
नारी डेस्क: “लड़कियां गणित में अच्छी नहीं होतीं” जैसी सोच को झुठलाते हुए, भारतीय मूल की गणितज्ञ नलिनी जोशी ने ऑस्ट्रेलिया में इतिहास रच दिया है। उन्हें न्यू साउथ वेल्स (NSW) का 'साइंटिस्ट ऑफ द ईयर 2026' चुना गया है। खास बात यह है कि नलिनी यह सम्मान पाने वाली पहली गणितज्ञ हैं।
सम्मान समारोह
यह पुरस्कार सिडनी में आयोजित समारोह के दौरान दिया गया। समारोह में ऑस्ट्रेलिया के कई बड़े वैज्ञानिक, शिक्षक और सरकारी अधिकारी मौजूद थे। नलिनी को यह सम्मान साइंस, एजुकेशन और इनोवेशन के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया गया।
नलिनी जोशी का रिसर्च वर्क
नलिनी जोशी सिडनी यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर हैं और एप्लाइड मैथमेटिक्स रिसर्च प्रोग्राम की अगुवाई करती हैं। उनका रिसर्च वर्क कॉम्प्लेक्स मैथमेटिकल सिस्टम और इक्वेशन पर आधारित है। उनके बनाए हुए मॉडल दुनिया भर में नेचुरल और टेक्नोलॉजीकल प्रोसेस को समझने में मदद करते हैं।
उनकी रिसर्च के प्रमुख क्षेत्र हैं
क्लाइमेट मॉडलिंग: मौसम और पर्यावरणीय बदलावों को समझने के लिए।
डिजिटल टेक्नोलॉजी: कम्युनिकेशन और तकनीकी सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए।
भौतिक विज्ञान (Physics): तरंग गति और तरल व्यवहार जैसे जटिल विषयों को समझने के लिए।
नलिनी जोशी इंटीग्रेबल सिस्टम और नॉन-लीनियर इक्वेशन की विशेषज्ञ हैं। उनके बनाए फॉर्मूले इंजीनियरिंग और मेडिकल साइंस में मददगार साबित होंगे। उनके रिसर्च पेपर्स को इंटरनेशनल लेवल पर सराहा गया है, जिससे ऑस्ट्रेलिया की वैज्ञानिक प्रतिष्ठा भी बढ़ी है।
युवाओं और महिलाओं के लिए रोल मॉडल
भारत में जन्मी नलिनी की सफलता उन सभी युवाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो साइंस और गणित में अपना करियर बनाना चाहते हैं। ऑस्ट्रेलिया में वह यंग साइंटिस्ट्स और स्टूडेंट्स को मेंटर भी करती हैं। उनकी मेहनत और डेडिकेशन से साफ दिखता है कि इरादे और ज्ञान के दम पर दुनिया के किसी भी हिस्से में सफलता पाई जा सकती है।