
नारी डेस्क: आम दिन की तरह मुंबई में एक महिला ट्रॉली लिए बिल्डिंग की लिफ्ट में चढ़ी। उसके साथ ही एक आदमी गुब्बारों से भरा प्लास्टिक बैग लेकर अंदर आया, उसके पीछे एक और आदमी बैकपैक लिए आया। जैसे ही लिफ्ट के दरवाजे बंद हुए गुब्बारे फट गए और कुछ ही सेकंड में, छोटी सी जगह आग की लपटों से भर गई। इस घटना ने लोगों के मन मे खौफ पैदा कर दिया है।

वायरल हो रहे वीडियो में देखा गया कि लिफ्ट का दरवाजा खुलते ही तीनों अपपी जान बचाने के लिए बाहर भागे, इनमें से दो को मामूली जलने की चोटें आईं। यह घटना मुंबई के गोरेगांव वेस्ट की है जहां एक रिहायशी बिल्डिंग मेंगैस से भरे गुब्बारों को लिफ्ट से ले जाया जा रहा था। ये गुब्बारेजिनका इस्तेमाल आमतौर पर सजावट और सड़क किनारे बेचने के लिए किया जाता है हाइड्रोजन गैस से भरे हुए थे, जो बहुत ज़्यादा ज्वलनशील होती है।

अधिकारियों ने आग लगने के खतरे के कारण लिफ्ट जैसी बंद जगहों पर गैस से भरे गुब्बारे ले जाने के खिलाफ बार-बार चेतावनी दी है।
यह पूरी घटना लिफ्ट के अंदर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें साफ दिख रहा है कि स्थिति कितनी तेज़ी से बिगड़ी। हाइड्रोजन गैस आसानी से आग पकड़ लेती है, और बंद जगह में एक छोटी सी चिंगारी या स्टैटिक डिस्चार्ज भी आग लगा सकता है। इस घटना के बाद, नागरिकों और हाउसिंग सोसाइटी मैनेजमेंट से सतर्क रहने और रिहायशी इमारतों के अंदर गैस से भरे गुब्बारों सहित खतरनाक चीज़ों की आवाजाही को रोकने का आग्रह किया गया है।