18 NOVWEDNESDAY2026 9:38:03 PM
Nari

सुबह उठते ही मुंह का स्वाद कड़वा होना न करें नजरअंदाज, जानें कारण

  • Edited By Monika,
  • Updated: 05 Nov, 2026 05:43 PM
सुबह उठते ही मुंह का स्वाद कड़वा होना न करें नजरअंदाज, जानें कारण

नारी डेस्क : क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि सुबह नींद खुलते ही मुंह का स्वाद कड़वा या अजीब महसूस होने लगता है? कई लोग इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन अगर रोजाना ऐसा हो रहा है तो इसके पीछे कुछ शारीरिक कारण हो सकते हैं। दरअसल, रात में सोते समय लार का उत्पादन कम हो जाता है, जिससे मुंह में बैक्टीरिया बढ़ सकते हैं। इसके अलावा एसिड रिफ्लक्स, दांतों और जीभ की ठीक से सफाई न करना और कुछ दवाओं का सेवन भी मुंह का स्वाद बदल सकता है। स्वाद महसूस करने की क्षमता में इस तरह के बदलाव को मेडिकल भाषा में डिस्गेशिया (Dysgeusia) कहा जाता है। आइए जानते हैं सुबह उठते ही मुंह कड़वा होने के पीछे कौन-कौन से कारण हो सकते हैं और इससे बचने के लिए क्या करना चाहिए।

एसिड रिफ्लक्स की समस्या हो सकती है वजह

सुबह मुंह में कड़वापन या खट्टा स्वाद महसूस होने का एक कारण एसिड रिफ्लक्स भी हो सकता है। इस स्थिति में पेट का एसिड वापस खाने की नली की ओर आने लगता है और कभी-कभी गले या मुंह तक पहुंच सकता है। रात में लेटकर सोने के दौरान यह परेशानी ज्यादा महसूस हो सकती है। इसकी वजह से सुबह उठते ही मुंह में कड़वापन या खट्टापन आ सकता है।
एसिड रिफ्लक्स के अन्य लक्षण
सीने में जलन होना
गले में खट्टा पानी आना
बार-बार डकार आना
सुबह गले में खराश या जलन महसूस होना
मुंह में खट्टा या कड़वा स्वाद आना।

PunjabKesari

ओरल हाइजीन की कमी

दांतों और जीभ की ठीक से सफाई न करने पर मुंह में बैक्टीरिया जमा होने लगते हैं। इससे सांसों में बदबू आने के साथ-साथ स्वाद में भी बदलाव महसूस हो सकता है। कई बार रात के खाने के छोटे कण दांतों के बीच फंसे रह जाते हैं, जो मुंह की बदबू और दूसरी समस्याओं की वजह बन सकते हैं। इसलिए सुबह और रात को ब्रश करने के साथ जीभ की सफाई करना भी जरूरी है।

मुंह में लार कम बनने से हो सकती है परेशानी

सुबह उठते ही मुंह कड़वा होने का एक आम कारण मुंह का सूखना भी हो सकता है। रात में सोते समय लार का उत्पादन स्वाभाविक रूप से कम हो जाता है। लार मुंह को साफ रखने, खाने के कणों को हटाने और बैक्टीरिया को नियंत्रित करने में मदद करती है। इसकी कमी होने पर मुंह सूख सकता है और स्वाद में बदलाव महसूस हो सकता है।
मुंह सूखने के प्रमुख लक्षण
सुबह उठते ही मुंह सूखा महसूस होना
जीभ पर सफेद या पीली परत दिखाई देना
सांसों से बदबू आना
बार-बार प्यास लगना
निगलने में परेशानी महसूस होना

यें भी पढ़ें : सोते समय अचानक शरीर में लगते हैं झटके, जानिए क्यों होता है Hypnic Jerk

मुंह सूखने पर करें ये काम

दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और सोने से पहले दांतों व जीभ की अच्छी तरह सफाई करें। अगर रात में नाक बंद रहने के कारण मुंह से सांस लेने की आदत है तो इसकी वजह जानने के लिए डॉक्टर से सलाह लें।

PunjabKesari

कुछ दवाओं के सेवन से भी बदल सकता है स्वाद

कुछ दवाओं के साइड इफेक्ट के रूप में मुंह में कड़वापन, धातु जैसा स्वाद या सूखापन महसूस हो सकता है। कुछ एंटीबायोटिक्स, एलर्जी और दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं में इस्तेमाल होने वाली दवाएं स्वाद को प्रभावित कर सकती हैं। अगर कोई नई दवा शुरू करने के बाद आपको लगातार ऐसा महसूस हो रहा है तो डॉक्टर से बात करें। अपनी मर्जी से दवा बंद न करें।

यें भी पढ़ें : सोने की कलम से लिखी होती है इस मूलांक वालों की किस्मत, धन-वैभव खुद आता है इनके पास

सुबह मुंह कड़वा होने पर अपनाएं ये आसान टिप्स

अगर आपको कभी-कभार सुबह उठते ही मुंह में कड़वाहट महसूस होती है तो कुछ अच्छी आदतें अपनाकर इससे राहत पाने में मदद मिल सकती है।
सुबह उठते ही एक गिलास पानी पिएं।
रोजाना सुबह और रात को ब्रश करें।
दांतों के साथ जीभ की सफाई भी जरूर करें।
दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
रात में सोने से ठीक पहले भारी भोजन करने से बचें।
एसिड रिफ्लक्स की समस्या है तो सोने से लगभग 2-3 घंटे पहले खाना खा लें।
तंबाकू और धूम्रपान से दूरी बनाएं।

PunjabKesari

नोट : अगर मुंह का कड़वापन लगातार बना रहता है, कई दिनों तक ठीक नहीं होता या इसके साथ मुंह में दर्द, निगलने में परेशानी, जीभ पर घाव अथवा अन्य असामान्य लक्षण दिखाई देते हैं तो डॉक्टर या डेंटिस्ट से सलाह लें। बार-बार होने वाली समस्या के पीछे सही कारण का पता लगाना जरूरी है।

Related News