12 FEBTHURSDAY2026 6:44:32 PM
Nari

राजपाल यादव को दिल्ली हाई कोर्ट से नहीं मिली जमानत, इस दिन होगी अगली सुनवाई

  • Edited By Monika,
  • Updated: 12 Feb, 2026 04:47 PM
राजपाल यादव को दिल्ली हाई कोर्ट से नहीं मिली जमानत, इस दिन होगी अगली सुनवाई

नारी डेस्क : बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों चेक बाउंस मामले को लेकर कानूनी मुश्किलों में घिरे हुए हैं। 9 करोड़ रुपये के कर्ज से जुड़े इस केस में वह फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। इसी मामले में उनकी जमानत याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हुई, जहां कोर्ट ने एक्टर को कड़ी फटकार लगाई।

हाईकोर्ट ने क्यों लगाई फटकार?

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने राजपाल यादव से सवाल किया कि जब उन्होंने खुद कर्ज लेना स्वीकार किया था और भुगतान का वादा भी किया था, तो अब सजा पर रोक की मांग क्यों कर रहे हैं। कोर्ट ने साफ शब्दों में कहा कि आपको 25 से ज्यादा मौके दिए गए, लेकिन आपने अपना वादा नहीं निभाया। कोर्ट ने यह भी कहा कि जब सजा हो चुकी है, तब अब राहत की मांग करना समझ से परे है।

वकील की दलील

राजपाल यादव के वकील ने दलील दी कि अभिनेता शुरू से ही इस मामले को सेटल करना चाहते थे। उन्होंने कोर्ट के आदेश का सम्मान करते हुए सरेंडर किया। वकील ने बताया कि फिल्म में लगाए गए 5 करोड़ रुपये लौटाने की कोशिश जारी है और अब तक 3 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम चुकाई जा चुकी है।

यें भी पढ़ें : Holi 2026: यहां गुलाल नहीं! चिता की राख से खेली जाती है होली, जानें किसने शुरू की ये परंपरा

 

कोर्ट का सख्त रुख

वकील की दलीलों पर कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कोर्ट पहले ही हस्तक्षेप न करने की बात कह चुका था। सालों तक भुगतान नहीं किया गया। कोर्ट के आदेश की अवहेलना के कारण ही सरेंडर करना पड़ा। जज ने पुराने आदेश का हवाला देते हुए कहा कि यह एक जेनुइन फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन था और अब बार-बार बहस का कोई औचित्य नहीं है।

जमानत के लिए दी गई नई दलील

राजपाल यादव के वकील ने कहा कि याचिकाकर्ता 2.10 करोड़ रुपये जमा करने के लिए तैयार हैं और उन्हें फिल्म इंडस्ट्री व आम लोगों से आर्थिक मदद मिल रही है। इस पर कोर्ट ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि इसका केस से क्या लेना-देना? वकील ने यह भी कहा कि परिवार में शादी होने के कारण जमानत दी जाए, लेकिन कोर्ट ने इसे पर्याप्त आधार नहीं माना।

यें भी पढ़ें : डायबिटीज वालों के लिए चमत्कारी पत्ता, जितना खाओ उतना कंट्रोल में रहेगी शुगर

फिल्म इंडस्ट्री से मिल रहा समर्थन

गौरतलब है कि इस मुश्किल वक्त में राजपाल यादव को फिल्म इंडस्ट्री का समर्थन मिल रहा है। मीका सिंह, अजय देवगन और सोनू सूद जैसे सितारे उनकी मदद के लिए आगे आए हैं।
 

Related News