25 FEBWEDNESDAY2026 8:54:24 PM
Nari

‘मैं रोज़ा नहीं रखती… 24 घंटे खाती हूं, सोशल मीडिया पर करीना कपूर का वीडियो कर रहा ट्रेंड

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 25 Feb, 2026 05:04 PM
‘मैं रोज़ा नहीं रखती… 24 घंटे खाती हूं, सोशल मीडिया पर करीना कपूर का वीडियो कर रहा ट्रेंड

नारी डेस्क:  बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान का एक पुराना वीडियो इन दिनों फिर से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो करीब दो साल पुराना है, लेकिन दोबारा सामने आने के बाद इसने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी है। वीडियो में एक मीडिया इंटरेक्शन के दौरान एक रिपोर्टर करीना से पूछता है कि क्या वह रमज़ान के महीने में रोज़ा रखती हैं? इस पर करीना अपने चिर-परिचित हल्के-फुल्के अंदाज़ में जवाब देती हैं कि वह रोज़ा नहीं रखतीं। वह मजाकिया अंदाज़ में कहती हैं, “मैं तो 24/7 खाती रहती हूं।” उनका यह सीधा और बेबाक जवाब ही अब चर्चा का विषय बन गया है।

सोशल मीडिया पर क्यों मचा बवाल?

जैसे ही यह वीडियो इंस्टाग्राम पर दोबारा वायरल हुआ, हजारों लोगों ने इस पर अपनी राय रखनी शुरू कर दी। कुछ लोगों ने करीना का समर्थन किया और कहा कि यह सवाल ही गैर-जरूरी था। उनका कहना था कि करीना एक हिंदू परिवार में पली-बढ़ी हैं, ऐसे में उनसे रोज़ा रखने के बारे में पूछना सही नहीं है। कई यूजर्स ने यह भी कहा कि किसी की निजी धार्मिक मान्यताएं और आस्था पूरी तरह व्यक्तिगत मामला होती हैं। इसे सार्वजनिक मंच पर सवाल बनाना ठीक नहीं है।

‘डबल स्टैंडर्ड’ पर भी उठे सवाल

इस वायरल वीडियो के बाद बहस सिर्फ करीना के जवाब तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह ‘डबल स्टैंडर्ड’ की चर्चा तक पहुंच गई। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाया कि क्या उनके पति सैफ अली खान से भी कभी हिंदू व्रत, जैसे एकादशी, रखने के बारे में पूछा जाता है? लोगों का कहना था कि अगर एक धर्म से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं, तो दूसरे धर्म के बारे में भी वैसी ही जिज्ञासा होनी चाहिए, वरना यह दोहरा मापदंड लगता है।

निजी आस्था पर सार्वजनिक सवाल?

बहस के बीच कई लोगों ने यह भी कहा कि सेलिब्रिटी भी आम इंसानों की तरह होते हैं। उन्हें अपनी निजी जिंदगी और धार्मिक मान्यताओं के बारे में सार्वजनिक रूप से जवाब देने की कोई मजबूरी नहीं होनी चाहिए। इस पूरे मामले में अब चर्चा का केंद्र करीना का जवाब नहीं, बल्कि यह सवाल बन गया है कि क्या किसी कलाकार से उसके निजी धार्मिक अभ्यास के बारे में पूछना सही है? करीना कपूर का पुराना वीडियो भले ही हल्के-फुल्के अंदाज़ में दिया गया जवाब दिखाता हो, लेकिन इसके दोबारा वायरल होने से सोशल मीडिया पर आस्था, निजी स्वतंत्रता और सवाल पूछने की मर्यादा को लेकर बड़ी बहस छिड़ गई है।

यह मामला एक बार फिर यह याद दिलाता है कि सोशल मीडिया पर कोई भी पुराना वीडियो कब दोबारा ट्रेंड करने लगे और चर्चा का विषय बन जाए, कहा नहीं जा सकता।  

Related News