
नारी डेस्क : शादी का सीजन आते ही सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो की बाढ़ आ जाती है। कभी अनोखी एंट्री चर्चा में रहती है तो कभी शाही अंदाज़ में हुआ जश्न। इन दिनों लुधियाना से जुड़ी एक पंजाबी शादी का वीडियो इंटरनेट पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है, जिसकी वजह है दुल्हन पर की गई नोटों की बारिश।
स्टेज पर फूलों की जगह उड़ने लगे नोट
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि चमचमाती लाइट्स और डीजे की तेज़ धुनों के बीच दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर खड़े हैं। मेहमान नाच-गाने में डूबे हुए हैं। तभी अचानक ऊपर से फूलों की जगह नोट उड़ने लगते हैं। कुछ लोग बोरियों में भरकर नोट लाते हैं और दुल्हन पर बरसाने लगते हैं। देखते ही देखते स्टेज और डांस फ्लोर नकदी से भर जाता है।
कितनी रकम उड़ाई गई, इसे लेकर अलग-अलग दावे
सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि इस शादी में करीब 4 लाख रुपये से लेकर कई करोड़ रुपये तक कैश उड़ाया गया। हालांकि, इस रकम की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में दूल्हा खुद भी नोटों की गड्डियां उठाकर दुल्हन पर उड़ाता नजर आता है, जिससे लोग इसे और ज्यादा भव्य मान रहे हैं।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर होते ही वायरल हो गया। हजारों लाइक्स और कमेंट्स आ चुके हैं।
कुछ यूजर्स ने इसे शानो-शौकत और दिखावे की हद बताया
कई लोगों का कहना है कि इतनी रकम से जरूरतमंदों की मदद की जा सकती थी
वहीं कुछ ने इसे पंजाबी शादियों की परंपरा और रौनक से जोड़कर सही ठहराया।
जश्न या फिजूलखर्ची?
सच चाहे जो भी हो, लेकिन इस वीडियो ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या शादी में इस तरह नोट उड़ाना सिर्फ जश्न है या फिजूलखर्ची। इतना तय है कि सोशल मीडिया पर अलग अंदाज में मनाया गया कोई भी जश्न देखते ही देखते बहस का मुद्दा बन जाता है।