03 APRFRIDAY2026 10:22:06 PM
Nari

डिलीवरी के बाद जल्दी रिकवरी के लिए खाएं 7 चीजें, ढ़ाती हैं अंदरूनी ताकत

  • Edited By Monika,
  • Updated: 31 Jan, 2026 11:47 AM
डिलीवरी के बाद जल्दी रिकवरी के लिए खाएं 7 चीजें, ढ़ाती हैं अंदरूनी ताकत

नारी डेस्क : बच्चे को जन्म देना किसी भी महिला के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से बड़ा बदलाव होता है। डिलीवरी के दौरान शरीर की ताकत, पोषक तत्व और ऊर्जा काफी हद तक कम हो जाती है। ऐसे में सिर्फ आराम करना ही नहीं, बल्कि सही और पौष्टिक आहार लेना भी बेहद ज़रूरी है। अक्सर देखा गया है कि नई माएं बच्चे की देखभाल में खुद के स्वास्थ्य को नज़रअंदाज़ कर देती हैं, जबकि मां का स्वस्थ रहना बच्चे के अच्छे विकास के लिए भी उतना ही जरूरी है। अगर आप चाहती हैं कि डिलीवरी के बाद शरीर जल्दी मजबूत हो, कमजोरी दूर हो और अंदरूनी ताकत बढ़े, तो इन 7 चीजों को अपनी रोज़ की डाइट में जरूर शामिल करें।

सौंठ की गोली

सौंठ की गोली सूखे अदरक का चूर्ण, सेंधा नमक और नींबू के रस से बनाई जाती है। इसका स्वाद थोड़ा कसैला होता है, लेकिन फायदे जबरदस्त हैं। यह पाचन शक्ति को बढ़ाती है, गैस और अपच से राहत देती है और शरीर को अंदर से गर्माहट देकर रिकवरी में मदद करती है। इसे भोजन से कुछ घंटे पहले लेना बेहतर होता है।

PunjabKesari

चावल का मांड

चावल की मांड में पिप्पली, घी और सौंठ मिलाकर लेने से पेट की मांसपेशियों को आराम मिलता है। यह पाचन को दुरुस्त रखती है और डिलीवरी के बाद होने वाली पेट से जुड़ी समस्याओं में काफी फायदेमंद मानी जाती है।

यें भी पढ़ें : शनिदेव का वाहन जानें कैसे बन गया कौवा, क्यों हैं उनके लिए सबसे खास?

शतावरी

शतावरी को महिलाओं के लिए आयुर्वेदिक वरदान माना जाता है। डिलीवरी के बाद कमजोरी, थकान और हार्मोनल असंतुलन को दूर करने में यह बहुत मददगार है। साथ ही यह मां के शरीर में प्राकृतिक रूप से दूध का उत्पादन बढ़ाती है और शिशु की इम्युनिटी को भी मजबूत करती है।

PunjabKesari

मेथी के लड्डू

प्रसव के बाद मांसपेशियां और हड्डियां कमजोर हो जाती हैं। ऐसे में मेथी के लड्डू हड्डियों को मजबूती देते हैं और वात दोष को संतुलित करते हैं। ये लड्डू शरीर के दर्द को कम करते हैं और स्तनपान कराने वाली मांओं में दूध की मात्रा बढ़ाने में भी सहायक होते हैं।

गोंद के लड्डू

डिलीवरी के बाद गोंद के लड्डू खाने की परंपरा हर घर में देखने को मिलती है। दूध के साथ गोंद के लड्डू का सेवन करने से कमजोरी दूर होती है, शरीर को ताकत मिलती है और खून की कमी को भी पूरा करने में मदद मिलती है।

यें भी पढ़ें : रोज सुबह भीगी अजवाइन खाएं, 30 दिन में दिखेंगे सेहत से जुड़े 10 जबरदस्त फायदे

हलीम के बीजों की खीर

हलीम (अलसी जैसे दिखने वाले) बीज पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। इनकी खीर मखाने और सूखे मेवों के साथ बनाकर खाने से अंदरूनी कमजोरी दूर होती है, शरीर को ऊर्जा मिलती है और रिकवरी तेज होती है।

PunjabKesari

तिल

तिल की तासीर गर्म होती है, इसलिए डिलीवरी के बाद इसका सेवन बहुत फायदेमंद माना जाता है। तिल हड्डियों को मजबूत करता है, जोड़ों और शरीर के दर्द में राहत देता है। आप इसे लड्डू, चटनी या सब्ज़ी के रूप में भी डाइट में शामिल कर सकती हैं।

डिलीवरी के बाद मां का स्वस्थ रहना सबसे ज़रूरी है। सही खान-पान से न सिर्फ शरीर जल्दी रिकवर करता है, बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूती मिलती है। इन 7 चीजों को अपनी डाइट में शामिल करके आप अंदरूनी ताकत बढ़ा सकती हैं और मातृत्व का सफर स्वस्थ तरीके से जी सकती हैं।

Related News