
नारी डेस्क : बॉलीवुड में एक के बाद एक कानूनी मामलों की खबरें सामने आ रही हैं। हाल ही में राजपाल यादव के चेक बाउंस केस के बाद अब मशहूर अभिनेत्री अमीषा पटेल का नाम भी कानूनी विवाद में सामने आया है। मुरादाबाद कोर्ट ने एक पुराने चेक बाउंस मामले में अमीषा पटेल के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई, जिसके बाद एक्ट्रेस ने खुद सामने आकर सच्चाई बताई।
क्या बोलीं अमीषा पटेल?
अमीषा पटेल ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इस पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ी। उन्होंने लिखा कि मीडिया में जिस व्यक्ति द्वारा की गई कार्रवाई का जिक्र हो रहा है, वह मामला कई साल पुराना है। एक्ट्रेस के मुताबिक, उस समय संबंधित व्यक्ति ने समझौता पत्र (सेटलमेंट एग्रीमेंट) पर साइन किए थे और तय की गई पूरी रकम भी ले ली थी। इसके बावजूद अब फिर से झूठे आरोप लगाकर कार्रवाई की जा रही है।

एक्ट्रेस ने दी सख्त चेतावनी
अमीषा ने आगे लिखा कि उनके वकील अब इन झूठे दावों के खिलाफ धोखाधड़ी की आपराधिक कार्रवाई शुरू कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने साफ कहा कि वह अपने काम पर ध्यान देना चाहती हैं और ऐसे लोगों को नजरअंदाज करेंगी जो सिर्फ सुर्खियों में आने के लिए पुराने मामलों को दोबारा उठा रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
यह केस साल 2017 का बताया जा रहा है। शिकायत के मुताबिक, मुरादाबाद निवासी एक व्यक्ति ने आरोप लगाया था कि 16 नवंबर 2017 को एक शादी के कार्यक्रम में परफॉर्मेंस के लिए अमीषा पटेल को बुक किया गया था। इसके लिए करीब 14.50 लाख रुपये एडवांस दिए गए।
एक्ट्रेस के ठहरने की व्यवस्था भी कराई गई
शिकायतकर्ता के अनुसार, अमीषा उस कार्यक्रम में नहीं पहुंचीं। बाद में करीब 10 लाख रुपये वापस कर दिए गए, लेकिन 4.50 लाख रुपये का चेक बाउंस हो गया। इसी वजह से मामला कोर्ट तक पहुंचा।
कोर्ट से गैर-जमानती वारंट क्यों?
कोर्ट की कार्यवाही के दौरान अमीषा पटेल को पेश होने के लिए कई बार समन भेजे गए, लेकिन उनके कोर्ट में हाजिर न होने की वजह से गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया गया।
टीम की ओर से सफाई
अमीषा पटेल की टीम का भी कहना है कि यह मामला पहले ही सुलझ चुका था और कई साल पहले दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। टीम के मुताबिक, अब पुराने केस को दोबारा उछालकर बेवजह विवाद खड़ा किया जा रहा है।
राजपाल यादव के बाद अमीषा पटेल का नाम इस तरह कानूनी विवाद से जुड़ना बॉलीवुड इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि एक्ट्रेस और उनकी टीम दोनों ही इसे पुराना और निपटा हुआ मामला बता रहे हैं। अब आगे कोर्ट इस पर क्या रुख अपनाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।