नारी डेस्क: नीता अंबानी हमेशा अपने फैशन सेंस और ग्रैंड लुक के लिए चर्चा में रहती हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी ननद के बेटे की शादी में जो लुक दिखाया, वह सोशल मीडिया पर छा गया। नीता ने सोने-चांदी की जरी वाली खूबसूरत साड़ी पहनी और हीरे-पन्ने के गहनों के साथ इसे रॉयल टच दिया। उनके इस शाही लुक से आप भी वेडिंग सीज़न के लिए इंस्पायर हो सकती हैं।
नीता अंबानी का साड़ी लुक
अंबानी परिवार की हर सदस्य की स्टाइल हमेशा अलहदा होती है। नीता अंबानी ने इस मौके पर सोने और चांदी की जरी से सजी वूवन सिल्क साड़ी पहनी। उन्होंने इसे हीरे-पन्ने की जूलरी के साथ स्टाइल किया, जिससे उनका लुक रानी जैसी खूबसूरत और शाही लग रहा था। यह दिखाता है कि सही कॉम्बिनेशन और एक्सेसरीज से किसी भी साड़ी को रॉयल लुक दिया जा सकता है।
साड़ी का डिजाइन और रंग
नीता ने शादी के लिए फेमस डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की साड़ी सिलेक्ट की। यह साड़ी बनारस के कुशल कारीगरों द्वारा बुनी गई थी, जिसमें इंडियन टेक्सटाइल की रिचनेस साफ दिखाई दे रही थी।
कलर: ऑरेंज बेस और पर्पल बॉर्डर
फैब्रिक: वूवन सिल्क
वर्क: सोने-चांदी की जरी, मेटल टिल्ला और सेक्विन
साड़ी पर सोने और चांदी की जरी कैसे की जाती है, इसे समझना भी जरूरी है। जरी बनाने के लिए सोने या चांदी की पतली परत को स्ट्रिप्स में काटकर रेशम या कॉटन के धागे पर लपेटा जाता है। इस धागे का इस्तेमाल करके साड़ी पर बारीक डिज़ाइन बनती है। बॉर्डर और पल्लू पर अक्सर मुगल स्टाइल या फ्लोरल मोटिफ्स बनाए जाते हैं।
साड़ी पर काम में लग गए 60 दिन
मनीष मल्होत्रा ने बताया कि साड़ी की बुनाई के बाद उनके कारीगरों ने इसे 60 दिन तक हैवी जरी, मेटल टिल्ला सेक्विन और हैंड एम्ब्रॉयडरी से सजाया। पल्लू और बॉर्डर पर डिज़ाइन को खास बनाया गया ताकि यह रॉयल टच दे। नीता ने साड़ी को पल्ले के साथ प्लीट्स में नेट और क्लीन तरीके से ड्रेप किया, जिससे उनका लुक बहुत क्लासी और सुंदर दिखा।
ब्लाउज पर भी हैवी वर्क
नीता ने साड़ी के साथ हैवी जरी ब्लाउज पहना। ब्लाउज का डिजाइन राउंड नेक और हाफ स्लीव्स वाला था। इसमें जरी वर्क से जालीदार पैटर्न बनाए गए और बीच में बूटियां भी बनी थीं। ब्लाउज की नेकलाइन और स्लीव्स का बॉर्डर चौड़ा रखा गया, जिससे इसे और भी हाईलाइट किया गया।
असली और नकली जरी की पहचान
अगर आप भी ऐसी साड़ी खरीदने की सोच रही हैं, तो असली और नकली जरी को पहचानना जरूरी है असली जरी साड़ी का वजन भारी होता है, जबकि नकली हल्की और सख्त लगती है। असली जरी की चमक सॉफ्ट और क्लासिक होती है, नकली जरी जरूरत से ज्यादा चमकीली। असली जरी के धागे पर सोने या चांदी लपेटी होती है, जिससे धागा मजबूत और स्मूद रहता है। उल्टा करके देखने पर लाल या पीला तांबा दिखना असली जरी की निशानी है। असली जरी समय के साथ काली नहीं पड़ती, लेकिन नकली फीकी पड़ जाती है।
गहनों से पूरा किया शाही लुक
नीता ने अपने लुक को हीरे-पन्ने के गहनों से और ग्रैंड बनाया। उन्होंने दो-लेयर वाला बेशकीमती हार पहना, जिसके पेंडेंट पर बड़ा हीरा और नीचे लटके पन्ने थे। साथ ही टीयर ड्रॉप इयररिंग्स, मांग टीका, डायमंड कंगन, रिंग और कमरबंद के साथ लुक को कम्पलीट किया। उनकी हेयर एक्सेसरी भी बहुत क्लासी लगी।
टिप्स जो आप ले सकती हैं
नीता अंबानी के लुक से वेडिंग या किसी स्पेशल मौके पर इंस्पायर होने के लिए कुछ आसान टिप्स
कलर कॉम्बिनेशन ब्राइट और वेडिंग-फ्रेंडली रखें।
साड़ी की ड्रेपिंग में कुछ नया ट्राई करें, पल्लू सीधे या प्लीट्स में लें।
जूलरी को कलर से कंट्रास्ट में चुनें, मैचिंग जरूरी नहीं।
साड़ी और जूलरी हैवी हो, तो मेकअप सटल और सोबर रखें।
नीता अंबानी का यह लुक साबित करता है कि सही साड़ी, जरी वर्क और गहनों का कॉम्बिनेशन किसी भी लड़की को रॉयल और ग्रैंड बना सकता है।