नारी डेस्क: आप हर रोज अपने दातों को साफ करने के लिए ब्रश कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद भी आपके दातों में कैविटी (कीड़ा लगना और सड़न) हो रही है। अगर आप भी इस समस्या से परेशान है, तो इसके कारण जानना बहुत जरूरी है। इसका मुख्य कारण बैक्टीरिया, खान-पान और मुंह की सफाई से जुड़ा होता है। इसे मेडिकल भाषा में Dental caries कहा जाता है। जरूरी नहीं है कि आप ब्रश कर रहे है तो आपके दातों में कैविटी नहीं होगी? कैविटी होने के कई कारण हो सकते है, जिसके बारे में आज हम एक्सपर्ट से जानेंगे।
कैविटी क्या होती है?
डॉक्टर का कहना है कि कैविटी होने के कई कारण हो सकते है। लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज एंड एसोसिएट हॉस्पिट्ल्स में ओरल एंड डेंटल सर्जरी विभाग के एचओडी डॉ. प्रवेश मेहरा ने बताती हैं कि पहले हमे ये समझने की जरूरत है कि कैविटी क्या होती है। कैविटी का मतलब है कि दातों की ऊपरी परत का खराब होना है। ये तब होता है जब दातों पर खतरनाक बैक्टीरिया पनपने लगते हैं। इससे दांतों में सडन शुरू होती है और दात की ऊपर परत कम होने लगती है, इसको आसान भाषा में दातों में कीड़ा लगना कहते हैं।

कैविटी के लक्षण
जब दांत में दर्द या तेज झनझनाहट हो, ठंडा/गरम खाने पर दर्द, दांत में काला या भूरा दाग, खाने के समय तकलीफ हो तो समझ जाना चाहिए कि ये कैविटी के लक्षण है। अगर समय रहते इस समस्या पर ध्यान न दिया जाए तो यह दर्द, संक्रमण और दांत टूटने तक का कारण बन सकती है।
कैविटी होने के कारण
डॉक्टर बतातीं हैं कि कुछ लोगों का कहना है कि वो हर रोज ब्रश करते है, लेकिन फिर भी उनके दातों में कैविटी हो रही है। तो चलिए जानतें है ऐसा क्यों होता है...
मीठा और चिपचिपा खाना
जब आप ज्यादा शुगर (जैसे मिठाई, चॉकलेट, कोल्ड ड्रिंक) खाते हैं, तो मुंह के बैक्टीरिया उसे तोड़कर एसिड बनाते हैं। यह एसिड दांतों की ऊपरी परत (एनामेल) को नुकसान पहुंचाता है और कैविटी का कारण बन जाता है।
मुंह की सही सफाई न करना
अगर आप रोज ब्रश और फ्लॉस नहीं करते, तो खाने के कण दांतों में फंसे रहते हैं और बैक्टीरिया बढ़ते हैं। कई लोगों को ब्रश करने के बाद भी कैविटी हो जाती है। ये सिर्फ इसलिए होता है क्योंकि मुंह की सही सफाई नहीं हो पाती। रोज कम से कम एक बार दो मिनट के लिए पूरे दातों पर ब्रश करें, दाएं से बाएं या बाएं से दाएं नहीं बल्कि ब्रश हमेशा दातों पर ऊपर से नीचे की ओर करें, इस एंगल से ब्रश करने पर दांतों के बीच की गंदगी साफ होती है।

बार-बार कुछ खाते रहना
कई लोगों को दिनभर थोड़ी-थोड़ी देर में स्नैकिंग करने की आदत होती है। इससे मुंह में एसिड बार-बार बनता रहता है, जिससे दांत जल्दी खराब होते हैं।
फ्लोराइड की कमी
फ्लोराइड दांतों को मजबूत बनाता है। इसकी कमी होने पर दांतों में कैविटी हो जाती है।
बचाव कैसे करें
दांतों को कैविटी से बचाने के लिए दिन में 2 बार ब्रश करें (फ्लोराइड टूथपेस्ट से), रोज फ्लॉस करें, मीठा कम खाएं, खाने के बाद कुल्ला करें। ऐसे आप अपने दांतों को खराब होने से बचा सकते है।