05 DECFRIDAY2025 3:48:24 PM
Nari

भारत में भारी बारिश का कहर: बाढ़ और भूस्खलन से 32 लोगों की मौत

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 01 Jun, 2025 04:53 PM
भारत में भारी बारिश का कहर: बाढ़ और भूस्खलन से 32 लोगों की मौत

नारी डेस्क: पूर्वोत्तर भारत के छह राज्यों—असम, मेघालय, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड और मणिपुर—में लगातार हो रही भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण पिछले 24 घंटों में हुई मूसलधार बारिश के चलते भूस्खलन, बाढ़ और अन्य दुर्घटनाओं में कम से कम 32 लोगों की जान चली गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस क्षेत्र में मानसून समय से पहले आ गया है, जिसके कारण यह संकट खड़ा हुआ है।

असम में सबसे ज्यादा नुकसान, 9 की मौत

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, राज्य के 12 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। गुवाहाटी में भूस्खलन से 5 लोगों की मौत हुई, जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं। गोलघाट जिले में मां-बेटी की मौत हो गई। लखीमपुर में रंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से दो लोगों की जान गई। मालीगांव और दत्तालपारा में घर बहने से दो और लोगों की मौत हो गई।

PunjabKesari

अरुणाचल प्रदेश: भूस्खलन में बह गई गाड़ी, 7 की मौत

ईस्ट कामेंग जिले में एक कार भूस्खलन की चपेट में आकर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें दो परिवारों के सात लोगों की मौके पर मौत हो गई। लोअर सुबनसिरी जिले में एक और हादसे में दो मजदूरों की जान चली गई।

मेघालय: भूस्खलन, बिजली गिरने से 7 की मौत

मेघालय में पिछले 24 घंटों में 7 लोगों की मौत हुई है, जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं। दुनिया के सबसे अधिक बारिश वाले क्षेत्रों में शामिल चेरापूंजी और मासिनराम में एक दिन में 47 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो मई महीने में अब तक की सबसे ज्यादा बारिश मानी जा रही है।

ये भी पढ़ें: ममता कुलकर्णी की एंट्री, खुद को मां भगवती का अंश बताकर कहा- 'मुझे धरती पर कुछ खास करने के लिए भेजा'

मिजोरम: होटल ढहने से 6 की मौत, म्यांमार के नागरिक भी शामिल

राजधानी आइजोल के पास सैरांग गांव में भूस्खलन की वजह से एक होटल गिर गया, जिसमें तीन म्यांमार नागरिकों सहित छह लोगों की जान चली गई। त्लावंग नदी में आई बाढ़ के कारण कई परिवारों को ऊंचे स्थानों पर शरण लेनी पड़ी।

PunjabKesari

नगालैंड और मणिपुर में भी तबाही

नगालैंड के चुमौकेदिमा जिले में भूस्खलन की चपेट में आकर एक चट्टान डंपर से टकरा गई, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। मणिपुर में भी कुछ इलाकों में भारी बारिश और जलभराव से जनजीवन प्रभावित हुआ है, हालांकि अभी तक किसी मौत की पुष्टि नहीं हुई है।

प्रशासन अलर्ट, राहत कार्य जारी

सरकारी एजेंसियों ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि अगले 24 घंटों में बारिश की तीव्रता कुछ कम हो सकती है, लेकिन लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।  

Related News