
नारी डेस्क : अक्सर लोगों का मानना है कि ब्रेस्ट कैंसर सिर्फ महिलाओं को होता है, लेकिन हालिया शोध और रिपोर्ट्स इसे पूरी तरह गलत साबित करती हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि पुरुष भी इस गंभीर बीमारी के शिकार हो सकते हैं, हालांकि इसके मामले महिलाओं की तुलना में कम देखने को मिलते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि पुरुष अक्सर इस बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि यह उन्हें प्रभावित नहीं कर सकती। रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर क्षेत्र के आसपास रहने और काम करने वाले कुछ पुरुषों में ब्रेस्ट कैंसर के मामले बढ़े हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि पुरुषों में यह बीमारी अक्सर देर से पहचानी जाती है, क्योंकि शुरुआती चरण में दर्द या कोई स्पष्ट लक्षण नहीं दिखते।
पुरुषों में ब्रेस्ट कैंसर कैसे होता है?
पुरुषों के शरीर में जन्म से ही थोड़ी मात्रा में ब्रेस्ट टिश्यू मौजूद होती है। अगर इन टिश्यू की कोशिकाओं में असामान्य बदलाव होने लगें, तो यह कैंसर में बदल सकता है।
यह बीमारी आमतौर पर छाती के ऊपरी हिस्से में गांठ के रूप में शुरू होती है।
शुरुआती स्टेज में अक्सर दर्द नहीं होता, इसलिए पुरुष इसे अनदेखा कर देते हैं।
समय पर जांच न कराने पर गांठ बढ़कर ट्यूमर में बदल सकती है और इलाज मुश्किल हो सकता है।

किन पुरुषों में ज्यादा खतरा होता है?
कुछ पुरुषों में ब्रेस्ट कैंसर का खतरा अधिक होता है।
उम्र: 60-70 साल के पुरुषों में अधिक संभावना।
परिवार में ब्रेस्ट कैंसर का इतिहास।
हार्मोनल असंतुलन, मोटापा और लिवर की बीमारी (Cirrhosis)।
टेस्टिकल संबंधी समस्याएं या एस्ट्रोजन थेरेपी लेने वाले पुरुष।
कुछ जेनेटिक स्थितियां भी जोखिम बढ़ा सकती हैं।
हालांकि, यह बीमारी किसी भी उम्र में हो सकती है।
पुरुषों में ब्रेस्ट कैंसर के लक्षण
शुरुआती संकेत हल्के और आसानी से नजरअंदाज किए जा सकते हैं।
छाती में गांठ या मोटाई, बिना दर्द के
त्वचा में बदलाव, लालिमा, धब्बे या पतलापन
निप्पल का अंदर की ओर मुड़ना
किसी प्रकार का रिसाव
अगर ये लक्षण लंबे समय तक बने रहें, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेना जरूरी है।

बचाव और सुरक्षा के उपाय
स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं: वजन नियंत्रित रखें, शराब का सेवन कम या बंद करें।
नियमित हेल्थ चेकअप: समय-समय पर जांच कराएं।
परिवार में इतिहास होने पर जेनेटिक टेस्टिंग कराएं।
लक्षण दिखते ही तुरंत डॉक्टर से मिलें।
सही जानकारी और सही लाइफस्टाइल अपनाने से पुरुष भी इस बीमारी से बच सकते हैं।
पुरुषों में ब्रेस्ट कैंसर कम देखने को मिलता है, लेकिन यह बिल्कुल संभव है। समय पर जागरूक होना और लक्षणों की पहचान करना जीवन रक्षक साबित हो सकता है।