नारी डेस्क: डायबिटीज के कई मरीजों की यह आम शिकायत होती है कि वे मीठा बिल्कुल नहीं खाते, खाने-पीने में पूरा परहेज़ करते हैं और रात का खाना भी हल्का लेते हैं, फिर भी सुबह उठते ही ब्लड शुगर लेवल बढ़ा हुआ मिलता है। ऐसे में चिंता होना स्वाभाविक है। लेकिन एक्सपर्ट्स के अनुसार, सुबह शुगर हाई होने की एक बड़ी वजह डॉन फेनोमेना हो सकती है। अच्छी बात यह है कि अगर आप इस वजह को समझ लें, तो शुगर को बेहतर तरीके से कंट्रोल किया जा सकता है।
क्या है डॉन फेनोमेना?
दिल्ली के जीटीबी हॉस्पिटल के मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञ ताते हैं कि डॉन फेनोमेना कोई बीमारी नहीं, बल्कि शरीर में होने वाली एक प्राकृतिक हार्मोनल प्रक्रिया है। आमतौर पर सुबह 4 बजे से 8 बजे के बीच शरीर में कुछ हार्मोन जैसे कॉर्टिसोल, ग्लूकागन और एड्रेनालिन तेजी से बढ़ने लगते हैं। ये हार्मोन लिवर को ज्यादा ग्लूकोज रिलीज करने का संकेत देते हैं, ताकि शरीर को सुबह उठने और दिन की शुरुआत करने के लिए ऊर्जा मिल सके। लेकिन डायबिटीज मरीजों में इंसुलिन ठीक से काम नहीं करता, जिसके कारण यह अतिरिक्त ग्लूकोज ब्लड में जमा हो जाता है और सुबह का शुगर लेवल बढ़ जाता है।

सुबह शुगर बढ़ने की यही हो सकती है असली वजह
अगर आपकी रात की डाइट सही है, दवाइयां भी नियमित ले रहे हैं और फिर भी सुबह शुगर हाई आ रही है, तो इसका मतलब यह नहीं कि आप कुछ गलत कर रहे हैं। कई बार यह शरीर की प्राकृतिक प्रतिक्रिया होती है, जो डायबिटीज मरीजों में ज्यादा असर दिखाती है।
कैसे पहचानें कि यह डॉन फेनोमेना है?
डॉन फेनोमेना की पहचान करने के लिए कुछ बातों पर ध्यान देना जरूरी है रात 3 से 4 बजे के बीच ब्लड शुगर चेक करें। सुबह उठते ही फास्टिंग शुगर की जांच करें। अगर रात में शुगर नॉर्मल है, लेकिन सुबह 7–8 बजे के बीच शुगर ज्यादा मिलती है, तो डॉन फेनोमेना की संभावना अधिक होती है
डॉन फेनोमेना में क्या करें? अपनाएं ये आसान उपाय
डॉन फेनोमेना की वजह से बढ़ रही शुगर को कंट्रोल करने के लिए कुछ लाइफस्टाइल बदलाव काफी मददगार हो सकते हैं रात का खाना बिल्कुल न छोड़ें, बल्कि हल्की और संतुलित मील लें। डिनर में प्रोटीन युक्त फूड जरूर शामिल करें। सुबह शुगर चेक करने से पहले हल्की वॉक या स्ट्रेचिंग करें। सोने और जागने का समय नियमित रखें। दिनभर में कम से कम 7–8 गिलास पानी जरूर पिएं।

सुबह शुगर का बढ़ना हमेशा लापरवाही का नतीजा नहीं होता। कई मामलों में यह डॉन फेनोमेना की वजह से होता है, जो शरीर की प्राकृतिक प्रक्रिया है। सही जानकारी, नियमित दिनचर्या और डॉक्टर की सलाह से इसे आसानी से कंट्रोल किया जा सकता है। अगर सुबह की शुगर लगातार ज्यादा बनी रहे, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।