नारी डेस्क: आजकल गलत खानपान, पानी कम पीना और खराब लाइफस्टाइल की वजह से किडनी स्टोन (Kidney Stone) की समस्या बढ़ती जा रही है। पहले यह समस्या आमतौर पर 40-50 साल की उम्र में होती थी, लेकिन अब 20-25 साल के युवा भी इसका शिकार हो रहे हैं। छोटे स्टोन दवाओं या ऑपरेशन से आसानी से निकल जाते हैं, लेकिन अक्सर लोगों का सवाल होता है कि क्या किडनी स्टोन का इलाज देर से करने या नजरअंदाज करने से किडनी कैंसर (Kidney Cancer) का खतरा बढ़ सकता है। आइए जानते हैं वैज्ञानिक शोध और विशेषज्ञ क्या कहते हैं।
किडनी स्टोन और किडनी कैंसर कैसे बनते हैं?
किडनी स्टोन: जब शरीर में पानी की कमी होती है या पेशाब में कैल्शियम, ऑक्सलेट और यूरिक एसिड ज्यादा जमा हो जाते हैं, तो स्टोन बन जाते हैं।
किडनी कैंसर: यह तब होता है जब किडनी की कोशिकाएं असामान्य तरीके से बढ़ने लगती हैं। इसके जोखिम को बढ़ाने वाले कारण हैं
धूम्रपान
मोटापा
हाई ब्लड प्रेशर
खराब लाइफस्टाइल
सही खानपान और पर्याप्त पानी पीने से इन समस्याओं से बचाव किया जा सकता है। दोनों ही समस्याओं के शुरुआती लक्षण साफ नहीं दिखते, लेकिन समय के साथ गंभीर हो सकते हैं।

क्या किडनी स्टोन से किडनी कैंसर का खतरा बढ़ता है?
शोध बताते हैं कि लंबे समय तक किडनी स्टोन होने से किडनी कैंसर का खतरा बढ़ सकता है। कारण: पथरी की वजह से किडनी में लगातार सूजन और जलन होती रहती है। इससे किडनी की कोशिकाओं का DNA प्रभावित हो सकता है, जिससे कैंसर का खतरा लगभग दोगुना हो जाता है। इसलिए, अगर किडनी स्टोन की समस्या है तो इंतजार किए बिना डॉक्टर से जांच कराना और समय पर इलाज कराना सबसे बेहतर तरीका है।
महिला और पुरुष: कौन है ज्यादा रिस्क पर?
किडनी कैंसर उम्र या लिंग देखकर नहीं होता, लेकिन पुरुषों में महिलाओं की तुलना में इसका खतरा लगभग दोगुना होता है। धूम्रपान करने वाले और जहरीले केमिकल्स के संपर्क में आने वाले पुरुष ज्यादा रिस्क में हैं। महिलाओं में बार-बार होने वाले यूटीआई या योनि संक्रमण भी किडनी की समस्या बढ़ा सकते हैं, इसलिए उन्हें समय-समय पर डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।
किडनी स्टोन और किडनी कैंसर के लक्षण
किडनी स्टोन के आम लक्षण
पीठ या कमर के एक तरफ तेज दर्द
पेशाब करते समय जलन या दर्द
बार-बार पेशाब आना
पेशाब में खून दिखाई देना
मतली या उल्टी
पेशाब का रंग गहरा या बदबूदार होना
किडनी कैंसर के संभावित लक्षण
पेशाब में खून आना (बिना दर्द के भी हो सकता है)

कमर या पीठ में लगातार दर्द
अचानक वजन कम होना
लगातार थकान या कमजोरी
भूख कम लगना
हल्का बुखार जो बार-बार आए
अगर इनमें से कोई लक्षण दिखाई दे, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। देरी आपकी जान के लिए खतरा बन सकती है।
किडनी स्टोन को नजरअंदाज करना या इलाज में देरी करना खतरनाक हो सकता है। समय पर इलाज और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने से किडनी कैंसर का खतरा कम किया जा सकता है। पुरुष और अधिक जोखिम में हैं, लेकिन महिलाओं को भी सावधानी बरतनी चाहिए।