नारी डेस्क : आज के समय में सफेद बाल केवल बढ़ती उम्र की निशानी नहीं रह गए हैं। बदलती जीवनशैली, गलत खानपान, ज्यादा तनाव, नींद की कमी और मोबाइल-लैपटॉप की स्क्रीन के ज्यादा इस्तेमाल के कारण अब स्कूल-कॉलेज जाने वाले युवाओं में भी सफेद बालों की समस्या देखने को मिल रही है। ऐसे में बार-बार हेयर कलर करना न तो सेहत के लिए सही है और न ही यह स्थायी समाधान है।
आयुर्वेद क्या कहता है?
आयुर्वेद में बालों को शरीर की अंदरूनी सेहत का आईना माना गया है। आयुर्वेद के अनुसार, जब शरीर में वात और पित्त दोष का संतुलन बिगड़ता है, तो इसका सीधा असर बालों की जड़ों पर पड़ता है। इसी वजह से बाल कमजोर होकर समय से पहले सफेद होने लगते हैं।

विज्ञान की नजर में सफेद बाल
विज्ञान भी मानता है कि बालों के सफेद होने की मुख्य वजह मेलानिन पिगमेंट की कमी है। मेलानिन ही बालों को उनका काला रंग देता है। तनाव, ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और पोषण की कमी के कारण मेलानिन का निर्माण कम हो जाता है, जिससे बाल धीरे-धीरे सफेद होने लगते हैं।
सौंफ से कैसे मिलेगी मदद?
सौंफ आमतौर पर पाचन के लिए जानी जाती है, लेकिन आयुर्वेद में इसे त्रिदोष नाशक माना गया है। सौंफ में एंटीऑक्सीडेंट्स, फ्लेवोनॉयड्स और ऐसे प्राकृतिक तत्व पाए जाते हैं जो फ्री रेडिकल्स से लड़ते हैं। एंटीऑक्सीडेंट्स बालों की जड़ों को ऑक्सीडेटिव डैमेज से बचाने में मदद करते हैं, जो समय से पहले सफेद बालों की बड़ी वजह मानी जाती है। इसके अलावा, सौंफ में मौजूद नेचुरल पिगमेंट बालों पर हल्की डार्क कोटिंग बना सकते हैं, जिससे सफेद बाल कुछ समय के लिए छुप जाते हैं।

सौंफ का पाउडर बनाने का तरीका
इस देसी नुस्खे को बनाना बेहद आसान है।
सबसे पहले सौंफ को साफ पानी में कुछ देर भिगो दें ताकि उसकी अशुद्धियां निकल जाएं।
इसके बाद सौंफ को हल्की आंच पर भूनें और फिर पूरी तरह जला लें।
जब सौंफ जलकर काली राख बन जाए, तो उसे ठंडा होने दें।
अब इसे बहुत बारीक पीसकर पाउडर बना लें।
इस पाउडर को सफेद बालों पर लगाएं।
इसका असर करीब एक दिन तक रहता है और अगली बार बाल धोने पर यह हट सकता है। यह उपाय बालों को अंदर से काला नहीं करता, लेकिन सफेद बालों को अस्थायी रूप से ढकने में मदद कर सकता है।
ध्यान देनें वाली बातें
अगर सफेद बालों की समस्या तेजी से बढ़ रही है, तो केवल बाहरी उपायों पर निर्भर न रहें।
आयुर्वेद और विज्ञान दोनों यही सलाह देते हैं कि संतुलित और पौष्टिक आहार लें।
तनाव कम करें और पूरी नींद लें।
शरीर को अंदर से मजबूत बनाएं।
याद रखें, स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ बालों की असली कुंजी है।
