सीरीज ‘तस्करी’ में कैमियो रोल करते देखा गया था। इस प्रोजेक्ट के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी इच्छा जाहिर की थी कि भविष्य में नीरज पांडे के साथ दोबारा काम करना चाहती हैं। हालांकि अब उनकी यह ख्वाहिश अधूरी रह गई।

थिएटर से शुरू हुआ करियर
प्रवीणा देशपांडे ने अपने अभिनय सफर की शुरुआत थिएटर से की थी। रंगमंच ने उन्हें अभिनय की बारीकियां सिखाईं और धीरे-धीरे उनकी कला में निखार आया। उनका यह अनुभव आगे चलकर उनके फिल्म और टीवी करियर की मजबूत नींव बन गया। मंच पर काम करते समय, प्रवीणा भावनाओं को सहज और प्रभावशाली तरीके से पेश करती थीं। उनकी यही क्षमता उन्हें अलग बनाती थी। उन्होंने कई टीवी शो और फिल्मों में बेहतरीन किरदार निभाए, जिन्हें लोग हमेशा याद रखेंगे। आज भले ही प्रवीणा हमारे बीच नहीं रहीं, लेकिन उनके काम और उनकी यादें लोगों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगी।