नारी डेस्क: आज का भारत आर्थिक रूप से एक दिलचस्प दौर से गुजर रहा है। एक तरफ डिजिटल निवेश प्लेटफॉर्म और मोबाइल ऐप्स ने छोटे शहरों और नए निवेशकों के लिए भी निवेश करना बेहद आसान बना दिया है। अब सिर्फ एक स्मार्टफोन और इंटरनेट की मदद से कोई भी व्यक्ति शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड या अन्य निवेश विकल्पों में पैसा लगा सकता है। सोशल मीडिया पर भी तेजी से पैसा कमाने और कम समय में अमीर बनने की कहानियां खूब देखने को मिलती हैं। लेकिन दूसरी ओर वास्तविक जीवन की आर्थिक चुनौतियां भी लगातार बढ़ रही हैं। स्वास्थ्य सेवाएं महंगी होती जा रही हैं, बच्चों की पढ़ाई का खर्च तेजी से बढ़ रहा है और नौकरी की स्थिरता भी पहले जैसी नहीं रही।
कई सेक्टरों में नौकरियां तेजी से बदल रही हैं और लोगों को भविष्य को लेकर असुरक्षा भी महसूस होती है। ऐसे माहौल में आर्थिक रूप से सुरक्षित और स्थिर रहने के लिए सिर्फ ज्यादा कमाई करना ही काफी नहीं है। इसके लिए सही वित्तीय आदतें अपनाना बेहद जरूरी हो जाता है। असल में आर्थिक मजबूती किसी एक बड़े फैसले से नहीं बनती, बल्कि छोटी-छोटी लेकिन नियमित आदतों से धीरे-धीरे तैयार होती है। Finvasia की चीफ ग्रोथ ऑफिसर रमणीक गोतरा ने ऐसे 7 महत्वपूर्ण टिप्स वित्तीय टिप्स दिए जो आर्थिक स्थिति को मजबूती देंगे।
7 महत्वपूर्ण वित्तीय आदतें जो मजबूत बनाएंगी आर्थिक स्थिति
सबसे पहले खुद के लिए बचत करें
अक्सर लोग महीने भर के खर्च पूरे करने के बाद जो पैसा बचता है उसे बचत के रूप में रखते हैं। लेकिन आर्थिक रूप से समझदार लोग इसका उल्टा करते हैं। वे जैसे ही सैलरी खाते में आती है, सबसे पहले उसका एक तय हिस्सा बचत या निवेश में डाल देते हैं। मान लीजिए आपकी आय का 10% या 20% हिस्सा सीधे निवेश में चला जाए, तो धीरे-धीरे यह आदत आपके भविष्य के लिए मजबूत आर्थिक आधार तैयार कर देती है। इसके लिए ऑटोमेशन एक अच्छा तरीका है। उदाहरण के लिए आप SIP, PPF या रिकरिंग डिपॉजिट में ऑटो ट्रांसफर सेट कर सकते हैं। इससे हर महीने बिना सोचे-समझे नियमित बचत होती रहती है। जब आय बढ़ती है तो आमतौर पर खर्च भी बढ़ जाते हैं, इसलिए शुरुआत से ही बचत को प्राथमिकता देना आर्थिक स्थिरता के लिए बहुत जरूरी है।

एक मजबूत इमरजेंसी फंड बनाएं
भारत में अक्सर लोग मुश्किल समय में परिवार या रिश्तेदारों पर निर्भर हो जाते हैं। लेकिन हर बार ऐसा करना आसान नहीं होता और इससे मानसिक तनाव भी बढ़ सकता है। इसलिए हर व्यक्ति के पास अपना एक इमरजेंसी फंड होना चाहिए। आर्थिक विशेषज्ञों के अनुसार कम से कम छह महीने के जरूरी खर्च के बराबर राशि अलग रखनी चाहिए। इस पैसे को ऐसी जगह रखें जहां से जरूरत पड़ने पर तुरंत निकाला जा सके, जैसे बचत खाता, स्वीप-इन अकाउंट या लिक्विड म्यूचुअल फंड। अचानक मेडिकल इमरजेंसी, नौकरी का जाना या बिजनेस में नुकसान जैसी स्थितियां कभी भी आ सकती हैं। ऐसे समय में इमरजेंसी फंड आपको अपने निवेश तोड़ने से बचाता है और आर्थिक दबाव कम करता है।
अपनी आय से कम खर्च करने की आदत डालें
आज के समय में शहरों की जिंदगी काफी हद तक EMI पर चलने लगी है। घर, कार, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक सामान और यहां तक कि छुट्टियां भी अक्सर कर्ज लेकर खरीदी जाती हैं। आसान लोन सुविधाएं लोगों को ज्यादा खर्च करने के लिए प्रेरित करती हैं, लेकिन लंबे समय में यह आर्थिक दबाव बढ़ा सकती हैं।वित्तीय स्थिरता तब बनती है जब आपके जरूरी खर्च आपकी आय से काफी कम हों। यदि आपकी आय का 50 से 60 प्रतिशत हिस्सा ही जरूरी खर्चों में चला जाए तो आपके पास बचत और निवेश के लिए पर्याप्त जगह बचती है। कई बार छोटी-छोटी समझदारी भरे फैसले जैसे थोड़ा सस्ता घर चुनना, कार खरीदने में जल्दबाजी न करना या जरूरत के अनुसार खर्च करना भविष्य में आर्थिक सुरक्षा बनाए रखने में मदद करते हैं।

नियमित निवेश करें, भावनाओं के आधार पर नहीं
शेयर बाजार हमेशा ऊपर ही नहीं जाता। इसमें उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। भारत में भी कई बार बाजार तेजी से ऊपर गया है और कई बार बड़ी गिरावट भी देखी गई है। समझदार निवेशक बाजार की खबरों या अफवाहों के आधार पर फैसले नहीं लेते। वे नियमित रूप से निवेश करते रहते हैं। SIP के जरिए इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश करना एक अनुशासित और सुरक्षित तरीका माना जाता है। इसके साथ ही निवेश में विविधता रखना भी जरूरी है। इक्विटी, डेट और जरूरत के अनुसार सोने में निवेश का संतुलन जोखिम को कम करता है। यहां लक्ष्य बाजार की भविष्यवाणी करना नहीं बल्कि लगातार निवेश करते रहना होता है। अक्सर नियमित निवेश लंबी अवधि में बेहतर परिणाम देता है।
ये भी पढ़ें: क्रिकेटर स्मृति मंधाना को मिला खास सम्मान, महिला दिवस 2026 पर बनी उनकी बार्बी डॉल
पर्याप्त बीमा से अपनी आय की सुरक्षा करें
भारत में बहुत से लोग बीमा को निवेश का साधन मानते हैं, लेकिन वास्तव में बीमा का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा प्रदान करना होता है। टर्म इंश्योरेंस परिवार को उस स्थिति में आर्थिक सुरक्षा देता है जब कमाने वाले व्यक्ति के साथ कोई अनहोनी हो जाए। इसके अलावा स्वास्थ्य बीमा भी बेहद जरूरी है। भले ही आपको कंपनी की ओर से हेल्थ कवर मिलता हो, फिर भी अतिरिक्त पॉलिसी रखना समझदारी भरा कदम हो सकता है। भारत में मेडिकल खर्च तेजी से बढ़ रहे हैं। एक बार अस्पताल में भर्ती होने से कई सालों की बचत खत्म हो सकती है। इसलिए बीमा आपकी संपत्ति नहीं बढ़ाता, लेकिन आपकी जमा पूंजी को सुरक्षित जरूर रखता है।

ज्यादा ब्याज वाले कर्ज से दूर रहें
क्रेडिट कार्ड और पर्सनल लोन पर ब्याज दरें काफी ज्यादा होती हैं। अगर हर महीने पूरा भुगतान नहीं किया जाता और बकाया राशि आगे बढ़ती रहती है, तो चक्रवृद्धि ब्याज कर्ज को तेजी से बढ़ा देता है। आर्थिक रूप से अनुशासित लोग क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल तो करते हैं, लेकिन हर महीने पूरा भुगतान समय पर कर देते हैं। वे सिर्फ जरूरी जरूरतों के लिए ही कर्ज लेते हैं और अनावश्यक खर्च के लिए उधार लेने से बचते हैं। यदि आपके ऊपर ज्यादा ब्याज वाला कर्ज है, तो निवेश शुरू करने से पहले उसे चुकाना बेहतर होता है। ऐसा करने से आपकी आर्थिक स्थिति ज्यादा मजबूत बनती है।
समय-समय पर अपनी वित्तीय स्थिति की समीक्षा करें
कई लोग वित्तीय लक्ष्य तो तय कर लेते हैं, लेकिन बाद में उन्हें भूल जाते हैं। जबकि हर तीन से चार महीने में अपनी आर्थिक स्थिति की समीक्षा करना बहुत जरूरी होता है। आपको देखना चाहिए कि आपकी आय में कोई बदलाव आया है या नहीं, आपके निवेश सही दिशा में बढ़ रहे हैं या नहीं और आपके बीमा कवर तथा नॉमिनेशन सही हैं या नहीं। जीवन के साथ परिस्थितियां भी बदलती रहती हैं जैसे शादी, बच्चों की पढ़ाई या नई जिम्मेदारियां। इसलिए आपकी वित्तीय योजना भी समय के साथ अपडेट होती रहनी चाहिए। भारत में आज निवेश के अवसर पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गए हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म और आसान निवेश विकल्पों ने संपत्ति बनाने के रास्ते खोले हैं। लेकिन इसके साथ आर्थिक अस्थिरता, बढ़ती जीवन लागत और नौकरी की अनिश्चितता भी मौजूद है। ऐसे में लंबे समय तक आर्थिक रूप से सुरक्षित रहने के लिए जटिल रणनीतियों की जरूरत नहीं होती। इसके लिए सिर्फ कुछ मजबूत वित्तीय आदतें अपनाने की जरूरत होती है जैसे नियमित बचत, अनुशासित निवेश, पर्याप्त बीमा, कर्ज से बचाव और समय-समय पर वित्तीय समीक्षा।
ये आदतें भले ही साधारण लगें, लेकिन अगर इन्हें लगातार कई सालों तक अपनाया जाए तो यही आदतें आपको एक ऐसी आर्थिक स्वतंत्रता देती हैं, जिसमें आप बिना डर के फैसले ले सकते हैं और अपने परिवार के साथ सुरक्षित भविष्य की योजना बना सकते हैं।