05 DECFRIDAY2025 9:48:07 PM
Nari

मुकेश अंबानी का करीबी 75 करोड़ की सैलरी छोड़ बन गया साधु-संन्यासी

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 24 Jun, 2025 03:37 PM
मुकेश अंबानी का करीबी 75 करोड़ की सैलरी छोड़ बन गया साधु-संन्यासी

नारी डेस्क: देश के सबसे अमीर उद्योगपति मुकेश अंबानी के लंबे समय तक राइट हैंड रहे प्रकाश शाह ने एक बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने सांसारिक जीवन छोड़कर साधु बनने का रास्ता चुना है। इसके लिए उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज में वाइस प्रेसिडेंट के पद से अपनी 75 करोड़ रुपये सालाना की नौकरी छोड़ दी। 63 साल की उम्र में उन्होंने रिटायरमेंट लेकर दीक्षा ग्रहण की और अब वे पूरी तरह से साधु जीवन बिताने लगे हैं।

साधु बने प्रकाश शाह

प्रकाश शाह और उनकी पत्नी नैना शाह ने महावीर जयंती के मौके पर दीक्षा ली। दीक्षा का मतलब होता है सांसारिक सुख-सुविधाओं को त्याग कर सादा, संयमित और आध्यात्मिक जीवन जीना। वे मोक्ष प्राप्ति के लिए अच्छे कर्म करना चाहते हैं। कोरोना महामारी के कारण उन्होंने अपनी दीक्षा को पहले कुछ समय के लिए टाल दिया था, लेकिन अब इसे पूरा कर लिया है।

PunjabKesari

शिक्षा और परिवार

प्रकाश शाह ने केमिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है और IIT बॉम्बे से पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है। उनकी पत्नी नैना कॉमर्स ग्रेजुएट हैं। उनके दो बेटे हैं, जिनमें से एक ने पहले ही दीक्षा ले ली है जबकि दूसरे बेटे की शादी हो चुकी है और उसका एक बच्चा भी है।

रिलायंस में निभाई अहम भूमिका

रिलायंस इंडस्ट्रीज में काम करते हुए प्रकाश शाह ने कई बड़े प्रोजेक्ट्स की जिम्मेदारी संभाली। जामनगर पेटकोक गैसिफिकेशन प्रोजेक्ट और पेटकोक मार्केटिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में उनका योगदान खास था। रिटायरमेंट के समय उनकी सालाना सैलरी 75 करोड़ रुपये थी।

PunjabKesari

अब साधु जीवन

अब 64 साल के प्रकाश शाह ने भौतिक सुखों को छोड़ आत्मिक शांति को प्राथमिकता दी है। वे नंगे पैर चलते हैं, सादा सफेद कपड़ा पहनते हैं और भिक्षा पर अपना जीवन यापन करते हैं। उनकी दीक्षा मुंबई के बोरीवली में आयोजित हुई थी। अब वे पूरी तरह से साधु जीवन में लीन हैं और मोक्ष की ओर बढ़ रहे हैं।

इस बड़े फैसले से यह साफ हो गया है कि धन दौलत के बावजूद, कुछ लोग अपने जीवन में आध्यात्मिक शांति को अधिक महत्व देते हैं और अपने कर्मों से मुक्ति पाना चाहते हैं।  

Related News