नारी डेस्क : अगर आप सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आज का दिन आपके लिए राहत की खबर लेकर आया है। पिछले कुछ दिनों से लगातार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रही कीमती धातुओं की कीमतों में मंगलवार सुबह नरमी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना और चांदी दोनों ही गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए।
बाजार की ताजा चाल: चांदी में जोरदार गिरावट
मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे MCX पर चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। फरवरी डिलीवरी वाली चांदी करीब ₹4,120 टूटकर ₹2,66,250 प्रति किलो के आसपास कारोबार करती दिखी। इसमें लगभग 1.52 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
सोना भी हुआ सस्ता, खरीदारों को राहत
सोने के दामों में भी आज हल्की गिरावट देखने को मिली। अप्रैल डिलीवरी वाला सोना ₹666 कमजोर होकर ₹1,57,400 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। भले ही यह गिरावट ज्यादा बड़ी नहीं है, लेकिन पिछले कुछ दिनों की तेज बढ़त के बाद यह ग्राहकों के लिए राहत भरी मानी जा रही है।
सोमवार को दिखी थी जबरदस्त तेजी
गौरतलब है कि बीते सोमवार को सर्राफा बाजार में जबरदस्त हलचल देखने को मिली थी। दिल्ली के बाजार में चांदी ने ₹17,000 की बड़ी छलांग लगाते हुए ₹2,72,000 प्रति किलो का रिकॉर्ड स्तर छू लिया था। वहीं सोना भी मजबूती के साथ ₹1,58,500 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
शुरुआती कारोबार में उतार-चढ़ाव
आज सुबह के शुरुआती सत्र में कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया।
चांदी नीचे में ₹2,65,126 तक फिसली, जबकि ऊपर में ₹2,68,498 तक पहुंची।
वहीं सोना ₹1.56 लाख से ₹1.58 लाख प्रति 10 ग्राम के दायरे में घूमता नजर आया।
विशेषज्ञों के मुताबिक, सोमवार की तेज बढ़त के बाद बाजार में प्रॉफिट बुकिंग देखने को मिल रही है, जिसकी वजह से आज कीमतों में नरमी आई है।
निवेशकों और खरीदारों के लिए क्या संकेत?
विश्लेषकों का मानना है कि फिलहाल बाजार खुद को स्थिर करने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में ज्वेलरी खरीदने वालों के लिए यह गिरावट अच्छा मौका हो सकती है।