नारी डेस्क : जब ब्लड प्रेशर सामान्य से कम हो जाता है, तो शरीर पर इसका असर जल्दी दिखाई देने लगता है। ब्लड प्रेशर का 90/60 mmHg से कम होना लो ब्लड प्रेशर कहलाता है, जिसे मेडिकल भाषा में हाइपोटेंशन (Hypotension) कहते हैं। इस स्थिति में शरीर के जरूरी अंगों तक खून सही मात्रा में नहीं पहुंच पाता, जिससे तबीयत अचानक बिगड़ सकती है। अगर समय रहते इसके लक्षण पहचान लिए जाएं, तो गंभीर समस्या से बचा जा सकता है।
लो ब्लड प्रेशर के लक्षण क्या होते हैं?
जब ब्लड प्रेशर जरूरत से ज्यादा कम होने लगता है, तो शरीर पर कई तरह के संकेत दिखने लगते हैं। सबसे आम लक्षण चक्कर आना और सिर घूमना है। कई बार व्यक्ति को अचानक खड़े होते ही तेज चक्कर आता है और वह गिर भी सकता है। इसके अलावा मितली, उल्टी, आंखों के सामने अंधेरा या धुंधला दिखना भी लो बीपी का संकेत हो सकता है। कुछ लोगों में सांस तेज चलने लगती है, सांसें उखड़ी-उखड़ी सी लगती हैं और शरीर में लगातार थकान व कमजोरी महसूस होती है। ध्यान केंद्रित करने में परेशानी, कंफ्यूजन और हर समय लेटे रहने का मन करना भी लो ब्लड प्रेशर से जुड़ा हो सकता है।

लो ब्लड प्रेशर के चेतावनी संकेत
लो बीपी ज्यादा गंभीर होने पर कुछ चेतावनी संकेत नजर आने लगते हैं।
जैसे हार्ट रेट का बहुत धीमा या बहुत तेज हो जाना
त्वचा का रंग पीला या फीका पड़ जाना
हाथ-पैर या घुटनों का ठंडा पड़ना
पेशाब की मात्रा कम हो जाना
ये संकेत बताते हैं कि शरीर में ब्लड फ्लो सही नहीं है और तुरंत ध्यान देने की जरूरत है।
क्यों होता है ब्लड प्रेशर कम?
ब्लड प्रेशर कम होने के कई कारण हो सकते हैं। शरीर में ब्लड वॉल्यूम कम हो जाने पर बीपी गिर सकता है। अचानक बहुत तेजी से खड़े होने पर दिमाग तक खून सही से नहीं पहुंच पाता, जिससे चक्कर आने लगते हैं। इसके अलावा नर्वस सिस्टम की गड़बड़ी, दिल या फेफड़ों की बीमारियां, कुछ दवाओं के साइड इफेक्ट, और एल्कोहल का अधिक सेवन भी लो ब्लड प्रेशर की वजह बन सकता है।

ब्लड प्रेशर कम होने पर क्या खाना चाहिए?
अगर बीपी कम होने लगे और चक्कर आए, तो सबसे पहले तरल पदार्थ लेना फायदेमंद होता है। पानी, नींबू पानी या इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक मदद कर सकते हैं।
नमक वाली चीजें जैसे सूप, ऑलिव्स या चीज सीमित मात्रा में लेने से बीपी बढ़ सकता है। कॉफी पीने से भी कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है।
शरीर में खून की कमी दूर करने के लिए अंडा या चिकन खाना फायदेमंद है, क्योंकि इनमें विटामिन B12 होता है जो हेल्दी ब्लड सेल्स बनाने में मदद करता है। वहीं फोलेट की कमी पूरी करने के लिए दाल, छोले और हरी सब्जियां शामिल करें।
अगर बार-बार लो ब्लड प्रेशर के लक्षण दिख रहे हों, तो इसे नजरअंदाज न करें। बार-बार चक्कर आना, बेहोशी या कमजोरी महसूस होना किसी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है। ऐसे में डॉक्टर से सलाह जरूर लें और खुद से दवा लेने से बचें।