20 APRMONDAY2026 1:53:56 PM
Life Style

लिवर में बार-बार होता है इंफेक्शन? कहीं कैंसर का संकेत तो नहीं, एक्सपर्ट से जानें

  • Edited By Pooja Gill,
  • Updated: 20 Apr, 2026 11:13 AM
लिवर में बार-बार होता है इंफेक्शन? कहीं कैंसर का संकेत तो नहीं, एक्सपर्ट से जानें

नारी डेस्क: लिवर हमारे शरीर का सबसे जरूरी अंग है, जो पेट के दाहिने ऊपरी हिस्से में स्थित होता है। यह 500 से अधिक महत्वपूर्ण कार्य करता है, जिसमें विषहरण (डिटॉक्स), पाचन के लिए पित्त (Bile) बनाना, चयापचय (Metabolism), और पोषक तत्वों का भंडारण शामिल है। इसको स्वस्थ रखना बहुत जरूरी है, लेकिन अगर इसमें बार-बार इंफेक्शन हो रहा है, तो इसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।

लिवर इंफेक्शन के कारण और लक्षण

लिवर इंफेक्शन के सामान्य कारणों में वायरल हेपेटाइटिस जैसे हेपेटाइटिस A, B, C, खराब खानपान, अधिक तला-भुना खाना, अल्कोहल का सेवन, दूषित पानी और कमजोर इम्यूनिटी शामिल हैं। लीवर में इन्फेक्शन के मुख्य लक्षणों में लगातार थकान, त्वचा और आंखों का पीला पड़ना (पीलिया), पेट के ऊपरी दाईं हिस्से में दर्द या सूजन, गहरे रंग का पेशाब और भूख में कमी शामिल हैं। इसके अलावा मतली, उल्टी, खुजली और पैरों में सूजन भी लिवर की समस्या के संकेत हो सकते हैं। लीवर इंफेक्शन के शुरुआती लक्षणों को कई बार लोग नजरअंदाज कर देते है, जो बाद में एक बड़ी समस्या बन जाता है। बार-बार इंफेक्शन होना भी बड़ी समस्या है, इसलिए समझना जरूरी है कि क्या यह कैंसर का संकेत तो नहीं। चलिए अब इस बारे में डिटेल से जानें...

PunjabKesari

क्या कहतें है एक्सपर्ट?

एक्सपर्ट के अनुसार, बार-बार लिवर इंफेक्शन होना कैंसर का संकेत नहीं होता। लेडी हार्डिंग हॉस्पिटल में मेडिसिन विभाग में डायरेक्टर एचओडी डॉ. एल.एच. घोटेकर का कहना है कि हर बार लिवर में इंफेक्शन होना कैंसर का संकेत नहीं होता। अधिकतर मामलों में यह संक्रमण, लाइफस्टाइल या इम्यूनिटी से जुड़ी समस्याओं के कारण होता है। हालांकि, अगर यह समस्या लंबे समय तक बनी रहती है या बार-बार दोहराई जाती है, तो यह किसी गंभीर स्थिति की ओर इशारा कर सकती है। इसलिए इसे बिल्कुल नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। समय पर जांच और इलाज से स्थिति को कंट्रोल किया जा सकता है और किसी भी बड़े खतरे से बचा जा सकता है।

कब डॉक्टर को दिखाएं?

यदि आपको लगातार थकान, पेट में तेज दर्द, या पीलिया के लक्षण महसूस हों, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

लिवर को कैसे रखें स्वस्थ

लिवर को स्वस्थ रखना बहुत जरूरी है। इसे स्वस्थ रखने के लिए संतुलित आहार का पालन करें, स्वस्थ वजन बनाए रखें, हेपेटाइटिस के खिलाफ टीका लगवाएं, दवाओं के प्रति सतर्क रहें, विषाक्त पदार्थों और हानिकारक रसायनों से बचें, नियमित स्वास्थ्य जांच करवाएं।   
 

Related News