
नारी डेस्क: वियतनाम में एक बच्चे के कान में फंसे स्क्रू की घटना ने सभी को हैरान कर दिया। यह मामला उस समय सामने आया जब बच्चे को अचानक कान में तेज दर्द हुआ और घरवालों ने इसे सामान्य माना। लेकिन जांच में डॉक्टरों को ईयरड्रम के पास एक छोटा स्क्रू मिला, जिसे तुरंत ऑपरेशन कर निकालना पड़ा। एक छोटे बच्चे को अचानक कान में तेज दर्द महसूस हुआ। घरवालों ने पहले इसे मामूली समस्या माना और घरेलू उपाय अपनाए। लेकिन दर्द कम होने के बजाय बढ़ता गया और बच्चा लगातार रोने लगा। हालात बिगड़ते देख परिजन तुरंत उसे अस्पताल ले गए।
डॉक्टर भी हुए हैरान
जब डॉक्टरों ने एंडोस्कोपी से कान के अंदर देखा, तो सब चौंक गए। बच्चे के कान में एक छोटा स्क्रू फंसा हुआ था, जो किसी खिलौने का हिस्सा था। स्क्रू ईयरड्रम के बेहद पास पहुंच चुका था। डॉक्टरों के मुताबिक, अगर थोड़ी देर और होती तो यह बच्चे की सुनने की क्षमता पर बुरा असर डाल सकता था।
ऑपरेशन कर स्क्रू निकाला गया
बच्चे की कान की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत सर्जरी की। सावधानीपूर्वक प्रक्रिया के बाद स्क्रू को कान से बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि ईयरड्रम पूरी तरह सुरक्षित रहा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। लोग हैरान हैं कि खेल-खेल में बच्चा इतनी खतरनाक स्थिति में पहुंच गया।

विशेषज्ञों की सलाह
विशेषज्ञों का कहना है कि छोटे बच्चे जिज्ञासा में अक्सर छोटी चीजें कान, नाक या मुंह में डाल लेते हैं। इसलिए, यदि बच्चा अचानक कान में दर्द या किसी भी तरह की असुविधा की शिकायत करे, तो उसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। यह घटना हर माता-पिता के लिए एक साफ संदेश देती है कि बच्चों की छोटी-छोटी शिकायतों को नजरअंदाज करना खतरनाक साबित हो सकता है। समय पर सतर्कता और ध्यान ही बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है।